दिलजीत दोसांझ के मैनेजर के घर पर फायरिंग, लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी

दिलजीत दोसांझ के मैनेजर के घर पर फायरिंग, लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी

हरियाणा के गोंदर गांव में पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के मैनेजर गुरप्रताप कांग के आवास पर गोलीबारी की घटना सामने आई है। इस वारदात की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े टायसन बिश्नोई और आरजू बिश्नोई ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए ली है।

पोस्ट में दावा किया गया है कि इस हमले में “ऑस्ट्रिया मेड बर्स्ट” हथियारों का इस्तेमाल करवाया गया। गैंग की ओर से लगाए गए आरोपों में कहा गया है कि गुरप्रताप कांग ने दिलजीत दोसांझ के शो से जुड़ी गतिविधियों के दौरान कुछ लड़कियों के साथ गलत व्यवहार किया। साथ ही यह भी आरोप लगाया गया कि ऑस्ट्रेलिया टूर के दौरान एक लड़की को दिलजीत के नाम पर झांसा देकर गर्भवती किया गया और बाद में उसे ब्लॉक कर दिया गया।

यह भी दावा किया गया है कि इस पूरे मामले को लेकर पहले भी कई बार मैसेज भेजकर टीम से जुड़े लोगों को हटाने की मांग की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। पोस्ट में चेतावनी देते हुए कहा गया है कि यह तीसरी और आखिरी चेतावनी है, आगे किसी तरह की नरमी नहीं बरती जाएगी। साथ ही धमकी दी गई है कि अगर कार्रवाई नहीं हुई तो संबंधित लोगों के नाम सार्वजनिक किए जाएंगे और परिणाम भुगतने होंगे।

गैंग ने यह भी कहा कि दिलजीत दोसांझ देश का ग्लोबल चेहरा हैं, इसलिए उनसे अपेक्षा है कि वे इस मामले में सुधारात्मक कदम उठाएं।