ओटीटी प्लेटफॉर्म अमेजन प्राइम वीडियो एक नई दमदार सीरीज लेकर आ रहा है, जिसका नाम ‘मेड In इंडिया: अ टाइटन स्टोरी’ है। इस शो का ट्रेलर रिलीज होते ही दर्शकों के बीच चर्चा तेज हो गई है। सीरीज में अभिनेता जिम सार्भ मशहूर उद्योगपति और टाइटन के पूर्व मैनेजिंग डायरेक्टर जरक्सीज देसाई की भूमिका निभाते नजर आएंगे।
वहीं दिग्गज अभिनेता नसीरुद्दीन शाह इस शो में टाटा ग्रुप के पूर्व चेयरमैन जेआरडी टाटा का किरदार निभा रहे हैं। यह सीरीज भारत में एक बड़े भारतीय ब्रांड के खड़े होने और देश में आत्मनिर्भर सोच के उभरने की कहानी को दिखाती है। 6 एपिसोड की इस ड्रामा सीरीज को 3 जून से अमेजन प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम किया जाएगा। इसकी कहानी लेखक विनय कामथ की किताब ‘टाइटन: इंडिया’s मोस्ट सक्सेसफुल कंज्यूमर ब्रांड’ से प्रेरित बताई जा रही है।
ट्रेलर में उस दौर की झलक देखने को मिलती है जब भारत बदलाव के समय से गुजर रहा था। कहानी यह दिखाती है कि कैसे एक छोटे से विजन ने भारतीय प्रोडक्ट्स को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया। सीरीज में यह भी दिखाया जाएगा कि भारत सिर्फ विदेशी ब्रांड्स पर निर्भर नहीं, बल्कि खुद भी विश्वस्तरीय प्रोडक्ट बना सकता है।
जिम सार्भ और नसीरुद्दीन शाह के अलावा इस शो में नमिता दुबे, लक्ष्यवीर सरण, कावेरी सेठ और वैभव जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। जिम सार्भ इससे पहले ‘रॉकेट बॉयज’ में होमी जहांगीर भाभा का किरदार निभाकर काफी सराहना बटोर चुके हैं।
ट्रेलर रिलीज के बाद सोशल मीडिया पर दर्शकों का उत्साह साफ नजर आ रहा है और अब फैंस को इसके प्रीमियर का इंतजार है।




