90 के दशक में पाकिस्तानी अभिनेत्री अनीता अयूब ने हिंदी सिनेमा में अपनी पहचान फिल्म प्यार का तराना से बनाई थी। इस फिल्म का निर्देशन दिग्गज अभिनेता और फिल्ममेकर देव आनंद ने किया था। इसके बाद दोनों फिल्म गैंगस्टर में भी साथ दिखाई दिए, जिसके चलते उस दौर में उनके रिश्ते को लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई थीं।
अब सोशल मीडिया पर अनीता अयूब का एक पुराना इंटरव्यू तेजी से वायरल हो रहा है। इस बातचीत में उन्होंने देव आनंद के साथ अपने संबंधों पर खुलकर बात की थी। इंटरव्यू के दौरान जब उनसे दोनों की नजदीकियों को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि उनका रिश्ता सिर्फ एक दायरे तक सीमित नहीं था।
अनीता ने बताया था कि देव आनंद उनके लिए कभी दोस्त जैसे थे, कभी बड़े भाई, तो कभी पिता की तरह। उन्होंने यहां तक कहा कि वह उन्हें हर रूप में अपने बेहद करीब मानती थीं। अभिनेत्री के मुताबिक, लंबे समय तक साथ रहने और लगातार वक्त बिताने से दोनों एक-दूसरे को अच्छी तरह समझने लगे थे।
उन्होंने डेनमार्क में बिताए दिनों का जिक्र करते हुए कहा था कि वे कई हफ्तों तक एक ही बिल्डिंग में रहे। देव आनंद ऊपर की मंजिल पर रहते थे, जबकि वह नीचे रहती थीं। रोज मिलना, साथ वक्त बिताना और लगातार बातचीत करना उनके रिश्ते को और मजबूत बनाता गया।
देव आनंद भारतीय सिनेमा के उन कलाकारों में गिने जाते हैं, जिन्होंने अभिनय के साथ-साथ निर्देशन में भी अपनी अलग पहचान बनाई। अपने लंबे फिल्मी करियर में उन्होंने 100 से अधिक फिल्मों में काम किया और कई नए कलाकारों को इंडस्ट्री में मौका दिया। साल 2011 में उनका निधन हो गया था, लेकिन आज भी उनका नाम हिंदी सिनेमा के सबसे सम्मानित कलाकारों में शामिल है।




