‘कांतारा’ और ‘केजीएफ’ जैसी सुपरहिट फिल्मों के लिए मशहूर होम्बले फिल्म्स अब एक बिल्कुल अलग विषय के साथ दर्शकों के सामने आने वाली है। इस बार प्रोडक्शन हाउस ने पौराणिक या एक्शन ड्रामा से हटकर युवाओं की जिंदगी, उनके सपनों और संघर्षों को केंद्र में रखने का फैसला किया है।
होम्बले फिल्म्स ने अपनी नई मराठी फिल्म ‘येतो का नाय – पहला वार’ की घोषणा कर दी है। फिल्म की पहली झलक जारी करते हुए निर्माताओं ने इसे दोस्ती, प्रतिस्पर्धा और सपनों की तलाश की कहानी बताया है, जो मुंबई की गलियों से निकलकर बड़े सपनों तक पहुंचने का सफर दिखाएगी।
यह म्यूजिकल ड्रामा मुंबई की अंडरग्राउंड म्यूजिक और हिप-हॉप संस्कृति की पृष्ठभूमि पर आधारित है। कहानी में दोस्ती, प्यार, पहचान और महत्वाकांक्षा जैसे भावनात्मक पहलुओं को प्रमुखता से दिखाया जाएगा। खास बात यह है कि यह होम्बले फिल्म्स की पहली मराठी फिल्म होगी।
फिल्म का निर्देशन सारंग संजीव सठाए कर रहे हैं। होम्बले फिल्म्स के को-फाउंडर चालुवे गौड़ा का कहना है कि उनकी कोशिश हमेशा ऐसी कहानियां पेश करने की रही है जो बदलते भारत और नई पीढ़ी की सोच को दर्शाएं। उनके मुताबिक, ‘येतो का नाय – पहला वार’ संगीत और आत्म-अभिव्यक्ति के माध्यम से Gen Z से सीधे जुड़ने का प्रयास करेगी।
निर्माताओं का मानना है कि हिप-हॉप की दुनिया इस कहानी को एक अलग पहचान देती है, जिससे फिल्म मनोरंजन के साथ-साथ भावनात्मक जुड़ाव भी पैदा करेगी। हालांकि, फिल्म की रिलीज डेट को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।




