आज IPL फाइनल का महामुकाबला, RCB-GT की टक्कर से अहमदाबाद में बढ़ी रौनक, होटल-फ्लाइट हुए महंगे

आज IPL फाइनल का महामुकाबला, RCB-GT की टक्कर से अहमदाबाद में बढ़ी रौनक, होटल-फ्लाइट हुए महंगे

IPL 2026 के फाइनल मुकाबले ने अहमदाबाद की अर्थव्यवस्था में नई जान फूंक दी है। रविवार शाम होने वाले खिताबी मैच से पहले शहर में होटल, ट्रैवल और पर्यटन कारोबार में भारी तेजी देखने को मिल रही है। फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस आमने-सामने होंगी, जिसके चलते देशभर से क्रिकेट प्रेमी अहमदाबाद पहुंच रहे हैं।

मैच के उत्साह का सबसे बड़ा असर हवाई यात्रा पर पड़ा है। अहमदाबाद आने वाली कई फ्लाइट्स के किराए सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना बढ़ गए हैं। कुछ रूट्स पर टिकटों की कीमतें ₹17,000 से लेकर ₹35,000 तक पहुंच गई हैं। ट्रेन और बसों में भी यात्रियों की संख्या तेजी से बढ़ी है।

शहर के प्रमुख इलाकों मोटेरा, एसजी हाईवे, चांदखेड़ा और गांधीनगर में स्थित होटल लगभग फुल हो चुके हैं। कई प्रीमियम होटलों में एक रात ठहरने का किराया ₹25,000 से ₹36,000 तक पहुंच गया है, जबकि सामान्य दिनों में यही कमरे ₹8,000 से ₹10,000 के बीच मिल जाते थे।

होटल एवं रेस्टोरेंट क्षेत्र से जुड़े कारोबारियों का मानना है कि फाइनल मुकाबले के कारण सिर्फ दो दिनों में होटल इंडस्ट्री को ₹150 करोड़ से ₹200 करोड़ तक का अतिरिक्त कारोबार मिल सकता है। आमतौर पर मई के आखिरी सप्ताह को ऑफ-सीजन माना जाता है, लेकिन IPL फाइनल ने इस ट्रेंड को पूरी तरह बदल दिया है।

अहमदाबाद में फिलहाल करीब 20,000 होटल कमरे उपलब्ध हैं और अनुमान लगाया जा रहा है कि मैच वाले सप्ताहांत में अधिकांश कमरे बुक हो जाएंगे। शहर में मौजूद करीब 200 थ्री-स्टार और फाइव-स्टार होटल इस मांग का लाभ उठा रहे हैं।

होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष नरेंद्र सोमानी के अनुसार, बड़े खेल आयोजनों ने अहमदाबाद को एक प्रमुख स्पोर्ट्स डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित किया है। उनका कहना है कि फाइनल मुकाबला सिर्फ होटल व्यवसाय ही नहीं, बल्कि स्थानीय पर्यटन, परिवहन और छोटे व्यापारियों के लिए भी कमाई का बड़ा अवसर लेकर आया है।

विशेषज्ञों का मानना है कि भविष्य में राष्ट्रमंडल खेलों और ओलंपिक जैसे संभावित आयोजनों को देखते हुए शहर में नए होटल और हॉस्पिटैलिटी प्रोजेक्ट्स की संख्या बढ़ सकती है। कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय होटल ब्रांड पहले ही अहमदाबाद में विस्तार की योजनाओं पर काम कर रहे हैं।

IPL फाइनल के कारण अस्थायी रोजगार के अवसर भी बढ़े हैं। होटल, कैब सेवा, खानपान और आयोजन प्रबंधन से जुड़े हजारों लोगों को इस दौरान अतिरिक्त काम मिलने की उम्मीद है। यही वजह है कि यह मुकाबला केवल क्रिकेट का महाकुंभ नहीं, बल्कि अहमदाबाद के लिए एक बड़े आर्थिक आयोजन के रूप में भी देखा जा रहा है।