दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन को प्रशासन से अनुमति मिलने के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने अपने समर्थकों को बड़ी जानकारी दी है। संगठन की ओर से सोशल मीडिया पर संदेश जारी कर लोगों से सीधे प्रदर्शन स्थल पर पहुंचने का आग्रह किया गया है। इसी के साथ राजधानी में सुरक्षा एजेंसियां भी पूरी तरह सतर्क हो गई हैं।
प्रदर्शन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करने के लिए दिल्ली पुलिस ने कई अहम स्थानों पर अतिरिक्त जवानों की तैनाती की है। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, प्रमुख रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों और दिल्ली की सीमाओं पर निगरानी बढ़ा दी गई है। आने-जाने वाले वाहनों की जांच भी पहले से अधिक सख्ती के साथ की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए नई दिल्ली जिले समेत कई संवेदनशील इलाकों में एक हजार से ज्यादा पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। पुलिस और खुफिया एजेंसियां लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं तथा विभिन्न सुरक्षा इकाइयों के साथ समन्वय कर रही हैं।
इस बीच सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके भी दिल्ली पहुंच चुके हैं। उन्होंने पहले अपने समर्थकों से एयरपोर्ट पर स्वागत के लिए आने की अपील की थी, लेकिन बाद में संदेश जारी कर कहा कि सभी लोग सीधे जंतर-मंतर पहुंचें। संगठन का कहना है कि प्रदर्शन को लेकर सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं।
परमिशन मिलने के बाद पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा, “कॉकरोच आ रहे हैं, धर्मेंद्र प्रधान जा रहे हैं।” इसके साथ ही समर्थकों से बड़ी संख्या में प्रदर्शन में शामिल होने की अपील भी की गई।
दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने शुक्रवार को सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की। आईजीआई एयरपोर्ट क्षेत्र के अधिकारियों ने मौके पर जाकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और फील्ड स्टाफ को जरूरी निर्देश दिए। एयरपोर्ट परिसर के बाहर अतिरिक्त बैरिकेडिंग की गई है, जबकि मध्य दिल्ली की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर भी सुरक्षा जांच तेज कर दी गई है।
अधिकारियों का कहना है कि राजधानी में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम लोगों की आवाजाही को प्रभावित होने से बचाने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। साथ ही ऐसी किसी भी गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है, जिससे सार्वजनिक व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका हो।



