जंतर-मंतर पर CJP का बड़ा जुटान, अभिजीत दीपके ने संभाला मोर्चा, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की उठी मांग

जंतर-मंतर पर CJP का बड़ा जुटान, अभिजीत दीपके ने संभाला मोर्चा, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की उठी मांग

दिल्ली के जंतर-मंतर पर शनिवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के बैनर तले बड़ी संख्या में छात्र, अभिभावक और युवा एकत्र हुए। संगठन ने देश की विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं और भर्ती प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला है। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग करते हुए जोरदार नारेबाजी की।

पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके सुबह राजधानी पहुंचे और सीधे प्रदर्शन स्थल का रुख किया। उन्होंने समर्थकों से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने की अपील करते हुए कहा कि आंदोलन लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक दायरे में रहकर चलाया जाएगा। प्रदर्शन में शामिल लोगों से किताब और तिरंगा साथ लाने का भी आग्रह किया गया था।

CJP का आरोप है कि NEET, CUET, CBSE और SSC GD जैसी परीक्षाओं में सामने आए विवादों ने लाखों युवाओं के भविष्य को प्रभावित किया है। संगठन का कहना है कि इन मुद्दों पर जवाबदेही तय होनी चाहिए और संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी लेनी चाहिए।

प्रदर्शन शुरू होने से पहले ही जंतर-मंतर पर लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। कई प्रतिभागी प्रतीकात्मक रूप से कॉकरोच मास्क पहनकर पहुंचे, जबकि कुछ लोग हाथों में फूल और तख्तियां लिए नजर आए। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे शिक्षा और भर्ती व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग कर रहे हैं।

इस बीच सोशल मीडिया पर सक्रिय CJP ने दावा किया कि देशभर से हजारों समर्थक आंदोलन के समर्थन में पहुंचे हैं। पार्टी ने यह भी कहा कि शिक्षा मंत्रालय की कथित विफलताओं के खिलाफ युवाओं की आवाज को दबाया नहीं जा सकता।

वहीं, बीजेपी नेताओं द्वारा लगाए गए उन आरोपों को भी CJP ने खारिज कर दिया, जिनमें पार्टी के सोशल मीडिया फॉलोअर्स को लेकर सवाल उठाए गए थे। संगठन का दावा है कि उसके अधिकांश समर्थक भारत से हैं और युवाओं की आवाज को गलत तरीके से पेश करने की कोशिश की जा रही है।

कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए हैं। पार्टी की ओर से भी समर्थकों को किसी भी तरह की हिंसा या अव्यवस्था से दूर रहने की सलाह दी गई है।