मुंबई में बुधवार को बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा और उनके बेटे यशवर्धन आहूजा को फैमिली कोर्ट के बाहर देखा गया। दोनों को एक साथ देखकर वहां मौजूद पैपराजी ने उनसे कोर्ट पहुंचने की वजह और अंदर हुई कार्रवाई के बारे में सवाल पूछने की कोशिश की। हालांकि, सुनीता ने इस बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी। उनके बेटे यशवर्धन भी अपनी मां को मीडिया कैमरों से बचाते हुए सीधे कार तक लेकर गए।
कोर्ट से बाहर निकलते समय जब पैपराजी ने यशवर्धन से पूछा कि अंदर क्या हुआ, तो उन्होंने संक्षिप्त जवाब देते हुए कहा, “कुछ नहीं हुआ। जाने दीजिए।” इसके बाद वह अपनी मां के साथ कार की तरफ बढ़ गए। यशवर्धन लगातार इस बात का ध्यान रखते नजर आए कि उनकी मां कैमरों की नजर से दूर रहें।
कार में बैठने से पहले सुनीता भी थोड़ी नाराज दिखाई दीं। उन्होंने पैपराजी के सवालों के बीच कहा, “बर्थडे मनाने गए थे।” इसके बाद वह बिना किसी और सवाल का जवाब दिए कार में बैठकर वहां से रवाना हो गईं। फैमिली कोर्ट में उनकी मौजूदगी को लेकर अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि बुधवार को दोनों किस सिलसिले में वहां पहुंचे थे और अदालत में क्या प्रक्रिया हुई।
मामला इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि पिछले कुछ समय से गोविंदा और सुनीता आहूजा के रिश्ते को लेकर लगातार खबरें सामने आती रही हैं। दोनों की शादी को कई दशक हो चुके हैं, लेकिन हाल के महीनों में दोनों के बीच मतभेद और सार्वजनिक बयानबाजी ने काफी सुर्खियां बटोरी हैं।
तलाक की खबरों से पहले ही चर्चा में आ चुका है रिश्ता
गोविंदा और सुनीता आहूजा की शादी साल 1987 में हुई थी। उस समय गोविंदा फिल्म इंडस्ट्री में तेजी से अपनी पहचान बना रहे थे। दोनों ने शुरुआत में अपनी शादी को सार्वजनिक नहीं किया था। बताया जाता है कि गोविंदा के करियर पर किसी तरह का असर न पड़े, इसलिए करीब दो साल तक उनकी शादी की बात लोगों से छिपाकर रखी गई थी।
बाद में बेटी टीना आहूजा के जन्म के बाद दोनों ने अपनी शादी को सार्वजनिक किया। इसके बाद उनके परिवार में बेटे यशवर्धन आहूजा का भी जन्म हुआ। लंबे समय तक गोविंदा और सुनीता को बॉलीवुड के चर्चित कपल्स में गिना जाता रहा। दोनों कई मौकों पर साथ भी नजर आते रहे हैं।
हालांकि, दिसंबर 2024 में सुनीता की ओर से बांद्रा फैमिली कोर्ट में तलाक की अर्जी दाखिल किए जाने की खबर सामने आई थी। बाद में इस मामले को लेकर कई रिपोर्ट्स प्रकाशित हुईं। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि तलाक की याचिका में हिंदू मैरिज एक्ट, 1955 की धारा 13 (1) (i), (ia), (ib) के तहत आरोप लगाए गए थे। इनमें क्रूरता, बेवफाई और परित्याग जैसे आरोपों का जिक्र किया गया था।
हालिया घटनाक्रम ने एक बार फिर दोनों के रिश्ते को लेकर चर्चाओं को तेज कर दिया है। हालांकि, बुधवार को फैमिली कोर्ट में उनकी मौजूदगी का मौजूदा वैवाहिक विवाद से सीधा संबंध है या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।
कोमल रानी को लेकर भी हुआ था विवाद
गोविंदा और सुनीता के बीच चल रही सार्वजनिक बयानबाजी में अभिनेता की आने वाली फिल्म ‘रूपा’ की को-एक्ट्रेस कोमल रानी स्वर्णकार का नाम भी सामने आया। हाल ही में गोविंदा को कोमल के साथ देखा गया था। इसके बाद सुनीता ने एक इंटरव्यू में अभिनेता और उनकी को-स्टार को लेकर नाराजगी जाहिर की थी।
सुनीता ने गोविंदा की को-स्टार को लेकर उनकी उम्र और साथ घूमने पर सवाल उठाए थे। उन्होंने यहां तक कहा था कि अभिनेता अपनी बेटी की उम्र की लड़की के साथ घूम रहे हैं और उन्हें इस पर विचार करना चाहिए। सुनीता ने कोमल के पहनावे को लेकर भी टिप्पणी की थी।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा था कि अगर सामने वाला व्यक्ति किसी अमीर ‘शुगर डैडी’ के साथ है तो कम से कम उसे अपने कपड़ों और लुक पर ध्यान देना चाहिए। सुनीता ने इस पूरे घटनाक्रम को खराब और घटिया सोच वाला मामला बताया था। उनका कहना था कि व्यक्ति का अपना एक स्तर और स्टैंडर्ड होना चाहिए और लोगों को अपनी लाइफस्टाइल पर भी ध्यान देना चाहिए।
सुनीता के बयानों पर गोविंदा ने जताई थी नाराजगी
सुनीता के इन बयानों के बाद गोविंदा ने भी खुलकर प्रतिक्रिया दी थी। अभिनेता ने एक वीडियो के जरिए अपनी नाराजगी जाहिर की और पत्नी को अपनी सीमाओं में रहने की सलाह दी थी। उन्होंने यह भी कहा था कि जिस फिल्म में वह काम कर रहे हैं, उससे जुड़ी चीजों में सुनीता को इस तरह दखल नहीं देना चाहिए।
गोविंदा का कहना था कि उन्होंने अपने काम के लिए मेहनत की है और जब वह किसी प्रोजेक्ट का हिस्सा हैं तो उन्हें बदनाम करने की कोशिश नहीं होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा था कि सुनीता पहले उनके साथ अलग-अलग कार्यक्रमों में काम से जुड़ी मौजूदगी चाहती थीं और उनकी सेवाएं लेती थीं, लेकिन अब फिल्म शुरू होने के बाद उनके खिलाफ बयान दे रही हैं।
अभिनेता ने कोमल रानी का बचाव करते हुए कहा था कि अगर कोई साधारण या कम संपन्न परिवार से फिल्म इंडस्ट्री में आता है तो उसे इस तरह सार्वजनिक रूप से अपमानित नहीं किया जाना चाहिए। उनका तर्क था कि किसी व्यक्ति के पास पैसा या शोहरत कम होने का मतलब यह नहीं कि उसे नीचा दिखाया जाए।
गोविंदा ने सुनीता के कुछ कथित बयानों की भाषा पर भी आपत्ति जताई थी। उन्होंने कहा था कि बातचीत में मां-बहन से जुड़ी गालियों का इस्तेमाल करना सही नहीं है और सार्वजनिक जीवन में लोगों को अपनी भाषा का ध्यान रखना चाहिए।
अफेयर्स को लेकर भी सुनीता कर चुकी हैं बात
गोविंदा और सुनीता के रिश्ते में कथित तनाव की चर्चा के बीच अभिनेता के पुराने अफेयर्स की बातें भी सामने आती रही हैं। सुनीता ने एक इंटरव्यू में गोविंदा के कथित रिश्तों को लेकर कहा था कि उनकी जवानी में कई अफेयर्स रहे हैं और उस समय उन्होंने कई बातों को नजरअंदाज किया।
सुनीता के मुताबिक, शादीशुदा जिंदगी में कई चीजों को संभालने के लिए धैर्य की जरूरत होती है। उन्होंने कहा था कि पहले उन्होंने कुछ बातों को इसलिए नजरअंदाज किया क्योंकि उस समय परिस्थितियां अलग थीं, लेकिन अब उम्र के इस पड़ाव पर वह ऐसी बातों को उसी तरह स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं हैं।
इसी बातचीत के दौरान उन्होंने गोविंदा के साथ नजर आईं कोमल रानी के नाम पर भी नाराजगी जताई थी। उन्होंने कहा था कि उन्हें ‘कोमल’ नाम से ही चिढ़ है और अभिनेता से जुड़े इस पूरे मामले ने उन्हें परेशान किया है।
‘लॉक अप 2’ में भी निजी जिंदगी पर बोली थीं सुनीता
सुनीता आहूजा हाल ही में रियलिटी शो ‘लॉक अप 2’ में नजर आई थीं। शो के दौरान उन्होंने अपनी निजी जिंदगी और गोविंदा के साथ रिश्ते को लेकर कई बातें साझा की थीं। इसी दौरान उन्होंने अभिनेता के कथित पुराने अफेयर्स का भी जिक्र किया था।
उन्होंने कहा था कि प्यार और शादी में कई परिस्थितियों को सहन करना पड़ता है। सुनीता ने यह भी बताया था कि गोविंदा की जवानी के दौर में उनके कई अफेयर्स की बातें सामने आई थीं, जिन्हें उन्होंने उस समय नजरअंदाज किया था। लेकिन उनका कहना था कि अब वह उन चीजों को पहले की तरह नजरअंदाज नहीं करेंगी।
अब कोर्ट में मौजूदगी ने फिर बढ़ाई अटकलें
बुधवार को फैमिली कोर्ट के बाहर सुनीता और यशवर्धन की मौजूदगी के बाद एक बार फिर गोविंदा और सुनीता के रिश्ते को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि, कोर्ट पहुंचने के वास्तविक कारण को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
गोविंदा के मैनेजर से जब इस मामले में जानकारी मांगी गई तो उन्होंने कहा कि उन्हें फिलहाल इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है। ऐसे में कोर्ट में बुधवार को किस मामले की सुनवाई या प्रक्रिया हुई, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।
फिलहाल इतना जरूर है कि सुनीता और गोविंदा के बीच पिछले कुछ समय से सामने आ रही सार्वजनिक बयानबाजी ने उनके रिश्ते को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं, बुधवार को यशवर्धन का अपनी मां को मीडिया से दूर रखते हुए कार तक ले जाना भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया। आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि फैमिली कोर्ट में दोनों की मौजूदगी के पीछे असल वजह क्या थी।




