हरियाणा कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मन टटोल रहे जितेंद्र बघेल:कल गुरुग्राम में करेंगे समीक्षा बैठक, संगठन में NSUI- यूथ कांग्रेस बैकग्राउंड को प्राथमिकता

हरियाणा कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मन टटोल रहे जितेंद्र बघेल:कल गुरुग्राम में करेंगे समीक्षा बैठक, संगठन में NSUI- यूथ कांग्रेस बैकग्राउंड को प्राथमिकता हरियाणा में कांग्रेस ने नया संगठन खड़ा करने की कवायद चल रही है। प्रदेश प्रभारी बीके हरिप्रसाद और सह प्रभारी जितेंद्र बघेल दक्षिण हरियाणा के कार्यकर्ताओं का मन टटोल रहे हैं। सह प्रभारी जितेंद्र बघेल रविवार को फरीदाबाद और सोमवार को गुरुग्राम में नगर निकाय चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों, ज़िला प्रभारी, सह प्रभारी, संयोजकों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। इस समीक्षा बैठक के जरिए कांग्रेस की मजबूती के लिए संगठन गठित करने की प्राथमिकता होगी। खास बात ये है कि नए संगठन में छोटे कार्यकर्ताओं और नए चेहरों को मौका देने की प्लानिंग पर काम किया जा रहा है। प्रदेश में संगठन बनाने के लिए सबसे पहले जिलाध्यक्षों की नियुक्ति की जा सकती है। इसके बाद दूसरे स्तर पर नियुक्तियां होगी। बता दें कि, चार दिन पहले दिल्ली के कोटला रोड स्थित इंदिरा भवन में प्रदेश प्रभारी बीके हरिप्रसाद के नेतृत्व में हरियाणा प्रदेश कांग्रेस की स्टीयरिंग कमेटी की बैठक भी हुई थी। जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा, कुमारी सैलजा, रणदीप सुरजेवाला, प्रदेशाध्यक्ष उदयभान, बीरेंद्र सिंह समेत प्रदेश के सभी वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के साथ संगठन को मज़बूत करने पर चर्चा की गई थी। इस बैठक के बाद नया संगठन खड़ा करने की कवायद तेज की गई है। एनएसयूआई और संगठन का बैकग्राउंड जरूरी
भास्कर से बातचीत में प्रदेश सह प्रभारी जितेंद्र बघेल ने बताया कि प्रदेश में नया संगठन बनाने का कार्य शुरू किया जा चुका है। संगठन बनाने में गुटबाजी का कोई स्थान नहीं है और न ही हरियाणा में कोई गुट है। सबसे बड़ी बात तो ये है कि वो कांग्रेस संगठन से जुड़ा हुआ हो, वह एनएसयूआई या यूथ कांग्रेस बैकग्राउंड का हो और कांग्रेस विचारधारा का व्यक्ति होगा, उसे जिम्मेदारी दी जाएगी। संगठन के हिसाब से लड़ा निकाय चुनाव
इस बार कांग्रेस ने सिंबल पर चुनाव लड़ा है। यह चुनाव पार्टी संगठन के हिसाब से लड़ा गया। हमने छह-छह कंवीनर बनाए और वार्ड प्रभारी बनाए गए। अब इसमें से छंटनी की जाएगी, जो अच्छा काम करेंगे आगे बढ़ेंगे, जो नहीं कर पाएं उनकी जगह दूसरे लोग आ जाएंगी।
पार्टी विरोधियों को जगह नहीं मिलेगी
यह तय है कि पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल रहे लोगों को नए संगठन में कोई जगह नहीं मिलेगी। निकाय चुनाव में आठ-दस लोग निकाले भी हैं। गुरुग्राम में भी दो लोग निकाले, जिन्होंने एंटी पार्टी एक्टिविटीज की और निर्दलीय खड़े हुए। कुछ तो पार्टी का सिंबल लेने के बाद भी पीछे हटे। गुटबाजी पर बोले-भाजपा में ज्यादा गुट
उन्होंने कहा कि हरियाणा में अभी कोई गुट नहीं है। यह विरोधियों के द्वारा बनाई गई बात हैं। कांग्रेस सबको साथ लेकर चलने में विश्वास करती है। कांग्रेस से ज्यादा गुट तो भाजपा में है। कोई खट्‌टर गुट, विज गुट, राव गुट पता ना कितने गुट हैं। अच्छे लोगों को जोड़ना चुनौती
उन्होंने गुटबाजी की चुनौती को नकारते हुए कहा कि राजनीति में कोई चुनौती नहीं होती। हमारी चुनौती सिर्फ अच्छे लोगों को बाहर निकालना है और उन्हें सही जगह पर स्थापित करना है। कांग्रेस का हरियाणा में बड़ा जनाधार है।

पानीपत में सड़क हादसे में 17 वर्षीय युवक की मौत:नशे में मिला एम्बुलेंस ड्राइवर; रिक्शा से ले गए मेडिकल, नहीं बची जान

पानीपत में सड़क हादसे में 17 वर्षीय युवक की मौत:नशे में मिला एम्बुलेंस ड्राइवर; रिक्शा से ले गए मेडिकल, नहीं बची जान पानीपत में एक सड़क हादसे में 17 वर्षीय युवक की मौत हो गई। वह बिजली का काम सीख रहा था। घर लौटते समय उसकी बाइक को पीछे से एक दूसरी बाइक ने टक्कर मार दी थी। उसे घायल हालत में नौल्था सीएचसी में पहुंचाया, लेकिन वहां पर एम्बुलेंस ड्राइवर ने उसे मेडिकल कॉलेज ले जाने से मना कर दिया। आरोप है कि एम्बुलेंस ड्राइवर नशे में था। पुलिस हादसे को लेकर छानबीन कर रही है। जानकारी के अनुसार नौल्था का रहने वाला आदित्य अपने साथी के साथ मोटरसाइकिल पर बीती रात को घर लौट रहा था। वह इन दिनों बिजली वायरिंग आदि का काम सीख रहा था। वह रात को महाराणा से गांव डाहर की तरफ जा रहा था। उसी समय पीछे से आ रही तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। एम्बुलेंस ड्राइवर ने अपने हाल पर छोड़ा रोड पर गिर जाने से आदित्य गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने उसे तुरंत पास के सीएससी नौल्था अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टर नहीं मिला। मौके पर खड़ी एम्बुलेंस के ड्राइवर से एनसी मेडिकल कॉलेज ले जाने की विनती की गई, लेकिन नशे में धुत ड्राइवर ने मदद करने से साफ मना कर दिया। रिक्शा से ले गए, नहीं बची जान काफी वक्त बर्बाद होने के बाद घायल आदित्य को ऑटो रिक्शा से एनसी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के पिता राजेश कुमार ने बताया कि अगर समय पर एम्बुलेंस मिल जाती तो शायद उनके बेटे की जान बच सकती थी।

नकल रोकने के लिए हरियाणा बोर्ड की प्लानिंग:सचिव बोले-फ्लाइंग टीम के जिम्मे 6 परीक्षा केंद्र, हर दिन बदलेगा रूट, केंद्र से फोटो भी भेजे जाएंगे

नकल रोकने के लिए हरियाणा बोर्ड की प्लानिंग:सचिव बोले-फ्लाइंग टीम के जिम्मे 6 परीक्षा केंद्र, हर दिन बदलेगा रूट, केंद्र से फोटो भी भेजे जाएंगे हरियाणा में चल रही बोर्ड (10वीं व 12वीं) की परीक्षाओं को नकल मुक्त बनाने के लिए योजना तैयार की गई है। इसके तहत गठित उड़नदस्तों का रूट प्रतिदिन बदला जाएगा और अलग-अलग होगा। उड़नदस्ते एक ही तय रूट पर नहीं चलेंगे। इसके लिए हर दिन नया रूट बनाया जाएगा। यह रूट भी उसी दिन पता चलेगा। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के सचिव डॉ. मुनीष नागपाल ने बताया कि उड़नदस्तों की संख्या को देखते हुए उन्हें जिम्मेदारी सौंपी गई है कि वे किसी एक केंद्र पर जाकर परीक्षा शुरू करवाएं। इसके साथ ही टीम अपनी फोटो भी साझा करें। पुराने प्रश्न पत्र भी किए जा रहे वायरल
बोर्ड सचिव डॉ. मुनीष नागपाल ने दावा किया कि जो प्रश्न पत्र आउट किए जा रहे हैं, वे पुराने हैं। एक नई तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं कि पुराने प्रश्न पत्रों या एक्सरसाइज के लिए बनाए प्रश्न पत्रों को यह कहकर कहीं ना कहीं बेचने का प्रयास किया जा रहा है कि यह परीक्षा में आएगा। उसको रोकने का प्रयास किया जा रहा है। प्रत्येक फ्लाइंग टीम के जिम्मे 6 परीक्षा केंद्र
बोर्ड सचिव ने बताया कि प्रदेश में कुल 1434 परीक्षा केंद्र हैं। वहीं कुल उड़नदस्तों की टीमें 226 बनाई गई है। जो करीब 6 परीक्षा केंद्र पर एक उड़नदस्ते की एवरेज है। परीक्षा के 3 घंटे के दौरान फ्लाइंग टीमें अपने परीक्षा केंद्रों पर ही रहेंगे। परीक्षाओं को नकल रहित करवाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। 257 नकलची पकड़े गए
बता दें कि हरियाणा में बोर्ड परीक्षाएं आरंभ हो चुकी है। 10वीं की परीक्षाएं 28 फरवरी से आरंभ हुई थी और 19 मार्च तक चलेंगी। वहीं 12वीं कक्षा की परीक्षाएं 27 फरवरी से शुरू हुई थी। जो 29 मार्च तक चलेंगी। अभी तक 7 दिन परीक्षाएं हुई हैं। जिनमें प्रदेशभर के कुल 257 नकलची छात्र पकड़े गए हैं। 5.16 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल
सेकेंडरी व सीनियर सेकेंडरी (शैक्षिक/मुक्त विद्यालय) की वार्षिक परीक्षाओं में प्रदेशभर से कुल 5 लाख 16 हजार 787 (रेगुलर के 475620 व डिस्टेंस के 41167) परीक्षार्थी शामिल हैं। जिसमें से 2 लाख 72 हजार 421 लड़के व 2 लाख 44 हजार 366 लड़कियां हैं। शैक्षणिक में 10वीं कक्षा के 277460 तथा 12वीं के 198160 परीक्षार्थी शामिल हैं। वहीं मुक्त विद्यालय परीक्षा में 10वीं के 15935 तथा 12वीं के 25232 परीक्षार्थी शामिल हैं।

हरियाणा की बड़ी खबरें:कांग्रेस नेता हिमानी नरवाल के घर पहुंचे पूर्व CM हुड्डा, मां से बोले- जिस पर शक है, उसका नाम बताओ

हरियाणा की बड़ी खबरें:कांग्रेस नेता हिमानी नरवाल के घर पहुंचे पूर्व CM हुड्डा, मां से बोले- जिस पर शक है, उसका नाम बताओ हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा आज रोहतक में कांग्रेस नेता हिमानी नरवाल के घर पहुंचे। हुड्डा यहां पर नरवाल की हत्या पर शोक प्रकट करने पहुंचे थे। इस दौरान हिमानी की मां ने हुड्डा के सामने कई सवाल उठाए। हिमानी की मां सविता ने कहा कि आरोपी सचिन अकेले यह काम नहीं कर सकता। इसके पीछे किस की साजिश है, यह सामने आना चाहिए। सविता को जवाब देते हुए हुड्डा ने कहा कि आपको जिस पर शक है, उसका नाम बताओ, मैं जांच करवाउंगा। इस पर हिमानी की मां ने कहा कि नाम तो सचिन ही बताएगा कि किसके कहने पर उसने शव को ठिकाने लगाया। पूरी खबर पढ़ें झूठे केस से परेशान व्यक्ति ने की आत्महत्या महेंद्रगढ़ में एक व्यक्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पत्नी का कहना है कि उसके पति को झूठे केस में फंसाया जा रहा था और साथ ही उसे जान से मारने की धमकियां मिल रहीं थी, जिससे परेशान होकर उन्होंने सुसाइड कर लिया। मृतक धर्मवीर( 40) दो बच्चों का पिता था और वह मजदूरी कर अपने परिवार को पालता था। अब जब धर्मवीर की मौत हो गई है तो परिवार पूरी तरह से असहाय हो गया है। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमॉर्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया है। पूरी खबर पढ़ें कुरुक्षेत्र में नहर से गोलियों के 550 खोल मिले कुरुक्षेत्र जिले में नरवाना ब्रांच नहर से 550 से ज्यादा गोलियों के खोल बरामद हुए। इतनी बड़ी मात्रा में नहर से खोल मिलने से आसपास भी हड़कंप मचा हुआ है। गोताखोर प्रगट सिंह ने नहर से खोल निकाल कर पुलिस के हवाले किया। थर्ड गेट चौकी इंचार्ज विनोद कुमार ने बताया कि नहर से 32 बोर के 450 खोल, 12 बोर के 8, डमी खोल 31 और 9MM के 49 खोल बरामद हुए। ये खोल यहां कैसे आए, किसी वारदात से तो इनका संबंध नहीं, पुलिस इसकी जांच कर रही है। पूरी खबर पढ़ें… पूर्व MLA के भाई का कैंसर से निधन, कैंसर की बीमारी से थे पीड़ित फरीदाबाद की तिगांव विधानसभा से कांग्रेस के पूर्व विधायक ललित नागर के छोटे भाई महेश नागर का निधन हो गया है। महेश नागर लंबे समय से कैंसर की बीमारी से जूझ रहे थे। वह पिछले एक महीने से गुरुग्राम के मेदांता सिटी हॉस्पिटल में एडमिट थे। बीमारी के कारण हालत ज्यादा खराब होने के कारण उन्हें हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। जुलाई 2024 में महेश नागर को कैंसर की बीमारी के बारे में पता चला था। शनिवार को शाम 5 बजे अस्पताल में उन्होंने आखरी सांस ली। पूरी खबर पढ़ें… जींद में इंजीनियर ने 1 रुपया लेकर की शादी, कहा- दुल्हन ही सबसे बड़ा दहेज जींद में कंप्यूटर इंजीनियर ने बिना दहेज के शादी कर समाज में मिसाल पेश की है। रिश्ता जोड़ते समय ही युवक ने यह शर्त रख दी थी कि वह किसी भी प्रकार दहेज नहीं लेंगे। सुंदरपुर गांव के रहने वाले रोहित ने बताया कि उनकी व उनके माता-पिता की इच्छा थी कि वह बिना दहेज के दुल्हन को अपने घर लाएं। उधर, दुल्हन के पिता ने कहा कि दामाद की जिद के आगे उन्हें झुकना पड़ा। आगे कहा कि बिना दहेज की इस शादी की आसपास चारों तरफ तारीफ हो रही है। दामाद का यह कदम समाज के लिए भी एक अच्छी सीख है। पूरी खबर पढ़ें… कुरुक्षेत्र में 50 हजार में दी पशु व्यापारी के मर्डर की सुपारी, 3 गिरफ्तार हरियाणा के कुरुक्षेत्र में पशु व्यापारी का मर्डर करने के लिए 50 हजार रुपए में डील हुई थी। पशु व्यापारी को मारने के लिए उसके गांव बदरपुर में यूपी से आकर बसे कंबाइन ड्राइवर ने सुपारी दी थी, क्योंकि उसे पशु व्यापारी पर उसकी पत्नी के साथ अवैध संबंध होने का शक था। इससे गुस्साए ड्राइवर ने मर्डर करने के लिए शूटर को असलहा तक उपलब्ध करवाया। पुलिस ने इस मामले में 3 लोगों को गिरफ्तार किया है। फिलहाल, पुलिस ने कंबाइन ड्राइवर देशवाल समेत वारदात को अंजाम देने वाले दोनों शूटर को पकड़कर कोर्ट से 5 दिन के रिमांड पर लिया है। पूरी खबर पढ़ें… यमुनानगर में 8 साल की बच्ची से रेप, मामा और चचेरे भाई पर आरोप यमुनानगर में 8 साल की बच्ची से रेप का मामला सामने आया है। इसका आरोप बच्ची के चचेरे भाई और मामा पर लगा है। इनके अलावा अन्य लड़कों पर भी रेप का आरोप है। मामला दिसंबर 2024 का है। इस दौरान बच्ची के साथ कई बार रेप हुआ। बच्ची के पेट में जब दर्द होने लगा तो उसने अपने पिता और बुआ को इस बारे में बताया। इसके बाद बाल कल्याण समिति ने काउंसलिंग की और मेडिकल जांच कराई, जिसमें रेप की पुष्टि हुई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पूरी खबर पढ़ें…

जींद की यशोदा ने योगासन चैंपियनशिप में जीते 2 गोल्ड:कैमिस्ट्री टीचर ने ट्रेडिशनल और रिदमिक पेयर में जीते मेडल; 350 प्रतिभागी हुए शामिल

जींद की यशोदा ने योगासन चैंपियनशिप में जीते 2 गोल्ड:कैमिस्ट्री टीचर ने ट्रेडिशनल और रिदमिक पेयर में जीते मेडल; 350 प्रतिभागी हुए शामिल जींद की कैमिस्ट्री टीचर यशोदा आर्या ने ऑल इंडिया सर्विसेज योगासन चैंपियनशिप-2025 में दो गोल्ड जीते हैं। 40 से 50 आयु वर्ग में भाग लेते हुए यशोदा आर्या ने ट्रेडिशनल और रिदमिक पेयर इवेंट में भाग लेते हुए गोल्ड मेडल प्राप्त किया। इस आयु वर्ग में यशोदा हरियाणा की एकमात्र टीचर हैं। प्रतियोगिता में देश भर से 350 महिला-पुरुष भाग ले रहे थे। ओवरऑल ट्राफी भी हरियाणा के नाम रही। चंडीगढ़ के सेक्टर-42 में स्पोर्ट्स काम्पलेक्स में ऑल इंडिया सर्विसेज योगासन चैंपियनशिप-2025 का आयोजन किया। इसमें सरकारी विभागों में सर्विसेज कर्मचारी विभिन्न विधाओं में भाग ले रहे थे। जिला शिक्षा अधिकारी ने दी बधाई जींद के राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल में कैमिस्ट्री टीचर यशोदा ने ट्रेडिशनल में गोल्ड जीता। इसके बाद रिदमिक पेयर में गुरुग्राम की निधि के साथ मिलकर पेयरिंग में भी गोल्ड मेडल अपने नाम किया। यशोदा की जीत पर जींद जिला शिक्षा अधिकारी सुमित्रा ने भी बधाई दी। प्रतियोगिता में डिप्टी डायरेक्टर योगा कोच लख्मीपंत, योगा आफिसर हिसार मनोज कोच व हरमेश कोच भी साथ रहे। वहीं इसी प्रतियोगिता में पुरुषों के वर्ग में जुलाना के शामलो कलां के प्राचार्य शिवनारायण और एबीआरसी बलराज ने भी 50 से ज्यादा आयु वर्ग में भाग लेते हुए सिल्वर मेडल जीता। यशोदा आर्या ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में हरियाणा के 10 गोल्ड और एक सिल्वर मेडल आया है। प्रतियोगिता में दूसरे नंबर पर दिल्ली सेंट्रल रही। पिछले दिनों रोहतक में हुए एक दिवसीय ट्रायल में उनका चयन हुआ था। पिता को ही गुरु बना सीखा योग, 12 गोल्ड मेडल जीते यशोदा आर्या 8 साल की उम्र से ही योगा का अभ्यास कर रही हैं। यशोदा ने अपने पिता जोरा सिंह आर्य को ही गुरु माना और योग का अभ्यास शुरू किया। डिवाइन योगा केयर संचालक जोरा सिंह दिशा-निर्देशन में अपनी मेहनत के दम पर यशोदा आर्य अब तक नेशनल लेवल पर 12 गोल्ड मेडल जीत चुकी हैं। पिछले साल हुए खेलों में भी रिदमिक पेयर और आर्टिस्टिक सोलो में सिल्वर और ब्रांच मेडल जीते थे। इस बार सिल्वर और ब्रॉन्ज को गोल्ड में बदलने का काम किया है। यशोदा आर्या ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी में भी पांच गोल्ड मेडल जीत चुकी हैं। इसके अलावा नेशनल लेवल की फेडरेशन प्रतियोगिताओं में भी यशोदा के पांच मेडल हैं। यशोदा वर्तमान में जींद के अर्बन एस्टेट स्थित डिवाइन योगा पर प्रेक्टिस करती हैं और बच्चों को योग सिखाती हैं।

हरियाणा में 2 दिन तेज हवाएं चलेंगी:बादल छाए रहेंगे, महेंद्रगढ़ में 32.3°C पहुंचा पारा, आज से बदलेगा मौसम

हरियाणा में 2 दिन तेज हवाएं चलेंगी:बादल छाए रहेंगे, महेंद्रगढ़ में 32.3°C पहुंचा पारा, आज से बदलेगा मौसम हरियाणा में मौसम तेजी से बदल रहा है। मार्च में गर्मी का असर देखने को मिल सकता है। हरियाणा के महेंद्रगढ़ में अधिकतम तापमान 32.3 डिग्री पर पहुंच गया है। वहीं, फरीदाबाद, हिसार और नारनौल का अधिकतम पारा 31 डिग्री पर पहुंच गया है। वहीं, 2 दिन तक गिरने के बाद न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी देखने को मिली। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आज रात से मौसम बदलने वाला है, जिसका असर अगले एक सप्ताह तक देखने को मिल सकता है। पश्चिमी विक्षोभ के चलते 9 से 13 मार्च तक हरियाणा में बादल छाए रह सकते हैं। इसके अलावा 14 मार्च को एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। इसके चलते अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट और रात के तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। 11 व 12 मार्च को तेज हवाएं चलेंगी हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा में 13 मार्च तक मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील रहने की संभावना है। इस दौरान लगातार दो पश्चिमी विक्षोभों के आंशिक प्रभाव के कारण 9 मार्च रात से 13 मार्च तक हवाओं के रुख में बदलाव के कारण प्रदेश के अधिकांश भागों में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान दिन के तापमान में मामूली गिरावट और रात के तापमान में मामूली बढ़ोतरी होने की संभावना है। लेकिन 11 व 12 मार्च के दौरान मध्यम से तेज गति से हवाएं चलने की संभावना है। 14 मार्च से एक और पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता बढ़ने की संभावना के कारण मौसम में फिर से बदलाव हो सकता है।

कांग्रेस के पूर्व MLA नागर के भाई का निधन:फरीदाबाद में आज होगा अंतिम संस्कार; कैंसर की बीमारी से चल रहे थे पीड़ित

कांग्रेस के पूर्व MLA नागर के भाई का निधन:फरीदाबाद में आज होगा अंतिम संस्कार; कैंसर की बीमारी से चल रहे थे पीड़ित फरीदाबाद की तिगांव विधानसभा से कांग्रेस के पूर्व विधायक ललित नागर के छोटे भाई महेश नागर का निधन हो गया। महेश नागर लंबे समय से कैंसर की बीमारी से जूझ रहे थे। वह पिछले एक महीने से गुरुग्राम के मेदांता सिटी हॉस्पिटल में एडमिट थे। शनिवार को शाम 5 बजे अस्पताल में उन्होंने आखरी सांस ली। आज रविवार सुबह 9 बजे उनका अंतिम संस्कार गांव भुआपुर में किया जाएगा। महेश नागर पिछले 8 महीने से कैंसर की बीमारी से पीड़ित थे। गुरुग्राम के मेदांता सिटी हॉस्पिटल से उनका कैंसर का इलाज चल रहा था। बीमारी के कारण हालत ज्यादा खराब होने के कारण एक महीने पहले ही उनको हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। जुलाई 2024 में महेश नागर को कैंसर की बीमारी के बारे में पचा चला था। कैंसर की चौथी स्टेज पर थे महेश नागर महेश नागर को अगस्त 2024 में कैंसर का पता चला था, डॉक्टरों के अनुसार उनके लीवर में एक गांठ थी, जो धीरे-धीरे बढ़ती चली गई। अमेरिका में ऑपरेशन के लिए उन्हें समय मिल गया था, लेकिन वहां जाने से पहले ही उनकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें मेदांता सिटी हॉस्पिटल और फरीदाबाद मेट्रो कैंसर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। राजनीतिक में सक्रिय रहे महेश नागर राजनीतिक में काफी सक्रिय थे। वह रॉबर्ट वाड्रा, प्रियंका गांधी और सोनिया गांधी के करीबी माने जाते थे। इसके अलावा अपने भाई ललित नागर के चुनाव की कमान भी उनके हाथ में ही होती थी। चुनाव में रैली से लेकर चुनाव की सभी व्यवस्थाओं को महेश नागर ही संभाला करते थे। 14 जनवरी को राबर्ट वाड्रा उनका हाल-चाल जानने के लिए उनके निवास सेक्टर 17 में पहुंचे और करीब आधा घंटे उनके परिवार के साथ रहे। परिवार में छाया शोक का माहौल महेश नागर का विवाह 21 जनवरी 1952 को हुआ था। उनका विवाह दिल्ली के बदरपुर क्षेत्र में हुआ था। उनके परिवार में पत्नी रेखा नागर, दो बेटे और एक बेटी हैं। उनके निधन की खबर से परिवार और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई है।

राष्ट्रपति मुर्मू 10 मार्च को हिसार दौरे पर:सुरक्षा में 10 आईपीएस, 26 डीएसपी, 2000 पुलिसकर्मी तैनात होंगे, ऊंची इमारतों से भी निगरानी

राष्ट्रपति मुर्मू 10 मार्च को हिसार दौरे पर:सुरक्षा में 10 आईपीएस, 26 डीएसपी, 2000 पुलिसकर्मी तैनात होंगे, ऊंची इमारतों से भी निगरानी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 10 मार्च को हिसार का दौरा करेंगी। वे गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शिरकत करेंगी। इसके साथ ही वे प्रजापति ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के कार्यक्रम में भी भाग लेंगी। प्रशासन की ओर से तैयारियों पूरी कर ली गई है। आज तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए फाइनल रिहर्सल की जाएगी। वहीं पुलिस प्रशासन ने राष्ट्रपति की सुरक्षा को लेकर पूरी तैयारियां कर ली हैं। पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन ने सुरक्षा व्यवस्था की रिहर्सल का जायजा लिया। सुरक्षा में 10 आईपीएस अधिकारी, 26 डीएसपी और करीब 2000 पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। राष्ट्रपति के काफिले के मार्ग पर स्थित सभी ऊंची इमारतों की पहचान कर ली गई है। इन इमारतों पर पुलिस बल तैनात किया जाएगा। कार्यक्रम स्थल के आसपास अवैध पार्किंग पर रोक रहेगी। केवल पास धारकों को ही कार्यक्रम स्थल में प्रवेश की अनुमति होगी। लापरवाही बरतने वालों पर होगी सीधी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ने रिहर्सल के बाद पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान रिहर्सल में पाई गई कमियों पर विस्तृत चर्चा की गई। उन्होंने राष्ट्रपति के कार्यक्रम के लिए रूट प्लान पर भी विचार-विमर्श किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने राष्ट्रपति के आगमन पर ड्यूटी पर तैनात सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। सभी थाना प्रबंधकों को लगातार गश्त पर रह चैकिंग करने के बारे निर्देशित करते हुए कहा कि सभी अपने अपने क्षेत्र में पढ़ने वाले रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, होटल और लॉज की जांच करें। उन्होंने कहा कि किसी भी हालत में सुरक्षा में चूक नहीं होनी चाहिए। ड्यूटी के दौरान अगर कोई लापरवाही बरतता है तो ऐसे पुलिसकर्मियों पर सीधी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि शहर में राष्ट्रपति के दौरे के दौरान आमजन को किसी भी प्रकार की दिक्कतों का सामना न करना पड़े और यातायात व्यवस्था भी सुचारू रूप से चलती रहे। इसके लिए भी पुलिस प्रशासन द्वारा प्रयास किए गए है। यहां होगी वाहनों की पार्किंग –
फार्मेसी विभाग से प्रो. अश्विनी कुमार ने बताया कि पार्किंग शेड्यूल तैयार कर दिया गया है। 10 मार्च को सुबह 9 बजे तक एंट्री का समय दिया गया है। वीवीआइपी के लिए आडिटोरियम के गेट के पास व लाइब्रेरी में पार्किंग रहेगी। वीआइपी की पार्किंग एचएसबी के सामने, आडिटोरियम के पूर्वी गेट के सामने, टेनिस कोर्ट के सामने व्यवस्था की गई है। अन्य गेस्ट के लिए पीडीयूआइआइसी की पार्किंग रहेगी। मीडिया के लिए एग्जामिनेशन ब्लाक में पार्किंग होगी। स्टाफ के लिए टीचिंग ब्लाक-4, 5 व स्पोर्ट्स कांप्लेक्स के पास पार्किंग रहेगी। स्टूडेंट्स के लिए सिटी गेट नंबर तीन के पास व पुराने रेजिडेंट हाउस, टीचिंग ब्लाक 6 व 7 में पार्किंग व्यवस्था रहेगी। विवि की ओर से निर्देश दिए गए है कि 9 व 10 मार्च को टीचिंग, नान टीचिंग स्टाफ व स्टूडेंट्स, मीडिया कर्मी व गेस्ट एचएसबी के सामने की पार्किंग में अपने व्हीकल पार्क न करें। साथ ही स्टाफ व स्टूडेंट्स से अपील की गई है कि कम से कम लोग वाहन लेकर आए, नो व्हीकल डे मनाया जाए। परीक्षा केंद्रों पर 2 घंटे पहले पहुंचने की अपील वहीं उपायुक्त अनीश ने बताया राष्ट्रपति 10 मार्च को गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय तथा प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करेंगी। उन्होंने जिले में बोर्ड की परीक्षा दे रहे सभी विद्यार्थियों को सचेत किया है कि राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए कई मार्गों पर यातायात प्रभावित रहेगा। परीक्षार्थियों से अनुरोध है कि वे निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो। जिला शिक्षा अधिकारी प्रदीप नरवाल ने बताया कि राष्ट्रपति की सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर कई प्रमुख मार्ग पर यातायात प्रभावित हो सकता है। ऐसे में परीक्षा केंद्र पर पहुंचने में होने वाली देरी से बचने के लिए परीक्षार्थी 10:30 बजे तक अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर पहुंच जाएं। इन स्कूलों में जिसके एग्जाम वह समय पर पहुंचे आर्य नगर-1 राजकीय गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हिसार-8 राजकीय गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल सुशीला भवन के पास, हिसार-17 महाराजा अग्रसेन पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल अनाज मंडी, हिसार-26 (बी-2) पीजीएसडी सीनियर सेकेंडरी स्कूल पड़ाव चौक, हिसार-55 वाणी एवं श्रवण बाधित व्यक्तियों के लिए कल्याण केंद्र, हिसार-3 (बी-1) सीएवी सीनियर सेकेंडरी स्कूल नजदीक डीएन कॉलेज, हिसार-14 (बी-1) गुरु नानक सीनियर सेकेंडरी स्कूल ऋषि नगर, हिसार-18 (बी-1) जेएन आर्य गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल बस स्टैंड, हिसार-38 (बी-2) श्री देवी भवन हाई स्कूल देवी भवन मंदिर के परीक्षा केंद्र में परीक्षा देने वाले विद्यार्थी समय से पहले पहुंचे।

जींद में BJP नेता के भाई के घर फायरिंग:गोली के छर्रे से मां घायल; कार्यालय प्रभारी का गला दबाकर मारने की कोशिश की

जींद में BJP नेता के भाई के घर फायरिंग:गोली के छर्रे से मां घायल; कार्यालय प्रभारी का गला दबाकर मारने की कोशिश की जींद में भाजपा कार्यालय प्रभारी नरेंद्र शर्मा के भाई के घर में घुसकर हमला कर फायरिंग की। इसमें गोली के छर्रे लगने से उसकी मां घायल हो गई है। जिसे जींद के सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। नरेंद्र शर्मा ने आरोप लगाया कि उस पर भी हमला कर गला दबाने की कोशिश की गई। घटना शनिवार देर शाम की है। शहर की शिव कालोनी के रहने वाले विवेक शर्मा ने बताया कि वह और उसका भाई रवि व भाजपा जींद कार्यालय प्रभारी नरेंद्र शर्मा शनिवार को घर पर बैठे हुए थे। इसी दौरान अंश उर्फ लक्की शर्मा व उसके तीन-चार अन्य दोस्त गाड़ी में सवार होकर आए और उन पर हमला कर दिया। गोली का छर्रा लगने से मां घायल विवेक शर्मा ने कहा कि इस दौरान उन्होंने फायर भी किए, लेकिन निशाना चूक जाने के कारण गोली का छर्रा उसकी मां अर्चना शर्मा (47) को जा लगा। इसमें उसकी मां घायल हो गई। वारदात को अंजाम देकर अंश शर्मा अपने दोस्तों के साथ मौके से फरार हो गया। घायल अर्चना शर्मा को परिवार के लोगों ने उपचार के लिए सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया। घटना की सूचना के बाद सिविल लाइन थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विनोद कुमार, सीआईए इंचार्ज मनीष कुमार, संदीप मलिक समेत पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और घटना स्थल का जायजा लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। भाजपा कार्यालय सचिव नरेंद्र शर्मा ने बताया कि वह शाम को घर पर बैठे हुए थे, तभी हमला कर दिया। उसके साथ भी मारपीट की गई और गला दबाकर मारने की कोशिश की।

दादरी पहुंचे सीएम सैनी और भूपेंद्र हुड्डा:पूर्व मंत्री सतपाल सांगवान को दी श्रद्धांजलि; हिसार के लिए रवाना हुए मुख्यमंत्री

दादरी पहुंचे सीएम सैनी और भूपेंद्र हुड्डा:पूर्व मंत्री सतपाल सांगवान को दी श्रद्धांजलि; हिसार के लिए रवाना हुए मुख्यमंत्री हरियाणा के चरखी दादरी में आज मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पहुंचे। दोपहर बाद दादरी विधायक सुनील सांगवान के निवास स्थान पर पहुंचकर दोनों नेताओं ने उनके पिता एवं पूर्व मंत्री सतपाल सांगवान के निधन पर शोक व्यक्त किया। बता दें कि बीते सोमवार (3 मार्च) को अलसुबह गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में हरियाणा के पूर्व सहकारिता मंत्री सतपाल सांगवान का निधन हो गया था। उसके बाद उनकी देह को चरखी दादरी लाया गया था और उनके निवास स्थान पर अंतिम दर्शनों के लिए रखा गया। बाद में शहर से होते हुए उनकी अंतिम यात्रा पैतृक गांव चंदेनी पहुंची, जहां उनका अंतिम संस्कार किया गया। उसके बाद से बड़े नेता शोक जताने के लिए आ रहे हैं। इसी कड़ी में रविवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा सहित कई नेता चरखी दादरी पहुंचे और पूर्व मंत्री के निधन पर शोक व्यक्ति किया। 2 बजकर 50 मिनट पर पहुंचे मुख्यमंत्री सैनी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कार्यक्रम के अनुसार वह रविवार सुबह साढ़े 9 बजे सीएम आवास चंडीगढ़ से दादरी के लिए रवाना होकर साढ़े 12 बजे बाई रोड़ चरखी दादरी के लोहारू रोड़ स्थित दादरी विधायक सुनील सांगवान के निवास स्थान पर पहुंचना था। लेकिन किसी कारणवश वे लेट हो गए और 2 बजकर 50 मिनट पर चरखी दादरी पहुंचे। जहां उन्होंने सतपाल सांगवान को श्रद्धांजलि अर्पित की और परिवार के लोगों से लोगों से मिलकर शोक संवेदना प्रकट की। तीन बजकर 40 मिनट पर वे हिसार के लिए रवाना हो गए। डेढ़ बजे पहुंचें हुड्‌डा हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा भी आज सतपाल सांगवान के निधन पर शोक जताने के लिए दादरी पहुंचे। उनके कार्यक्रम के अनुसार वे रविवार सुबह 11 बजे दिल्ली से चले। उसके बाद वे तय समय पर दोपहर 1 बजकर 30 मिनट पर दादरी पहुंचे। जहां दादरी विधायक सुनील सांगवान के निवास स्थान पर पहुंचकर उनके पिता पूर्व मंत्री सतपाल सांगवान के निधन पर शोक व्यक्त किया। हुड्‌डा ने कहा कि सतपाल सांगवान उनकी सरकार में मंत्री रहे और चरखी दादरी सहित पूरे प्रदेश में विकास कार्य करवाए। उन्होंने कहा कि उनके चले जाने से एक बड़ी क्षति हुई है जिसकी भरपाई नहीं हो सकती। उसके बाद वे दो बजकर 15 मिनट वहां से भिवानी जिले के गांव पालुवास के लिए रवाना हुए। सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम हरियाणा के पूर्व मंत्री सतपाल सांगवान के निधन पर आज हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा, कैबिनेट मंत्री कृष्णलाल पंवार और अरविंद शर्मा सहित सहित कई बड़े नेता शोक जताने चरखी दादरी पहुंचे। जिसके चलते पूर्व मंत्री सतपाल सांगवान के बेटे एवं चरखी दादरी विधायक सुनिल सांगवान के निवास स्थान के बाहर दिनभर काफी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात कर सुरक्षा के प्रबंध किए गए हैं। वहीं सीएम के पहुंचने पर कड़ी सुरक्षा के इंतजामात किए गए।