CM योगी का एक्शन, 3 PCS अफसर सस्पेंड:एडीएम बरेली और मऊ को निलंबित किया, गणेश प्रसाद बर्खास्त

CM योगी का एक्शन, 3 PCS अफसर सस्पेंड:एडीएम बरेली और मऊ को निलंबित किया, गणेश प्रसाद बर्खास्त CM योगी आदित्यनाथ ने करप्शन के खिलाफ बड़ा एक्शन लिया है। उन्होंने जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई करते हुए एक पीसीएस अधिकारी को बर्खास्त कर दिया है, जबकि 2 पीसीएस अफसर सस्पेंड कर दिया है। PCS अफसर गणेश प्रसाद सिंह पर जौनपुर में मुख्य राजस्व अधिकारी रहने के दौरान वित्तीय अनियमितता के आरोप लगे थे। उन्हें शासन ने बर्खास्त कर दिया है। जबकि बरेली में भूमि अधिग्रहण में हुए करोड़ों के घोटाले के आरोप में 2 पीसीएस अफसर आशीष कुमार और मदन कुमार को निलंबित कर दिया गया है। फिलहाल आशीष कुमार मौजूदा समय एडीएम बरेली और मदन कुमार मऊ में तैनात हैं। गणेश प्रसाद 2011 बैच के PCS अफसर
2011 बैच के PCS अधिकारी गणेश प्रसाद सिंह सितंबर 2014 से मार्च 2018 के बीच कुशीनगर में तैनात थे। इस दौरान उन पर ग्राम समाज के जमीन के पट्टे में नियमों का उल्लंघन करने और भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे। इस मामले की जांच चल रही थी। दिसंबर 2022 में गणेश प्रसाद को जौनपुर का मुख्य राजस्व अधिकारी बनाया गया था। यहां भी उन पर सरकारी कामकाज में गड़बड़ी करने के साथ ही वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगे। तत्कालीन जिलाधिकारी की सिफारिश पर पिछले साल अक्टूबर में उन्हें सस्पेंड कर राजस्व परिषद से अटैच कर दिया गया था। जांच में आरोपों की पुष्टि के वाद PCS अधिकारी को बर्खास्त कर दिया गया है। आशीष कुमार और मदन कुमार राजस्व परिषद से संबद्ध बरेली-सितारगंज फोरलेन और रिंग रोड में भूमि अधिग्रहण में करीब 100 करोड़ से अधिक के घोटाले की बात सामने आई थी। राजस्व विभाग, लोक निर्माण विभाग (PWD), NHAI के अफसरों की मिलीभगत से करीब 100 करोड़ रुपए का घोटाला किया गया। इस मामले की लंबे समय तक जांच चली जिसके बाद सीएम योगी ने PCS अफसर मदन कुमार और आशीष कुमार को निलंबित कर दिया गया है। दोनों अफसरों को राजस्व परिषद से संबद्ध कर दिया गया है। 2021 में बरेली में नगर मजिस्ट्रेट थे मदन कुमार
दरअसल पीसीएस अधिकारी मदन कुमार बरेली में 2021 में नगर मजिस्ट्रेट रहे थे और उनके पास लंबे समय तक विशेष भूमि अध्यापित अधिकारी का चार्ज रहा था। उनके समय में सितारगंज फोरलेन हाईवे के लिए भूमि अर्जन के लिए मूल्यांकन का कार्य हुआ था। जिसमें अफसरों ने जमकर घोटाला किया।

महाकुंभ में महामंडलेश्वर छोटी मां पर हमला:तीन शिष्य भी घायल, आशीर्वाद लेने के बहाने चाकू से किया हमला

महाकुंभ में महामंडलेश्वर छोटी मां पर हमला:तीन शिष्य भी घायल, आशीर्वाद लेने के बहाने चाकू से किया हमला महाकुंभ में किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर कल्याणी नंद गिरि उर्फ छोटी मां पर गुरुवार रात हमला हुआ। उनके तीन शिष्यों पर भी हमला हुआ। सभी को इलाज के लिए महाकुंभ के सेंट्रल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर कल्याणी नंद गिरि बृहस्पतिवार रात कार से अपने तीन शिष्य के साथ शिविर जा रही थीं। रात करीब 10 बजे सेक्टर-16 के पास पहुंचते ही उनकी कार को पांच से छह लोगों ने आशीर्वाद लेने के बहाने रोक लिया। चाकू से किया हमला
कार से उतरते ही हमलावरों ने महामंडलेश्वर कल्याणी नंद गिरि पर चाकू से हमला बोल दिया। इसके साथ कार में सवार अन्य तीन शिष्यों पर हमला किया गया। हमलावरों ने गहने भी लूटे
आरोप लगाया गया कि मारपीट करने के बाद हमलावरों ने गहने भी लूट लिए हैं। घटना के बाद लोगों की मदद से सभी को महाकुंभ चिकित्सालय पहुंचाया गया। महामंडलेश्वर वैष्णवी नंद गिरि का कहना है कि हमलावरों ने चाकू से हमला किया है। इसके बाद छीना झपटी भी की है। सभी को गंभीर चोटें आई हैं। मामले में डीआईजी वैभव कृष्ण ने बताया कि पुलिस जांच कर रही है। जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। सभी घायल खतरे से बाहर
सेंट्रल हॉस्पिटल के सीएमएस डॉ. मनोज कौशिक ने बताया कि कल्याणी नंद गिरी समेत चार लोगों को भर्ती कराया गया है। हालांकि, घायलों को मामूली चोटें आई हैं और सभी की हालत खतरे से बाहर है। पुलिस आरोपियों की पहचान करने और घटना के पीछे की साजिश का पता लगाने में जुटी है। किन्नर अखाड़े की शिष्याएं में आक्रोश
महामंडलेश्वर कल्याणी नंद गिरि पर जानलेवा हमले की खबर मिलते ही दर्जनों की संख्या में किन्नर अखाड़े की शिष्याएं केंद्रीय अस्पताल पहुंच गईं। हमले से आहत किन्नरों में कोहराम मचा रहा। उनके अंदर गुस्सा साफ तौर पर दिख रहा था। हालांकि हमला किन लोगों ने किया और किस वजह से किया गया, इसकी पुष्टि अब तक नहीं हो सकी है। शनिवार को हिमांगी सखी पर हुआ था हमला बता दें कि शनिवार को परी अखाड़े की जगदगुरु हिमांगी सखी ने कल्याणी नंद गिरी समेत आचार्य महामंडलेश्वर डॉ. लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी और कौशल्या नंद गिरी पर मारने-पीटने का आरोप लगाया था। हिमांगी सखी गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। उन्होंने किन्नर अखाड़े की आचार्य महामंडलेश्वर लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी पर हमला करने का आरोप लगाया था। हिमांगी सखी ने कहा कि लक्ष्मी नारायण अपने साथ 50-60 लोगों को लेकर आई थीं, जिनके पास त्रिशूल, फरसा जैसे हथियार थे। बता दें कि हिमांगी सखी लगातार ममता कुलकर्णी को महामंडलेश्वर बनाए जाने का विरोध कर रही थीं। वहीं, लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी ने मारपीट करने के आरोपों को गलत बताया है। ——————————————– ये खबर भी पढ़ें… किन्नर जगद्गुरु हिमांगी सखी पर हमला:आचार्य महामंडलेश्वर लक्ष्मी नारायण पर आरोप, ममता कुलकर्णी के महामंडलेश्वर बनने के खिलाफ थीं महाकुंभ में किन्नर जगद्गुरु हिमांगी सखी पर जानलेवा हमला हुआ। हिमांगी सखी गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। उन्होंने किन्नर अखाड़े की आचार्य महामंडलेश्वर लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी पर हमला करने का आरोप लगाया है। हमला शनिवार रात सेक्टर- 8 स्थित कैंप में किया गया। इसके फुटेज सामने आ गए हैं। हिमांगी सखी ने कहा कि लक्ष्मी नारायण अपने साथ 50-60 लोगों को लेकर आई थीं, जिनके पास त्रिशूल, फरसा जैसे हथियार थे। पढ़ें पूरी खबर…

डॉक्टर, मां और 2 बेटियों की हादसे में मौत:हाथरस में नीलगाय सामने आई तो ब्रेक मारा, पलटी खाते हुए नहर में गिरी कार

डॉक्टर, मां और 2 बेटियों की हादसे में मौत:हाथरस में नीलगाय सामने आई तो ब्रेक मारा, पलटी खाते हुए नहर में गिरी कार हाथरस में तेज रफ्तार कार नहर में गिर गई। हादसे में एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत हो गई। 3 गंभीर रूप से घायल हैं। मरने वालों में डॉक्टर, उनके छोटे भाई की पत्नी और उसकी 2 मासूम बेटियां शामिल हैं। कार सवार अलीगढ़ से शादी समारोह से लौट रहे थे, तभी अचानक सामने से नीलगाय आ गई। ड्राइवर ब्रेक मारकर कार को दूसरी तरफ मोड़ने लगा, लेकिन कार असंतुलित हो गई। पलटी खाते हुए 10 फीट नीचे नहर में जा गिरी। हादसा गुरुवार रात 12 बजे हसायन कोतवाली के गांव बरसामई के पास हुआ। 3 तस्वीरें देखिए- 40 मिनट कार में फंसे रहे, ग्रामीणों ने बाहर निकाला कार सवार एटा के रहने वाले हैं। गुरुवार को शादी में शामिल होने अलीगढ़ गए थे। देर रात वहां से लौट रहे थे, तभी बरसामई के पास हादसा हो गया। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। पुलिस को सूचना दी गई। 40 मिनट बाद किसी तरह कार को दरवाजा खोलकर लोगों को बाहर निकाला गया, फिर रस्सी के सहारे कार को खींचकर किनारे लाया। कार सवार 7 लोगों को CHC सिकंदराराऊ पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने 4 को मृत घोषित कर दिया। प्राइमरी इलाज के बाद घायलों को हैलट अस्पताल रेफर कर दिया। मरने वालों की पहचाना नागेंद्र पाल सिंह उर्फ बबलू ( 45), उनके छोटे भाई की पत्नी पूनम (35), उसकी दो बेटियां भूमि ( 9 माह) और काव्या (3 साल) की मौत हो गई। घायलों में गुलशन, सुनीता, मंजू वाइफ ऑफ बबलू शामिल हैं। नागेंद्र पाल सिंह पेश से डॉक्टर थे। वो एटा में ही प्राइवेट क्लिनिक चलाते थे। वहीं, पूनम के पति माघवेंद्र सिंह जयपुर में किसी प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते हैं। खबर लगातार अपडेट की जा रही है….

यूपी के सभी जिलों में ग्रीन अलर्ट:वाराणसी सबसे गर्म 32°C, अयोध्या सबसे ठंडा 9°C; 5 दिन बाद बारिश के आसार

यूपी के सभी जिलों में ग्रीन अलर्ट:वाराणसी सबसे गर्म 32°C, अयोध्या सबसे ठंडा 9°C; 5 दिन बाद बारिश के आसार यूपी के सभी जिलों में मौसम विभाग ने ग्रीन अलर्ट जारी किया है। गुरुवार को सबसे गर्म 32°C के साथ वाराणसी जबकि अयोध्या 9°C के साथ सबसे ठंडा रहा। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार सुबह से ही 20 से 30 किलोमीटर की रफ्तार से पछुआ हवा चल रही है। जिसकी वजह से रात का तापमान दिन की अपेक्षा एक से दो डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया जाएगा। 28 फरवरी के बाद बारिश होने की संभावना
मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया-सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के धीमी गति से गंगा के मैदानी इलाकों में पहुंचने से एक बार फिर बारिश की संभावना खत्म हो गई। रविवार के बाद हवा गति कम होने के बाद एक बार फिर पारा चढ़ेगा। एक हफ्ते तक तापमान 30 डिग्री के आसपास बना रहेगा। इसके बाद 25 फरवरी को नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के बाद इसके कोल्ड वार्म के असर से 28 फरवरी के बाद तापमान गिरेगा और बारिश भी हो सकती है। खराब हो सकती है गेहूं, चना और सरसों की फसल
कृषि विशेषज्ञ डॉ.मुकेश ने बताया फरवरी में ऐसा मौसम पहले कभी नहीं देखा गया। उन्होंने कहा फरवरी की शुरुआत में ही ज्यादातर जिलों में तापमान 30 डिग्री के करीब या इसके पार पहुंच गया है। इससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। अधिक दिनों तक तापमान 30 डिग्री से ऊपर अधिक गर्मी की वजह से गेहूं और सरसों का उत्पादन प्रभावित होगा। इससे पहले 2020-21 में फरवरी में लगातार ज्यादा गर्मी पड़ने से गेहूं के उत्पादन और क्‍वॉलिटी पर असर पड़ा था। तब फरवरी में तापमान काफी दिन तक लगातार 30 डिग्री से ऊपर रहा था। ग्रीन अलर्ट का मतलब, मौसम में सामान्य रहेगा
IMD की ओर से मौसम का ग्रीन अलर्ट जारी किया जाता है। ग्रीन अलर्ट का मतलब मौसम से किसी तरह का नुकसान पहुंचने वाला नहीं है और एजेंसियों को किसी तरह की कदम उठाने के लिए पूर्व तैयारी करने की जरूरत नहीं है। मौसम अच्छा या कमोबेश खराब रह सकता है। मौसम के बदलाव का असर आम जीवन पर नहीं पड़ेगा। ……………………. ये खबर भी पढ़िए… MP में रात में टेंपरेचर 7°, राजस्थान में गर्मी बढ़ी:हिमाचल के 3 जिलों में शीतलहर चलेगी, जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग में तापमान -7 डिग्री पहुंचा देश के पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में ठंड जारी है। पहलगाम में तापमान -4 डिग्री, गुलमर्ग में -7, सोनमर्ग में पारा -6 डिग्री तक पहुंच गया है। लद्दाख के द्रास में पारा -17.3 डिग्री है। हिमाचल प्रदेश के 3 जिलों ऊना, हमीरपुर और बिलासपुर में आज शीतलहर का यलो अलर्ट जारी किया गया है। 18 फरवरी को प्रदेश के ऊंचे व मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी बारिश बर्फबारी का पूर्वानुमान है। पढ़िए पूरी खबर

लखनऊ में सरकारी डॉक्टरों के प्राइवेट प्रैक्टिस पर शासन सख्त:75 जिलों से रिपोर्ट तलब, 20 फरवरी तक देने के निर्देश

लखनऊ में सरकारी डॉक्टरों के प्राइवेट प्रैक्टिस पर शासन सख्त:75 जिलों से रिपोर्ट तलब, 20 फरवरी तक देने के निर्देश उत्तर प्रदेश के सरकारी अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों के चिकित्सकों और चिकित्सा शिक्षकों द्वारा प्राइवेट प्रैक्टिस के मामले में कड़ाई शुरू हो गई है। सभी जिलाधिकारियों (DM) और मुख्य चिकित्साधिकारियों (CMO) से इस संबंध में 20 फरवरी तक रिपोर्ट मांगी गई है। सभी 75 जिलों के डीएम और CMO से जांच कर कार्रवाई के संबंध में रिपोर्ट मांगी गई थी। इसके बाद भी ज्यादातर जिलों से अभी तक रिपोर्ट नहीं आई है। हाईकोर्ट ने विभाग से तलब की थी रिपोर्ट
प्रदेश के सरकारी अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों में कार्यरत चिकित्सकों एवं चिकित्सा शिक्षकों के प्राइवेट प्रैक्टिस करने की शिकायतें मिल रही हैं। इस संबंध में डा. अरविंद गुप्ता बनाम राज्य व अन्य मामले की सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने भी विभाग से रिपोर्ट तलब की थी। इस बीच हाईकोर्ट में 10 फरवरी को हुई सुनवाई में ये मामला जनहित याचिका में बदल दी गई है। ऐसे में चिकित्सा स्वास्थ्य परिवार कल्याण एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने सभी जिलाधिकारियों, मुख्य चिकित्साधिकारियों और पुलिस अधिकारियों को निर्देश जारी किया है। अब तक आई शिकायतों पर एक्शन
यदि किसी चिकित्सक अथवा चिकित्सा शिक्षक के खिलाफ ऐसी शिकायतें आई हों तो तत्काल समिति की बैठक कर उसके खिलाफ कार्रवाई के लिए शासन को संस्तुति भेजी जाए। इसके लिए 20 फरवरी तक का समय दिया गया है।

लखनऊ में कार सवारों ने ट्रैफिक सिपाही को पीटा:बेटी को स्कूल छोड़ने जा रहा था, पुलिस आरोपियों के पिता को हिरासत लिया

लखनऊ में कार सवारों ने ट्रैफिक सिपाही को पीटा:बेटी को स्कूल छोड़ने जा रहा था, पुलिस आरोपियों के पिता को हिरासत लिया लखनऊ में कार सवारों ने ट्रैफिक सिपाही ओमकार मिश्रा को उनकी बेटी के सामने बेल्ट से पीटा। दोनों के बीच हुए विवाद से आसपास भीड़ जुट गई। लोगों के बीचबचाव करने पर कार सवार धमकी देते हुए भाग निकले। सिपाही का आरोप है कि कार सवारों ने बाइक में टक्कर मार दी। विरोध पर मारपीट की। सिपाही की शिकायत पर मड़ियांव थाने में गुरुवार रात आरोपी कार सवारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ। पुलिस आरोपियों के पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। बाइक में टक्कर का किया था विरोध
पुलिस के मुताबिक ट्रैफिक में सिपाही ओमकार गुरुवार को बच्ची को लेकर बाइक से निरालानगर स्कूल छोड़ने जा रहे थे। मंदिर मोड़ के पास सिग्नल के पास कार सवारों ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर से बेटी सड़क पर गिर गई। विरोध पर कार युवकों ने गाली गलौज शुरू कर दी। उसके बाद बेल्ट निकाल कर पीटने लगे। इस बीच शोर सुनकर कार सवारों के परिवारीजन आ गए उन्होंने भी हमला बोल दिया। भीड़ जुटी तो हमलावर भाग निकले
बेटी रोती रही और हमलावर पीटते रहे। भीड़ जुटी तो हमलावर भाग निकले। दोनों का मेडिकल कराया गया। रात को थाने पहुंचे सिपाही की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। पीड़ित की पत्नी मड़ियाव थाने में सिपाही है। एक आरोपी की पहचान जल निगम के क्लर्क के तौर पर हुई है। आरोपी के पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

लोहिया संस्थान में 113 करोड़ से इक्विपमेंट्स खरीद की मंजूरी:गामा नाइफ से होगा ट्यूमर का इलाज, अमेरिकन मेक रोबोटिक मशीन भी आएगी

लोहिया संस्थान में 113 करोड़ से इक्विपमेंट्स खरीद की मंजूरी:गामा नाइफ से होगा ट्यूमर का इलाज, अमेरिकन मेक रोबोटिक मशीन भी आएगी डॉ.राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान को भी आधुनिकतम डा विंची रोबोट मिल गया है। चिकित्सा शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा की अध्यक्षता में हुई हाई लेवल पर्चेज कमेटी की बैठक में रोबोट और गामा नाइफ समेत 30 प्रकार के मेडिकल उपकरणों की खरीद को मंजूरी मिल गई है। संस्थान के निदेशक प्रो. सीएम सिंह ने बताया कि प्रदेश सरकार ने लोहिया संस्थान को उपकरणों की खरीद के लिए 250 करोड़ रुपये का बजट जारी किया गया था। 113 करोड़ रुपये से संस्थान में 30 उपकरण खरीदे जाएंगे। रोबोट की खरीद के बाद संस्थान में रोबोटिक सर्जरी की सुविधा मिलने लगेगी। इस समय SGPGI में रोबोटिक सर्जरी की सुविधा है। KGMU में भी दो इंडियन रोबोट हैं। 48 करोड़ से गामा नाइफ आएगी लोहिया संस्थान में करीब 48 करोड़ रुपये की लागत से गामा नाइफ खरीदी जाएगी। इसकी मदद से बिना चीरा-टांका मस्तिष्क की विभिन्न बीमारियों का इलाज हो सकेगा। इसमें रेडियोफ्रेक्वेंसी का इस्तेमाल किया जाता है। मशीन से तीन सेंटीमीटर से छोटे ट्यूमर, खून की नसों की बीमारी, कई प्रकार के मस्तिष्क कैंसर, पार्किंसन जैसी बीमारियों का इलाज करना भी संभव हो सकेगा।

लखनऊ में आधे-अधूरे फ्लाईओवर का लाेकार्पण करेंगे रक्षामंत्री:सड़क खराब, फ्लाईओवर में कई जगह दरारें आई, प्लास्टर उखड़ने लगा

लखनऊ में आधे-अधूरे फ्लाईओवर का लाेकार्पण करेंगे रक्षामंत्री:सड़क खराब, फ्लाईओवर में कई जगह दरारें आई, प्लास्टर उखड़ने लगा लखनऊ में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शुक्रवार को मुंशी पुलिया और खुर्रम नगर फ्लाइओवर का लोकार्पण करेंगे। इससे पहले दोनों फ्लाईओवर की दैनिक भास्कर टीम ने पड़ताल की तो सामने आया कि आधी अधूरी तैयारियों के साथ अफसर लोकार्पण करवा रहे हैं। इतना ही नहीं लोकार्पण कार्यक्रम स्थल के सामने ही सड़क बदहाल स्थिति में है। कई जगहों पर दीवारों में दरारें हैं। प्लास्टर भी उखाड़ने लगा है। बदहाली की तीन तस्वीरें… रेलिंग में दरारें आईं, कवर भी गायब पॉलिटेक्निक चौराहे से इंदिरा नगर सेक्टर-16 के बीच करीब 1800 मीटर लंबा चार लेन के मुंशी पुलिया फ्लाईओवर पर गाड़ी दौड़ रही हैं। लेकिन, अभी इसका काम पूरा नहीं हुआ है। फ्लाईओवर कई जगह एक्सपेंशन ज्वाइंट नहीं भरे गए हैं। ऐसे में तेज रफ़्तार से दौड़ने वाले गाड़ियों को झटके लग रहे हैं। इसके चलते कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। जगह-जगह रेलिंग पर लगे कवर गायब हो गए हैं। कई जगह रेलिंग में दरारें भी आ गई हैं। उसमें से प्लास्टर भी उखाड़ने लगा है। डिवाइडर पर भी काम पूरा नहीं किया गया है। आधी दूरी में लगे साइन बोर्ड, सर्विस रोड पर नाले का काम अधूरा इंदिरा नगर सेक्टर 19 चौराहे से जगरानी अस्पताल तक जाने वाला खुर्रम नगर फ्लाईओवर का काम अभी पूरा नहीं हुआ है। इंदिरा नगर की तरफ से फ्लाईओवर पर चढ़ने के दौरान कहीं भी रास्ता बताने के लिए साइन बोर्ड नहीं लगाए गए हैं। सर्विस रोड पर बने नाले का काम भी पूरा नहीं हुआ है। मिट्टी को उठाकर सड़क के किनारे डाल दिया गया है। इसके साथ ही फ्लाईओवर को खूबसूरत बनाने के लिए बनाए गए आर्च की पेंटिंग तक नहीं की गई है। कार्यक्रम स्थल के सामने सड़क ख़राब मुंशी पुलिया और खुर्रम नगर फ्लाइओवर का लोकार्पण कार्यक्रम विकास नगर स्थित मिनी स्टेडियम में रखा गया है। इसके ठीक सामने से जा रही रोड पर करीब 50 मीटर की सड़क खराब है। सड़क पर ही बजरी और गिट्टी चिपकी हुई है। खस्ताहाल सड़क पर तेज गति में आने वाली गाड़ियां दुर्घटना का शिकार होने से बच रही हैं। फ्लाईओवर के निर्माण से जनता खुश दोनों फ्लाईओवर के निर्माण से करीब 15 लाख की आबादी को फायदा मिलेगा। उन्हें जाम से निजात मिलने के साथ ही गंतव्य तक पहुंचे में आसानी होगी। मुंशी पुलिया और खुर्रम नगर फ्लाईओवर के निर्माण से जनता खुश है। डालीगंज निवासी मानस का कहना है कि फ्लाइओवर के निर्माण होने से ट्रैफिक नहीं होता है। आना जाना आसान हो गया है। लोग कम समय में ऑफिस या कॉलेज पहुंच जाते हैं। इंजीनियरिंग चौराहे निवासी दिवेश कुमार अवस्थी के मुताबिक उन्हें पोलिटेक्निक और मुंशी पुलिया चौराहे पहुंचने में डेढ़ से दो घंटे लग जाते थे, लेकिन फ्लाइओवर के बन जाने से रास्ता एक घंटे से कम में पूरा हो जाता है। जाम से भी निजात मिल जाती है। कमियों को दूर किया जाएगा सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता आर के पिठौरिया ने कहा- ज्वाइंट में गैप हवा के लिए छोड़ा जाता है। बाकी जो दरारें हैं। उसको दिखवाया जाएगा। समय से मरम्मत करा ली जाएगी। …………………………… यह खबर भी पढ़े मुंशी पुलिया-खुर्रम नगर फ्लाइओवर का 14 फरवरी को उद्घाटन होगा:राजनाथ, गडकरी और योगी रहेंगे मौजूद, 15 लाख आबादी को राहत मिलेगी लखनऊ में मुंशी पुलिया और खुर्रम नगर फ्लाइओवर का लोकार्पण 14 फरवरी को होगा। इस अवसर पर रक्षा मंत्री और लखनऊ सांसद राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी और सीएम योगी आदित्य नाथ मौजूद रहेंगे। दोनों फ्लाईओवर से रोजाना करीब 15 लाख की आबादी को जाम में जूझने से निजात मिलेगी। दोनों फ्लाईओवर के निर्माण में करीब 370 करोड़ की लागत आई है। यहां पढ़े पूरी खबर

UP BOARD- 12वीं के एग्जाम की तैयारी स्पेशल:केमिस्ट्री में डेरिवेशन समझना बेहद जरूरी, इन ट्रिक्स को अपनाकर पा सकेंगे टॉप स्कोर

UP BOARD- 12वीं के एग्जाम की तैयारी स्पेशल:केमिस्ट्री में डेरिवेशन समझना बेहद जरूरी, इन ट्रिक्स को अपनाकर पा सकेंगे टॉप स्कोर 12वीं बोर्ड एग्जाम में साइंस स्ट्रीम के स्टूडेंट्स के लिए केमिस्ट्री में अच्छा स्कोर लाना एक चैलेंजिंग टास्क होता है। पर ये नामुमकिन नहीं है। डेडिकेशन से पढ़ाई कर, रिवीजन में फोकस कर एग्जाम में बेहतरीन परफॉर्म किया जा सकता है। ये कहना है यूपी बोर्ड के रसायन विज्ञान विषय के एक्सपर्ट पवन कुमार का। उन्होंने बताया कि मैथ्स बैक ग्राउंड के स्टूडेंट्स फिजिकल केमिस्ट्री में अच्छा परफॉर्म करते हैं। जबकि बाकी के सेक्शन में बहुत अच्छा परफॉर्म नहीं कर पाते। पर बेसिक फंडामेंटल क्लियर कर अच्छे नंबर आसानी से लाए जा सकेंगे। ये हैं हाई स्कोरिंग पोर्शन आर्गेनिक केमिस्ट्री (organic chemistry) में 10 से 15 नेम्ड रिएक्शन को याद करके इसमें अच्छा स्कोर किया जा सकता है। वहीं, इनआर्गेनिक (inorganic chemistry) में D और F ब्लॉक एलिमेंट्स की पढ़ाई भी अच्छा रिजल्ट लाने में मददगार है। कैंपस@लखनऊ सीरीज के 115वें एपिसोड में लखनऊ के जुबली इंटर कॉलेज के केमिस्ट्री के प्रवक्ता पवन कुमार से खास बातचीत.. पवन कुमार ने कहा- बोर्ड एग्जाम की तैयारी के लिहाज से ये समझना होगा कि केमिस्ट्री में 11वीं का सिलेबस भी बेहद अहम माना जाता है। खासतौर पर पीरियाडिक टेबल बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि अब तक यदि इस पर फोकस नहीं किया हैं तो इसके लिए अब बहुत समय नहीं बचा है। सबसे अच्छा है कि बीते 10 साल के अनसॉल्व पेपर पर नजर जरूर डाले। इससे आपको बेहद जरूरी टॉपिक्स का ओवरव्यू जरूर मिल जाएगा। न्यूमेरिकल को लेकर ना हो परेशान पवन कुमार ने कहा- न्यूमेरिकल से पहले फोकस डेरिवेशन पर करना चाहिए। केमिस्ट्री के ज्यादातर न्यूमेरिकल फॉर्मूला बेस्ड होते हैं। एक बार फॉर्मूला समझ गए और किस फॉर्मूला का कहां पर इंप्लीमेंटेशन होना है ये समझ में आ गया तो केमिस्ट्री में बहुत अच्छा स्कोर किया जा सकता है। बस इसको लेकर फोबिया नहीं पाले।

8 महीने बाद मानव तस्करों के चंगुल से छूटी छात्रा:मैनपुरी में बोली- दो बार बेचा गया, गैंगरेप हुआ; इंस्टाग्राम पर फोटो देख पुलिस ने बचाया

8 महीने बाद मानव तस्करों के चंगुल से छूटी छात्रा:मैनपुरी में बोली- दो बार बेचा गया, गैंगरेप हुआ; इंस्टाग्राम पर फोटो देख पुलिस ने बचाया ‘तारीख- 17 मई 2024। कोचिंग जाते समय पड़ोसी गांव के युवक नीरज ने मेरा अपहरण कर लिया। मुझे अपनी गाड़ी में डालकर इटावा ले गया। जहां उसने बेहोशी की दवा खिलाकर मेरे साथ कई बार दुष्कर्म किया। फिर वह मुझे आगरा ले गया और वहां रवि और बॉबी नाम के युवकों को बेच दिया। रवि और बॉबी राजस्थान के अजमेर लेकर पहुंचे। यहां उन्होंने आशा जैन नाम की एक महिला को मुझे बेच दिया। उसने मुझे साढ़े तीन लाख रुपए में खरीदा था। मेरी जबरन शादी करा दी। 8 महीने तक मैं इन लोगों के चंगुल में रही। मेरे पिता ने इन सब चीजों से परेशान होकर गुस्से में मां की हत्या कर दी। मैं घर तो आ गई हूं, पर सब खत्म हो चुका है।’ यह कहानी है मैनपुरी की रहने वाली उस 11वीं की छात्रा की, जिसे एक नहीं बल्कि दो-दो बार बेचा गया। उसके साथ 4 लोगों ने रेप किया। जबरन शादी की गई। पति ने शादी की फोटो इंस्टाग्राम पर डाल दी। यह फोटो वायरल हो गई। परिजनों तक पहुंची। शिकायत के बाद पुलिस सक्रिय हुई। पुलिस ने बुधवार को मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लड़की को बरामद कर लिया। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। दैनिक भास्कर की टीम पीड़िता के घर पहुंची। पीड़िता और उसके परिजनों से बात की। पीड़िता की जुबानी पढ़िए पूरी कहानी… पहले जानते हैं पूरा मामला… 8 महीने पहले हुआ था अपहरण थाना कुर्रा क्षेत्र की 11वीं की छात्रा 18 मई, 2024 को कोचिंग जाने के लिए घर से निकली थी। इसी दौरान उसका अपहरण हो गया। परिजनों ने 23 मई को थाने में मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने राजस्थान से छात्रा को बरामद कर लिया। पुलिस ने एक आरोपी विष्णु माली को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। कोर्ट में दर्ज कराए गए बयान में पीड़िता ने बताया, उसके साथ कई लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस ने मामले में मानव तस्करी की धाराएं भी जोड़ी हैं। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस विष्णु से जेल में पूछताछ करेगी। जरूरत पड़ने पर उसे पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेकर राजस्थान भी ले जाएगी। अब पढ़िए किडनैपिंग, मानव तस्करी और रेप की पूरी कहानी पीड़िता की जुबानी… पिता दिल्ली में नौकरी करते थे, मैं गांव में थी पीड़िता ने बताया वह तहसील करहल स्थित एक इंटर कॉलेज में 11वीं में पढ़ाई कर रही थी। उसके पिता परिवार के भरण-पोषण के लिए दिल्ली में नौकरी कर रहे थे। परिवार में उसकी मां, एक छोटा भाई और तीन बहनें हैं। बड़ी बहन की शादी हो चुकी थी, जबकि वह, उसकी छोटी बहन और भाई अपनी मां के साथ गांव में रहते हैं। 3 लाख 50 हजार में खरीदकर की शादी पीड़िता के अनुसार, अजमेर में आशा जैन नाम की महिला ने अपने घर पर ही वकीलों को बुलाकर उसकी शादी विष्णु माली नामक युवक से करवा दी। वह राजस्थान के सुनाहार मोहल्ला, राजगढ़, अजमेर का निवासी है। शादी के बाद जब वह अपने ससुराल में रहने लगी, तब उसे बताया गया कि उसके ससुराल वालों ने आशा जैन को 3.5 लाख रुपए देकर उसे खरीदा था। विष्णु माली की शादी नहीं हो रही थी, इसलिए उसने इस सौदे के तहत पीड़िता से विवाह किया। विष्णु माली खुशी से फूला नहीं समा रहा था, इसलिए उसने अपनी शादी की तस्वीरें इंस्टाग्राम पर डाल दीं। सोशल मीडिया से मिली लोकेशन, पुलिस हुई सक्रिय फोटो वायरल होते ही ग्रामीणों और परिजनों को नाबालिग की सही जानकारी मिल गई। गांव का ही एक युवक सचिन भी इस अपहरण की साजिश में शामिल था। उसने ही इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर बताया कि उसकी मां की मौत हो चुकी है। यदि सचिन चाहता तो वह पीड़िता के परिजनों को सूचित कर सकता था, लेकिन उसने ऐसा नहीं किया। पीड़िता ने सचिन को भी मानव तस्करी के इस गिरोह का हिस्सा बताया और मांग की कि इस पूरे रैकेट का पर्दाफाश हो, ताकि कोई और लड़की इसका शिकार न हो। नातिन के अपहरण के बाद पिता ने की पत्नी की हत्या पीड़िता के 70 वर्षीय दादा ने बताया कि नातिन के अपहरण के बाद उनके बेटे और बहू के बीच झगड़े शुरू हो गए। पीड़िता की मां थाने के चक्कर लगा रही थी, लेकिन पुलिस उसे केवल आश्वासन देती रही। इस बीच, बेटी की गुमशुदगी से परेशान पिता का मूड खराब रहने लगा और एक दिन उसने अपनी पत्नी के सिर पर पत्थर मारकर उसकी हत्या कर दी। इस हत्या के आरोप में वह फिलहाल दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद है। पुलिस ने पीड़ित परिवार से ही वसूला खर्चा अब परिवार में मेरे अलावा दो छोटे बच्चों की देखरेख करने वाला कोई नहीं बचा। जब मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की गई, तब जाकर पुलिस सक्रिय हुई। पुलिस को जब इंस्टाग्राम से पता चला कि पीड़िता राजस्थान में है, तब पुलिसकर्मी परिजनों के घर चक्कर लगाने लगे। जब पुलिस ने पीड़िता की लोकेशन ट्रेस की, तो पुलिस ने मुझसे कहा कि लड़की को लाने के लिए गाड़ी का इंतजाम करो। मजबूर होकर किसी तरह गाड़ी का इंतजाम किया और लड़की को अजमेर से लाने के लिए करीब 25,000 रुपए खर्च कर दिए। इसके बाद ही लड़की को बरामद किया जा सका। पुलिस की लापरवाही से उजड़ा परिवार दादा का आरोप है कि 18 मई 2024 को गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज तो कर ली गई थी, लेकिन पुलिस ने उसे खोजने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया। महीनों तक परिवार दर-दर भटकता रहा, लेकिन पुलिस ने कोई ध्यान नहीं दिया। पुलिस अगर तत्परता दिखाती तो लड़की जल्द मिल सकती थी और परिवार भी सुरक्षित रहता। लेकिन, पुलिस की लापरवाही के कारण यह परिवार बिखर गया। परिवार के मुखिया की पत्नी की हत्या हो गई और वह खुद जेल चला गया। अब तीन छोटे बच्चों की जिम्मेदारी 70 वर्षीय दादा पर आ गई है। ———————— ये खबर भी पढ़ें- मेरठ में रिटायर्ड दरोगा के पास 16 करोड़ की संपत्ति, 30 प्लॉट, स्कूल भी; कमाई से 3 गुना ज्यादा खर्च मेरठ के जाग्रति बिहार में बुधवार को विजिलेंस टीम ने यूपी पुलिस के रिटायर्ड दरोगा महेंद्र सिंह सैनी के 2 मकानों और स्कूल में छापेमारी की। 22 अफसरों की टीम ने 7 घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया। जांच में पता चला कि दरोगा ने अपनी इनकम से 147% अधिक रुपया खर्च किया। दरोगा के पास 16 करोड़ रुपए से ज्यादा की संपत्ति का पता चला है। टीम ने 10 बैंक खातों के कागजात, 30 भूमि बैनामे, स्कूल के डॉक्यूमेंट्स कब्जे में लिए। पढ़ें पूरी खबर…