फैशन की दुनिया में हर दिन कुछ नया देखने को मिलता है। कभी किसी खास रंग का चलन बढ़ जाता है तो कभी कोई ड्रेसिंग स्टाइल सोशल मीडिया पर छा जाता है। फिल्मी सितारों से लेकर फैशन इन्फ्लुएंसर्स तक के पहनावे को देखकर लोग भी वैसा ही लुक अपनाने की कोशिश करते हैं। इसका असर खरीदारी की आदतों पर भी पड़ता है। कई बार जरूरत न होने के बावजूद केवल ट्रेंड में बने रहने के लिए नए कपड़े खरीद लिए जाते हैं। हालांकि, अब महिलाओं के बीच इस सोच में बदलाव दिखाई देने लगा है। वे दूसरों के पहनावे की नकल करने के बजाय अपनी पसंद, आराम और व्यक्तित्व को अधिक महत्व दे रही हैं।
फैशन को लेकर बदलती इस सोच की झलक महिलाओं की रोजमर्रा की जिंदगी में भी नजर आ रही है। कुछ महिलाएं अब खरीदारी करने से पहले सोचती हैं कि उन्हें वास्तव में किसी नए कपड़े की जरूरत है या वे केवल इंटरनेट पर किसी को देखकर प्रभावित हुई हैं। वहीं, कई महिलाएं अपनी अलमारी में रखे पुराने कपड़ों को नए तरीके से पहनकर अलग-अलग लुक तैयार कर रही हैं। उनके लिए फैशनेबल दिखने का मतलब हर बार महंगे या नए कपड़े खरीदना नहीं, बल्कि उपलब्ध विकल्पों का बेहतर इस्तेमाल करना है।
ग्रेटर नोएडा की खुशी भट्ट भी अपनी खरीदारी की आदतों में ऐसा बदलाव महसूस कर रही हैं। उनका कहना है कि पहले वह सोशल मीडिया पर दिखने वाले नए फैशन ट्रेंड को देखकर कपड़े खरीद लिया करती थीं। कई बार ऐसे डिजाइन और ड्रेस भी खरीद लिए, जिन्हें बाद में पहनने का अवसर ही नहीं मिला। अब वह कपड़े खरीदते समय अपनी जरूरत और पसंद को प्राथमिकता देती हैं। उनके अनुसार, ऐसा पहनावा ज्यादा अच्छा है जिसे अपनी मर्जी से चुना गया हो और जिसे बार-बार पहनने में भी कोई परेशानी न हो।
नोएडा की कोमल सिंह ने भी फैशन को अपनाने का अपना तरीका बदल लिया है। वह हर बार नई खरीदारी करने के बजाय पुराने कपड़ों को नए अंदाज में इस्तेमाल करना पसंद करती हैं। कभी किसी कुर्ते के साथ अलग दुपट्टा या एक्सेसरी जोड़ देती हैं तो कभी पुरानी साड़ी को नए तरीके से पहनकर आकर्षक लुक तैयार कर लेती हैं। इस तरह कम खरीदारी में भी उनके पास पहनने के कई विकल्प मौजूद रहते हैं।
सोशल मीडिया ने बढ़ाई फैशन की रफ्तार
कुछ साल पहले तक फैशन के ट्रेंड बदलने में काफी समय लगता था। मौसम, त्योहार और नए कलेक्शन के साथ पहनावे में बदलाव देखने को मिलता था। लेकिन इंटरनेट मीडिया के बढ़ते प्रभाव ने इस प्रक्रिया को बहुत तेज कर दिया है। अब कोई सेलिब्रिटी किसी खास तरह का आउटफिट पहनता है या कोई इन्फ्लुएंसर नया स्टाइल दिखाता है तो कुछ ही समय में वह लोगों के बीच लोकप्रिय हो जाता है।
इसे माइक्रोट्रेंड के रूप में भी देखा जा सकता है। किसी खास रंग, प्रिंट, फुटवियर या एक्सेसरी का चलन अचानक बढ़ता है और कुछ दिनों बाद उसकी जगह कोई दूसरा स्टाइल ले लेता है। ऐसे में फैशन पसंद करने वाले लोगों के सामने लगातार नए विकल्प आते रहते हैं। मैकिन्जी और बिजनेस आफ फैशन की स्टेट आफ फैशन 2026 रिपोर्ट तथा पिंटरेस्ट प्रेडिक्ट्स 2026 जैसे अध्ययन भी बदलती फैशन इंडस्ट्री और व्यक्तिगत पसंद के महत्व को समझने के लिए उपयोगी संदर्भ देते हैं।
फैशन डिजाइनर रोजी आहलूवालिया के अनुसार, अब महिलाएं केवल इसलिए किसी पहनावे को नहीं चुनना चाहतीं क्योंकि वह बाजार में लोकप्रिय है। वे यह भी देखती हैं कि वह उनके व्यक्तित्व, दिनचर्या और जरूरत के हिसाब से कितना उपयुक्त है। खासतौर पर कामकाजी महिलाओं के लिए ऐसे कपड़े अधिक उपयोगी हैं जिन्हें ऑफिस, सामान्य मुलाकातों और दूसरे अवसरों पर थोड़े बदलाव के साथ पहना जा सके।
इस बदलाव का एक महत्वपूर्ण पहलू अपनी अलग पहचान बनाना भी है। महिलाएं अब अपने पसंदीदा रंग, डिजाइन, फिटिंग और एक्सेसरीज के जरिए ऐसा स्टाइल तैयार करना चाहती हैं, जो उनके व्यक्तित्व को दर्शाए। इसे सिग्नेचर स्टाइल कहा जा सकता है। इसका मतलब यह नहीं कि किसी एक तरह के कपड़े हमेशा पहने जाएं, बल्कि अपनी पसंद को समझकर अलग-अलग प्रयोग किए जाएं।
दूसरों से तुलना बन सकती है खरीदारी की वजह
सोशल मीडिया पर लगातार आकर्षक तस्वीरें और वीडियो देखने से कई बार व्यक्ति अपनी वास्तविक जिंदगी की तुलना दूसरों के दिखाए गए लुक से करने लगता है। किसी को सुंदर कपड़ों में देखकर ऐसा महसूस हो सकता है कि उसके पास भी वैसा ही पहनावा होना चाहिए। धीरे-धीरे यह इच्छा खरीदारी के फैसलों को प्रभावित करने लगती है।
मनोविज्ञानी निशा खन्ना के अनुसार, इस तरह की मानसिक प्रक्रिया को सोशल कंपैरिजन थ्योरी यानी सामाजिक तुलना के सिद्धांत से समझा जा सकता है। इसमें व्यक्ति अनजाने में अपनी तुलना दूसरे लोगों से करने लगता है। जब वह किसी ऐसे व्यक्ति को देखता है जिसे वह खुद से अधिक आकर्षक, सफल या बेहतर मानता है, तो इसे अपवर्ड कंपैरिजन कहा जाता है।
फैशन के मामले में इसका असर इस रूप में सामने आ सकता है कि कोई महिला अपनी अलमारी में मौजूद कपड़ों से संतुष्ट होने के बजाय किसी दूसरी महिला के कपड़ों जैसा ही आउटफिट खरीदने की इच्छा करने लगे। कई बार वह अपनी जरूरत और बजट को नजरअंदाज करके भी खरीदारी कर लेती है।
हालांकि, किसी दूसरे के पहनावे से प्रभावित होना अपने आप में गलत नहीं है। परेशानी तब होती है जब व्यक्ति अपनी पसंद को पूरी तरह छोड़कर केवल दूसरों जैसा दिखने की कोशिश करने लगता है। रोजी आहलूवालिया के मुताबिक, नए फैशन से आइडिया लेना अच्छा है, लेकिन उसे अपनी जरूरत, सुविधा और आर्थिक स्थिति के अनुसार अपनाना चाहिए। किसी दूसरे का लुक देखकर प्रेरित होना और उसी की हूबहू नकल करना दो अलग बातें हैं।
फैशन की अधिकता से बढ़ रही है मानसिक थकान
आज महिलाओं के सामने कपड़ों और स्टाइल के इतने विकल्प हैं कि कई बार सही चुनाव करना भी मुश्किल हो जाता है। बाजार में नए कलेक्शन आते रहते हैं और इंटरनेट मीडिया पर हर दिन कोई नया ट्रेंड चर्चा में आ जाता है। ऐसे में लगातार अपडेट रहने की कोशिश व्यक्ति को मानसिक रूप से थका सकती है।
किस रंग के कपड़े खरीदें, कौन सा डिजाइन अब फैशन में है, किस तरह की एक्सेसरी अच्छी लगेगी और कौन सा पुराना स्टाइल दोबारा लोकप्रिय हो रहा है, इन सभी बातों पर ध्यान देना जरूरी नहीं है। लेकिन जब व्यक्ति हर बदलाव को अपनाने का दबाव महसूस करने लगता है तो फैशन का आनंद कम होने लगता है।
निशा खन्ना बताती हैं कि इसके पीछे सामाजिक स्वीकृति की इच्छा और दूसरों से पीछे रह जाने का डर भी काम करता है। कई लोगों को लगता है कि नया फैशन न अपनाने से वे कम आकर्षक या कम आधुनिक दिखाई देंगे। यही सोच खरीदारी को जरूरत के बजाय दबाव में बदल सकती है।
लगातार विकल्पों के बीच चुनाव करना भी थकावट पैदा करता है। फैशन से जुड़ी इस स्थिति को फैशन फटीग कहा जा सकता है। इसमें व्यक्ति कुछ समय बाद नए ट्रेंड देखने और उन्हें अपनाने से ऊबने लगता है। वह बार-बार खरीदारी करने के बजाय अपने पसंदीदा और आरामदायक कपड़ों की तरफ लौटना चाहता है।
FOMO छोड़कर JOMO को अपना रही हैं महिलाएं
फैशन के इस बदलते माहौल में JOMO यानी जॉय आफ मिसिंग आउट की अवधारणा भी महत्वपूर्ण होती जा रही है। इसका अर्थ है किसी लोकप्रिय चीज में शामिल न होने के बावजूद संतुष्ट रहना। इसे FOMO यानी फियर आफ मिसिंग आउट के विपरीत समझा जा सकता है।
FOMO में व्यक्ति को डर रहता है कि कहीं वह किसी नए अनुभव, ट्रेंड या लोकप्रिय गतिविधि से पीछे न रह जाए। वहीं JOMO में व्यक्ति यह स्वीकार करता है कि हर चीज में शामिल होना या हर नए चलन को अपनाना जरूरी नहीं है।
फैशन में इसका सीधा अर्थ है कि अगर कोई खास ड्रेस या रंग इंटरनेट मीडिया पर लोकप्रिय हो रहा है तो उसे खरीदना अनिवार्य नहीं है। यदि वह आपकी पसंद, बजट या जरूरत के अनुरूप नहीं है तो उसे छोड़ देना भी सही फैसला हो सकता है।
निशा खन्ना के अनुसार, किसी ट्रेंड को नहीं अपनाने से व्यक्ति की सामाजिक पहचान या आत्मविश्वास कम नहीं होता। जरूरी यह है कि फैशन को दूसरों की अपेक्षाओं को पूरा करने का माध्यम बनाने के बजाय अपनी खुशी और अभिव्यक्ति से जोड़ा जाए।
पुरानी अलमारी को नया बनाने का बढ़ रहा चलन
फैशन में अपनी पसंद को महत्व देने के साथ-साथ कपड़ों का बेहतर इस्तेमाल करने की सोच भी लोकप्रिय हो रही है। अब महिलाएं अपनी अलमारी में मौजूद कपड़ों के साथ नए प्रयोग कर रही हैं। इसके लिए हमेशा नए आउटफिट खरीदने की आवश्यकता नहीं होती। थोड़ी रचनात्मकता से पुराने कपड़ों को भी बिल्कुल अलग अंदाज दिया जा सकता है।
उदाहरण के लिए, किसी पुराने कुर्ते को नई जैकेट या दुपट्टे के साथ पहना जा सकता है। साड़ी की ड्रेपिंग बदलकर उसे नया लुक दिया जा सकता है। इसी तरह पुराने कपड़ों के साथ अलग-अलग ज्वेलरी, बेल्ट, बैग और फुटवियर का इस्तेमाल करके भी पहनावे में बदलाव किया जा सकता है।
रोजी आहलूवालिया के अनुसार, महिलाएं अब अपनी वार्डरोब को अधिक उपयोगी बनाने के लिए मिक्स एंड मैच जैसे तरीकों को अपना रही हैं। इससे एक ही कपड़े को अलग-अलग अवसरों पर नए अंदाज में इस्तेमाल किया जा सकता है। यह तरीका स्लो फैशन की सोच से भी जुड़ा है, जिसमें लंबे समय तक चलने वाले कपड़ों, अच्छी गुणवत्ता और सोच-समझकर खरीदारी करने पर जोर दिया जाता है।
खरीदारी से पहले खुद से पूछें ये सवाल
फैशन को अपनी पसंद के अनुसार अपनाने के लिए खरीदारी की आदतों में कुछ छोटे बदलाव किए जा सकते हैं। सबसे पहले यह समझना जरूरी है कि किसी कपड़े को खरीदने की इच्छा वास्तविक जरूरत से पैदा हुई है या सोशल मीडिया पर किसी को देखकर मन बना है।
दूसरा, यह देखना चाहिए कि नया आउटफिट पहले से मौजूद कपड़ों के साथ इस्तेमाल किया जा सकता है या नहीं। यदि किसी कपड़े को केवल एक बार पहनने की संभावना है तो उसकी उपयोगिता पर विचार करना बेहतर होगा।
इसके अलावा कपड़े की फिटिंग, गुणवत्ता, आराम और बजट को भी प्राथमिकता देनी चाहिए। ऐसा पहनावा चुनना ज्यादा समझदारी है जिसे अलग-अलग अवसरों पर इस्तेमाल किया जा सके। अपनी पसंद के रंग और स्टाइल पहचानने से भी अनावश्यक खरीदारी कम करने में मदद मिल सकती है।
आखिरकार फैशन का उद्देश्य केवल दूसरों की तरह दिखना नहीं, बल्कि अपने व्यक्तित्व को सहज तरीके से सामने लाना है। ट्रेंड आते-जाते रहेंगे, लेकिन अपनी पसंद और आराम को समझना लंबे समय तक काम आने वाली आदत है। जरूरी नहीं कि हर नया फैशन आपकी अलमारी का हिस्सा बने। कभी-कभी पुराने कपड़ों को नए अंदाज में पहनना और अपनी पसंद पर भरोसा करना ही सबसे बेहतर फैशन स्टेटमेंट साबित होता है।




