‘ओ रोमियो’ ने रिलीज से पहले मचाया हंगामा, एडवांस बुकिंग में दिखा शाहिद कपूर का स्टारडम

‘ओ रोमियो’ ने रिलीज से पहले मचाया हंगामा, एडवांस बुकिंग में दिखा शाहिद कपूर का स्टारडम

शाहिद कपूर एक बार फिर बड़े पर्दे पर जोरदार वापसी के मूड में हैं। पिछली रिलीज ‘देवा’ बॉक्स ऑफिस पर उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पाई थी, लेकिन अब उनकी आने वाली फिल्म ‘ओ रोमियो’ को लेकर माहौल बिल्कुल अलग नजर आ रहा है। 13 फरवरी को सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही इस फिल्म ने रिलीज से पहले ही कमाई के संकेत देने शुरू कर दिए हैं।

यह फिल्म एक रोमांटिक गैंगस्टर ड्रामा है, जिसकी कहानी मुंबई के कुख्यात माफिया डॉन हुसैन उस्तरा के इर्द-गिर्द घूमती है। शाहिद कपूर फिल्म में हुसैन उस्तरा के किरदार में नजर आएंगे, जबकि उनके अपोजिट तृप्ति डिमरी अफशां का रोल निभा रही हैं। फिल्म में अविनाश तिवारी निगेटिव रोल में दिखाई देंगे, जो कहानी में जबरदस्त टकराव लाने वाले हैं।

एडवांस बुकिंग में तगड़ा रिस्पॉन्स

सैकनिल्क की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, ‘ओ रोमियो’ ने पहले दिन के लिए अब तक 1.16 करोड़ रुपये की एडवांस बुकिंग कर ली है। खबर लिखे जाने तक कुल 49,598 टिकट बिक चुके हैं और देशभर में फिल्म के 8,336 शो तय किए गए हैं। वहीं ब्लॉक सीट्स को मिलाकर एडवांस बुकिंग का कुल आंकड़ा 3.24 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है।

अगर रीजन वाइज बात करें तो दिल्ली-NCR फिल्म के लिए सबसे बड़ा बाजार बनकर उभरा है, जहां से अब तक करीब 63 लाख रुपये का कारोबार हो चुका है। वहीं मुंबई में फिल्म ने लगभग 42 लाख रुपये की एडवांस कमाई कर ली है।

एक्शन, खून-खराबा और विशाल भारद्वाज की छाप

फिल्म के टीजर और ट्रेलर से साफ है कि दर्शकों को इस बार सिर्फ रोमांस नहीं, बल्कि जबरदस्त एक्शन और हिंसा भी देखने को मिलने वाली है। विशाल भारद्वाज के निर्देशन में बनी इस फिल्म को लेकर पहले ही काफी चर्चा है। दिलचस्प बात यह भी सामने आई थी कि इस प्रोजेक्ट में विक्रांत मैसी और तमन्ना भाटिया ने बिना किसी फीस के काम किया है।

बजट और फीस ने बढ़ाई उम्मीदें

रिपोर्ट्स के मुताबिक ‘ओ रोमियो’ का कुल बजट 75 से 80 करोड़ रुपये के बीच है। ऐसे में फिल्म को हिट साबित होने के लिए कम से कम 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा छूना जरूरी माना जा रहा है।
फीस की बात करें तो शाहिद कपूर ने इस फिल्म के लिए लगभग 45 करोड़ रुपये चार्ज किए हैं, जबकि अविनाश तिवारी को 7 करोड़ और तृप्ति डिमरी को 6 करोड़ रुपये मिले हैं।

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या ‘ओ रोमियो’ रिलीज के पहले दिन ही बड़ा रिकॉर्ड बना पाएगी और सनी देओल की ओपनिंग से जुड़ा आंकड़ा तोड़ सकेगी? इसका जवाब तो 13 फरवरी को ही मिलेगा, लेकिन एडवांस बुकिंग ने उम्मीदें जरूर आसमान पर पहुंचा दी हैं।