क्या 19 साल बाद फिर कंगारुओं को चौंका पाएगा जिम्बाब्वे ? मिचेल मार्श की फिटनेस बनी चिंता

क्या 19 साल बाद फिर कंगारुओं को चौंका पाएगा जिम्बाब्वे ? मिचेल मार्श की फिटनेस बनी चिंता

T20 वर्ल्ड कप: AUS vs ZIM

टी-20 वर्ल्ड कप का एक दिलचस्प मुकाबला शुक्रवार को देखने को मिलेगा, जब ऑस्ट्रेलिया और जिम्बाब्वे की टीमें कोलंबो में आमने-सामने होंगी। आर. प्रेमदासा स्टेडियम में यह मैच सुबह 11 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 10:30 बजे डाला जाएगा।

ऑस्ट्रेलियाई खेमे के लिए सबसे बड़ी खबर यह है कि कप्तान मिचेल मार्श का खेलना अभी भी संदिग्ध माना जा रहा है। चोट के चलते वे पिछला मैच भी नहीं खेल पाए थे। अगर वे बाहर रहते हैं, तो ट्रैविस हेड ही टीम की कमान संभालते नजर आएंगे।


इतिहास दोहराने की जिम्बाब्वे को उम्मीद

टी-20 वर्ल्ड कप के इतिहास में जिम्बाब्वे ने एक बार ऑस्ट्रेलिया को चौंकाया है। 19 साल पहले खेले गए उस मुकाबले में जिम्बाब्वे ने 139 रन का लक्ष्य आखिरी ओवर में हासिल कर लिया था। उस मैच के हीरो ब्रेंडन टेलर थे, जिन्होंने 60 रनों की यादगार पारी खेली थी। दिलचस्प बात यह है कि टेलर आज भी जिम्बाब्वे टीम का हिस्सा हैं और एक बार फिर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैदान में उतरेंगे।


ग्रुप-बी की स्थिति

ग्रुप-बी में दोनों टीमों ने अपने-अपने पहले मैच जीत लिए हैं। बेहतर रन रेट के चलते ऑस्ट्रेलिया फिलहाल दूसरे स्थान पर है, जबकि जिम्बाब्वे तीसरे नंबर पर मौजूद है। दो जीत के साथ श्रीलंका इस ग्रुप में टॉप पर काबिज है।


पहले मैच का हाल

ऑस्ट्रेलिया ने अपने शुरुआती मुकाबले में आयरलैंड को 67 रनों से हराया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम ने 182 रन बनाए और आयरलैंड को 115 पर समेट दिया।
वहीं जिम्बाब्वे ने ओमान के खिलाफ दमदार प्रदर्शन किया। ओमान को 103 रन पर ढेर करने के बाद जिम्बाब्वे ने सिर्फ 8 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।


हेड-टू-हेड रिकॉर्ड

टी-20 इंटरनेशनल में ऑस्ट्रेलिया और जिम्बाब्वे अब तक 3 बार भिड़ चुके हैं। इनमें से 2 मुकाबले ऑस्ट्रेलिया ने जीते हैं, जबकि 1 में जिम्बाब्वे को सफलता मिली है। वह जीत 2007 के टी-20 वर्ल्ड कप में आई थी। अब जिम्बाब्वे की नजरें 19 साल बाद एक और बड़ा उलटफेर करने पर होंगी।


ऑस्ट्रेलिया के मजबूत हथियार

2024 के बाद से टी-20 क्रिकेट में मिचेल मार्श ऑस्ट्रेलिया के सबसे सफल बल्लेबाज रहे हैं। 34 मैचों में उन्होंने 150 से ज्यादा की स्ट्राइक रेट से 830 रन बनाए हैं, जिसमें नाबाद 103 रन की पारी भी शामिल है।
गेंदबाजी में एडम जम्पा टीम के सबसे भरोसेमंद खिलाड़ी रहे हैं। उन्होंने 38 मैचों में 61 विकेट चटकाए हैं।


जिम्बाब्वे की उम्मीदें

जिम्बाब्वे के लिए ब्रायन बेनेट शानदार फॉर्म में हैं। 2024 के बाद से उन्होंने 50 मैचों में 1616 रन बनाए हैं और उनका सर्वोच्च स्कोर 111 रन रहा है।
गेंदबाजी में रिचर्ड नगारवा ने सबसे ज्यादा प्रभावित किया है, जिन्होंने 54 विकेट झटके हैं।


पिच का मिजाज

आर. प्रेमदासा स्टेडियम में अब तक खेले गए 50 टी-20 मुकाबलों में 28 बार लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम जीती है। हालांकि इस टूर्नामेंट में अब तक पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमों को ज्यादा सफलता मिली है। दिन का मैच होने की वजह से ओस का असर नहीं रहेगा, जबकि स्पिन गेंदबाजों को मदद मिलने की पूरी संभावना है।


मौसम का हाल

कोलंबो में तापमान 30 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है। मौसम उमस भरा रहेगा और बादल छाए रह सकते हैं, जिससे बारिश की हल्की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।


संभावित प्लेइंग-11

ऑस्ट्रेलिया:
ट्रैविस हेड (कप्तान), जोश इंग्लिस (विकेटकीपर), कैमरन ग्रीन, मैट रेनशॉ, कूपर कॉनोली, ग्लेन मैक्सवेल, मार्कस स्टोयनिस, नाथन एलिस, जैवियर बार्टलेट, मैथ्यू कुह्नेमन, एडम जम्पा

जिम्बाब्वे:
सिकंदर रजा (कप्तान), ब्रायन बेनेट, रायन बर्ल, ब्रैडली इवांस, तादिवानाशे मारुमनी, वेलिंगटन मसाकाद्जा, ताशिंगा मुसेकिवा, ब्लेसिंग मुजरबानी, डायोन मायर्स, रिचर्ड नगारवा, ब्रेंडन टेलर