भारत के हाई-टेक भविष्य की नींव अब और मजबूत होने जा रही है। 28 फरवरी को गुजरात के साणंद में एक ऐसा प्रोजेक्ट राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा, जो भारत को वैश्विक सेमीकंडक्टर मानचित्र पर नई पहचान दिलाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल Micron Technology की अत्याधुनिक सेमीकंडक्टर यूनिट का औपचारिक शुभारंभ करेंगे।
भारत में पहली बार मेमोरी चिप्स का व्यावसायिक उत्पादन
यह यूनिट ‘सेमीकंडक्टर असेंबली, टेस्ट और पैकेजिंग’ (ATMP) के क्षेत्र में भारत की पहली बड़ी व्यावसायिक सुविधा होगी। यहीं से पहली बार ‘मेड-इन-इंडिया’ मेमोरी मॉड्यूल न सिर्फ देश में इस्तेमाल होंगे, बल्कि दुनिया के अन्य देशों को भी निर्यात किए जाएंगे। करीब ₹22,500 करोड़ की लागत वाला यह निवेश भारत को वैश्विक सप्लाई चेन में एक भरोसेमंद भागीदार बनाएगा।
ISM के तहत बड़ी उपलब्धि, साणंद बनेगा टेक-हब
यह परियोजना भारत सरकार के सेमीकंडक्टर मिशन के तहत मंजूरी पाने वाली पहली योजना थी, जिसका भूमि पूजन सितंबर 2023 में हुआ था। गुजरात के साणंद में बन रही इस फैक्ट्री में लगभग 5 लाख वर्ग फुट का विशाल क्लीनरूम है, जिसे दुनिया के सबसे बड़े रेज्ड-फ्लोर क्लीनरूम्स में गिना जा रहा है। यहां विदेशों से आने वाले वेफर्स को DRAM और NAND जैसे एडवांस्ड मेमोरी व स्टोरेज प्रोडक्ट्स में बदला जाएगा, जिनका उपयोग मोबाइल फोन, डेटा सेंटर्स, AI सिस्टम और सुपरकंप्यूटर्स में होता है।
उद्घाटन समारोह का पूरा कार्यक्रम
- तारीख: 28 फरवरी
- समय: दोपहर लगभग 3:45 बजे
- स्थान: साणंद, गुजरात
- मुख्य आकर्षण: उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री इंजीनियरों, वैज्ञानिकों और कर्मचारियों से संवाद करेंगे तथा भारत के आने वाले दशक की टेक्नोलॉजी रणनीति पर अपना विज़न साझा करेंगे।
यह परियोजना सिर्फ एक फैक्ट्री नहीं, बल्कि भारत के तकनीकी आत्मनिर्भरता अभियान की दिशा में एक निर्णायक कदम मानी जा रही है।




