चंडीगढ़ में वाहन रजिस्ट्रेशन के साथ मिलेगा पार्किंग पास, नई योजना पर काम तेज

चंडीगढ़ में वाहन रजिस्ट्रेशन के साथ मिलेगा पार्किंग पास, नई योजना पर काम तेज

चंडीगढ़ में वाहन मालिकों को जल्द ही बड़ी सुविधा मिलने वाली है। चंडीगढ़ नगर निगम अब नए वाहनों के रजिस्ट्रेशन के साथ ही पार्किंग पास देने की व्यवस्था तैयार कर रहा है। इसका उद्देश्य शहर में पार्किंग पास की संख्या बढ़ाना और राजस्व में इजाफा करना है।

निगम ने रजिस्ट्रिंग एंड लाइसेंसिंग अथॉरिटी से करीब 9 लाख वाहनों का डेटा लिया है। अब इन वाहन मालिकों को मैसेज भेजकर पार्किंग पास लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

निगम आयुक्त अमित कुमार के अनुसार, अब तक करीब 12 हजार पार्किंग पास जारी किए जा चुके हैं, जिससे आय में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। साथ ही, ऑनलाइन के अलावा ऑफलाइन सुविधा देने के लिए शहर के सेक्टर 17, 22, 35 और 43 में पास काउंटर भी बनाए जा रहे हैं।

इसके अलावा, 15 मिनट की मुफ्त पिक-एंड-ड्रॉप पार्किंग सुविधा लागू करने पर भी विचार किया जा रहा है। हालांकि, इसे लागू करने से पहले अतिरिक्त मैनपावर और खर्च का आकलन किया जाएगा। नगर निगम का मानना है कि नई व्यवस्था से पार्किंग प्रबंधन और सुविधाएं दोनों बेहतर होंगी।