बॉलीवुड में बायोपिक फिल्मों का दौर लगातार जारी है और अब इस कड़ी में भारतीय संगीत के सबसे बड़े नामों में से एक आर डी बर्मन की ज़िंदगी पर फिल्म बनने की चर्चाएं तेज़ हो गई हैं। ताज़ा रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस प्रोजेक्ट की कमान मशहूर फिल्ममेकर नीरज पांडे संभाल सकते हैं। कहा जा रहा है कि नीरज पांडे, जो इससे पहले ए वेडनसडे, स्पेशल 26 और बेबी जैसी दमदार थ्रिलर फिल्में बना चुके हैं, एक बार फिर बायोपिक जॉनर में उतरने की तैयारी में हैं। इससे पहले उन्होंने स्पोर्ट्स बायोपिक एम. एस. धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी को डायरेक्ट किया था, जिसे दर्शकों से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला था।
स्क्रिप्ट तैयार, लोकेशन भी फाइनल?
मीडिया रिपोर्ट्स का दावा है कि आरडी बर्मन की बायोपिक की स्क्रिप्ट पूरी हो चुकी है और फिल्म के लिए स्कॉटलैंड व बुडापेस्ट में रेकी भी की जा चुकी है। हालांकि मेकर्स की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। लीड रोल के लिए एक्टर्स से बातचीत जारी है, लेकिन कास्टिंग को लेकर सस्पेंस बरकरार है।
क्यों खास थे पंचम दा?
तीन दशकों से भी लंबे करियर में आरडी बर्मन ने करीब 300 से ज्यादा फिल्मों में संगीत दिया और हर जॉनर में अपने एक्सपेरिमेंट्स से नई पहचान बनाई। वेस्टर्न म्यूजिक, जैज़, रॉक और भारतीय लोकधुनों का फ्यूज़न उनकी सबसे बड़ी ताकत रहा, जिसने हिंदी फिल्म संगीत को नई दिशा दी।
पिता से सीखी संगीत की बारीकियां
पंचम दा ने अपने करियर की शुरुआत अपने पिता, महान संगीतकार सचिन देव बर्मन के असिस्टेंट के रूप में की थी। बाद में 1961 में आई फिल्म छोटे नवाब से उन्होंने एक स्वतंत्र म्यूजिक डायरेक्टर के तौर पर अपनी पहचान बनाई।
सदाबहार कोलैबोरेशन
आरडी बर्मन की जोड़ी किशोर कुमार, आशा भोसले और लता मंगेशकर जैसे दिग्गज सिंगर्स के साथ रही, जिसने बॉलीवुड को अनगिनत एवरग्रीन गाने दिए। अब देखना दिलचस्प होगा कि अगर यह बायोपिक आधिकारिक तौर पर अनाउंस होती है, तो पंचम दा की ज़िंदगी और उनके संगीत के जादू को बड़े पर्दे पर किस अंदाज़ में पेश किया जाता है।




