कॉमेडी के लिए मशहूर अभिनेता राजपाल यादव इन दिनों कानूनी मुश्किलों से गुजर रहे हैं। चेक बाउंस मामले में तिहाड़ जेल में बंद एक्टर की जमानत याचिका पर आज यानी 16 फरवरी को सुनवाई होनी है। ऐसे में बड़ा सवाल यही है कि क्या आज उन्हें राहत मिलेगी या फिर उन्हें अभी और जेल में रहना पड़ेगा।
वायरल वीडियो ने बढ़ाई गलतफहमी, सच्चाई कुछ और निकली
हाल ही में सोशल मीडिया पर राजपाल यादव का एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें वे सलमान खान की तारीफ करते नजर आ रहे हैं। वीडियो के साथ दावा किया गया कि सलमान की मदद से राजपाल को जमानत मिल गई है।
लेकिन फैक्ट चेक में सामने आया कि यह वीडियो करीब 8 साल पुराना है और साल 2018 का है, जब सलमान खान को काला हिरण शिकार मामले में बेल मिली थी। इस वीडियो का राजपाल की मौजूदा जमानत से कोई लेना-देना नहीं है।
पत्नी राधा यादव ने अफवाहों पर लगाया विराम
बॉम्बे टाइम्स से बातचीत में राजपाल की पत्नी राधा यादव ने साफ कहा कि फिलहाल एक्टर जेल से बाहर नहीं आए हैं।
उनके मुताबिक, “राजपाल अभी तिहाड़ जेल में ही हैं। जमानत पर सुनवाई 16 फरवरी को तय है।” राजपाल की सेहत को लेकर उन्होंने बताया कि वे ठीक हैं और परिवार को इस मुश्किल समय में इंडस्ट्री और फैंस का भरपूर साथ मिल रहा है।
अभी किसी का नाम नहीं, बाद में खुद देंगे जानकारी
जब राधा से पूछा गया कि किन लोगों ने आर्थिक या भावनात्मक मदद की, तो उन्होंने कहा कि कई लोगों ने सहयोग किया है, लेकिन अभी किसी का नाम या रकम साझा नहीं की जा सकती।
उन्होंने यह भी जोड़ा कि राजपाल के बाहर आने के बाद वे खुद मीडिया से बात करेंगे और पूरी स्थिति साफ करेंगे।
12 फरवरी को क्यों खारिज हुई थी जमानत?
राजपाल यादव की जमानत याचिका पर 12 फरवरी को Delhi High Court में सुनवाई हुई थी, जहां कोर्ट ने उनकी अर्जी खारिज कर दी थी। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने सवाल उठाया कि जब एक्टर खुद कर्ज लेने और रकम लौटाने की बात स्वीकार कर चुके हैं, तो सजा पर रोक लगाने का आधार क्या है। कोर्ट ने यह भी कहा कि एक्टर को पहले कई मौके दिए गए, लेकिन भुगतान समय पर नहीं हुआ। ऐसे में कानून के तहत कार्रवाई जरूरी है।
क्यों जेल में हैं राजपाल यादव? पूरा मामला समझिए
- साल 2010 में फिल्म अता पता लापता बनाने के लिए राजपाल यादव ने एक प्राइवेट कंपनी से 5 करोड़ रुपये का कर्ज लिया।
- फिल्म फ्लॉप होने के बाद आर्थिक हालात बिगड़ गए और समय पर भुगतान नहीं हो सका।
- दिए गए चेक बाउंस हो गए, जिसके बाद मामला कोर्ट तक पहुंचा।
- 2018 में कड़कड़डूमा कोर्ट ने उन्हें दोषी ठहराते हुए 6 महीने की सजा सुनाई।
- अपील के दौरान कई बार राहत मिली, लेकिन शर्तें पूरी न होने पर आखिरकार 5 फरवरी को उन्हें सरेंडर करना पड़ा।
इंडस्ट्री ने बढ़ाया मदद का हाथ
जेल जाने से पहले राजपाल यादव ने कहा था कि उनके पास फिलहाल पैसे नहीं हैं। इसके बाद सोनू सूद ने खुले तौर पर इंडस्ट्री से उनकी मदद की अपील की। बताया जा रहा है कि अजय देवगन, डेविड धवन और सलमान खान सहित कई लोगों ने आर्थिक सहयोग किया है।
अब सबकी नजर 16 फरवरी पर
फिलहाल राजपाल यादव की जमानत पर अगली सुनवाई आज होनी है। जब तक कोर्ट से राहत नहीं मिलती, तब तक उन्हें तिहाड़ जेल में ही रहना होगा। क्या आज कॉमेडी किंग को जेल से बाहर आने का मौका मिलेगा या कानूनी लड़ाई अभी और लंबी चलेगी – इसका जवाब कुछ ही घंटों में सामने होगा।




