लॉस एंजिल्स में ‘रामायण’ की स्पेशल स्क्रीनिंग, पहले रिएक्शन ने बढ़ाया एक्साइटमेंट

लॉस एंजिल्स में ‘रामायण’ की स्पेशल स्क्रीनिंग, पहले रिएक्शन ने बढ़ाया एक्साइटमेंट

भारतीय सिनेमा की बहुप्रतीक्षित फिल्म रामायण को लेकर विदेश से पहली सकारात्मक चर्चा सामने आई है। अमेरिका के लॉस एंजिल्स में हाल ही में फिल्म की एक खास और सीमित स्क्रीनिंग आयोजित की गई, जहां दर्शकों की प्रतिक्रिया ने मेकर्स का भरोसा और मजबूत कर दिया।

बताया जा रहा है कि इस शो में अलग-अलग उम्र के चुनिंदा लोग शामिल हुए थे। दर्शकों को फिल्म का शुरुआती फर्स्ट कट दिखाया गया, जिसे देखने के बाद ज्यादातर लोगों ने इसकी भव्यता और सिनेमाई अपील की सराहना की। खास तौर पर फिल्म की विजुअल क्वालिटी और कहानी की प्रस्तुति को लेकर अच्छा फीडबैक सामने आया है।

डायरेक्टर नितेश तिवारी के निर्देशन की भी जमकर तारीफ हो रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दर्शकों को फिल्म का स्केल और इमोशनल टच काफी प्रभावशाली लगा। हालांकि अभी फिल्म का पोस्ट-प्रोडक्शन पूरा नहीं हुआ है और वीएफएक्स पर काम तेजी से जारी है। मेकर्स के लिए यह स्क्रीनिंग बेहद अहम मानी जा रही है, क्योंकि इससे उन्हें इंटरनेशनल ऑडियंस का शुरुआती रिएक्शन मिला है। इसी फीडबैक के आधार पर फिल्म के कुछ तकनीकी पहलुओं को और बेहतर किया जाएगा। बड़े स्तर के वीएफएक्स की वजह से इस प्रोजेक्ट में समय लगना तय है।

इसी कारण फिल्म को दो हिस्सों में रिलीज करने की योजना बनाई गई है। पहला भाग 2026 की दीवाली पर सिनेमाघरों में आएगा, जबकि दूसरा भाग 2027 की दीवाली पर रिलीज किया जाएगा। फिल्म का कुल बजट भी चर्चा में है, जिसे करीब 4000 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। कास्ट की बात करें तो रणबीर कपूर भगवान श्रीराम की भूमिका निभाते नजर आएंगे, वहीं साईं पल्लवी माता सीता के किरदार में दिखेंगी। फिल्म में यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं और सनी देओल भगवान हनुमान के रूप में नजर आएंगे। इस मेगा प्रोजेक्ट के निर्माता नमित मल्होत्रा हैं।

वर्कफ्रंट पर नजर डालें तो रणबीर कपूर इस फिल्म के बाद संजय लीला भंसाली की अगली फिल्म लव एंड वॉर में दिखाई देंगे, जिसमें उनके साथ आलिया भट्ट और विक्की कौशल भी अहम भूमिकाओं में होंगे। लॉस एंजिल्स से आई शुरुआती प्रतिक्रियाओं ने यह साफ कर दिया है कि ‘रामायण’ को लेकर उम्मीदें अब और भी ज्यादा बढ़ चुकी हैं।