बॉलीवुड के किंग खान यानी शाहरुख खान की आने वाली फिल्म ‘किंग’ को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह बना हुआ है। फिल्म से जुड़ी छोटी-सी जानकारी भी सामने आती है तो फैंस के बीच चर्चा तेज हो जाती है। हाल ही में फिल्म का एक छोटा टीज़र सामने आया था, जिसने इस प्रोजेक्ट के लिए लोगों की उत्सुकता और बढ़ा दी।
इसी बीच अभिनेता सौरभ शुक्ला ने एक इंटरव्यू में फिल्म को लेकर दिलचस्प खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि इस फिल्म में इंडस्ट्री के कई बड़े कलाकार एक साथ दिखाई देने वाले हैं। सौरभ शुक्ला खुद भी इस प्रोजेक्ट का हिस्सा हैं और उन्होंने कहा कि ‘किंग’ की कास्ट इतनी बड़ी है कि करीब 70 प्रतिशत फिल्म इंडस्ट्री इसमें शामिल लगती है। एक्टर ने यह भी बताया कि शूटिंग के दौरान उनका अनुभव बेहद शानदार रहा। उन्होंने शाहरुख खान की पर्सनैलिटी की तारीफ करते हुए कहा कि सेट पर काम करना काफी मजेदार रहा और उनका खुद का किरदार भी दर्शकों को याद रहने वाला है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म में सुहाना खान और दीपिका पादुकोण अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगी। इनके अलावा रानी मुखर्जी, अभिषेक बच्चन, अनिल कपूर, अरशद वारसी, जैकी श्रॉफ, जयदीप अहलावत, राघव जुयाल जैसे कई कलाकार भी इस बड़े प्रोजेक्ट से जुड़े बताए जा रहे हैं।
इस हाई-ऑक्टेन एक्शन फिल्म का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद कर रहे हैं। खास बात यह है कि इस फिल्म के जरिए शाहरुख खान की बेटी सुहाना खान बड़े पर्दे पर डेब्यू करने जा रही हैं। इससे पहले वह नेटफ्लिक्स की फिल्म ‘द आर्चीज’ में नजर आ चुकी हैं। फिल्म ‘किंग’ को 24 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज करने की तैयारी है। इतनी बड़ी स्टारकास्ट के साथ यह फिल्म पहले से ही साल की सबसे चर्चित फिल्मों में गिनी जा रही है।




