स्वतंत्रता दिवस पर सलमान खान का वार अटैक! ‘बैटल ऑफ गलवान’ की रिलीज डेट बदली

स्वतंत्रता दिवस पर सलमान खान का वार अटैक! ‘बैटल ऑफ गलवान’ की रिलीज डेट बदली

सलमान खान की अपकमिंग वॉर ड्रामा फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। लंबे समय से चर्चा में बनी इस फिल्म की रिलीज डेट अब बदल दी गई है। पहले यह मूवी 17 अप्रैल को सिनेमाघरों में आने वाली थी, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म को 14 अगस्त 2026 को रिलीज करने की तैयारी चल रही है।

हालांकि, मेकर्स की तरफ से अभी तक इस नई तारीख पर कोई आधिकारिक मुहर नहीं लगी है, लेकिन इंडस्ट्री में इसे लगभग फाइनल माना जा रहा है।


रिलीज में देरी की असली वजह क्या है?

फिल्म की रिलीज टलने के पीछे की वजह भी सामने आ गई है। बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के अनुसार, ‘बैटल ऑफ गलवान’ के कुछ अहम सीन दोबारा शूट किए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि ये री-शूटिंग उम्मीद से ज्यादा वक्त ले रही है।

सलमान खान और निर्देशक अपूर्वा लखिया दोनों ही चाहते हैं कि फिल्म का इमोशनल और देशभक्ति वाला असर और ज्यादा दमदार हो। इसी वजह से मेकर्स किसी तरह की जल्दबाजी नहीं करना चाहते और फिल्म को पूरी तरह परफेक्ट बनाकर ही रिलीज करना चाहते हैं।


गलवान घाटी की सच्ची घटना पर आधारित है फिल्म

‘बैटल ऑफ गलवान’ साल 2020 में पूर्वी लद्दाख की गलवान घाटी में हुई उस ऐतिहासिक और दर्दनाक झड़प पर आधारित है, जिसमें भारतीय और चीनी सैनिक आमने-सामने आए थे।
15-16 जून की उस रात बिना एक भी गोली चले लाठी-डंडों से भीषण संघर्ष हुआ था, जिसमें 20 भारतीय जवान शहीद हो गए थे।

फिल्म में सलमान खान कर्नल बी. संतोष बाबू की भूमिका निभा रहे हैं, जिन्होंने देश के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया।


कास्ट, टीजर और गाने को मिला जबरदस्त रिस्पॉन्स

सलमान खान फिल्म्स के बैनर तले बनी इस फिल्म में चित्रांगदा सिंह फीमेल लीड में नजर आएंगी।
फिल्म का टीजर सलमान के 60वें जन्मदिन (27 दिसंबर 2025) पर लॉन्च किया गया था, जिसे फैन्स से शानदार रिस्पॉन्स मिला।
इसके अलावा फिल्म का देशभक्ति से भरा गाना ‘मातृभूमि’ भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ।


बॉक्स ऑफिस पर होगी बड़ी भिड़ंत!

अगर ‘बैटल ऑफ गलवान’ वाकई 14 अगस्त को रिलीज होती है, तो बॉक्स ऑफिस पर एक दिलचस्प टक्कर देखने को मिलेगी। उसी दिन कार्तिक आर्यन की फिल्म ‘नागजिला’ भी रिलीज के लिए पहले से तय है।

‘नागजिला’ एक हाई-फैंटेसी कॉमेडी फिल्म है, जिसका निर्देशन मृगदीप सिंह लांबा ने किया है। इसे धर्मा प्रोडक्शंस और महावीर जैन फिल्म्स ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म में रवि किशन भी अहम भूमिका में नजर आएंगे।