T20 वर्ल्ड कप: सुपर-8 में आज वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे की टक्कर, उलटफेर की फिराक में जिम्बाब्वे

T20 वर्ल्ड कप: सुपर-8 में आज वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे की टक्कर, उलटफेर की फिराक में जिम्बाब्वे

टी-20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 चरण में आज एक दिलचस्प मुकाबला देखने को मिलेगा, जब वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे की टीमें आमने-सामने होंगी। दोनों ही टीमों के लिए यह सुपर-8 का पहला मैच होगा। यह हाई-वोल्टेज मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में शाम 7 बजे से खेला जाएगा। जिम्बाब्वे की टीम इस टूर्नामेंट में पहले ही बड़ा धमाल मचा चुकी है। उसने ग्रुप स्टेज में दो पूर्व वर्ल्ड चैंपियन—ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका—को शिकस्त देकर सभी को चौंका दिया। अब उसकी नजर वेस्टइंडीज पर है, जिसे वह इससे पहले 2010 में हरा चुकी है। दिलचस्प बात यह है कि टी-20 इंटरनेशनल में वेस्टइंडीज के खिलाफ जिम्बाब्वे की यह अब तक की इकलौती जीत रही है।

वहीं दूसरी ओर, वेस्टइंडीज ने लीग स्टेज में शानदार प्रदर्शन किया था और अपने सभी चार मैच जीते थे। टीम की बल्लेबाजी काफी संतुलित नजर आई है, जहां टॉप ऑर्डर से लेकर मिडिल ऑर्डर तक सभी ने योगदान दिया है। गेंदबाजी में भी तेज और स्पिन दोनों विभाग प्रभावी रहे हैं।

हेड-टू-हेड रिकॉर्ड

टी-20 इंटरनेशनल में दोनों टीमों के बीच अब तक 4 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें से 3 मैच वेस्टइंडीज ने अपने नाम किए हैं, जबकि जिम्बाब्वे को सिर्फ एक जीत मिली है। टी-20 वर्ल्ड कप में दोनों की पिछली भिड़ंत 2022 में हुई थी, जिसमें वेस्टइंडीज ने बाजी मारी थी।

फॉर्म में खिलाड़ी

वेस्टइंडीज के लिए इस टूर्नामेंट में शाई होप सबसे सफल बल्लेबाज रहे हैं। उन्होंने 4 मैचों में 134 से ज्यादा की स्ट्राइक रेट से 155 रन बनाए हैं, जिसमें 75 रन की बेहतरीन पारी शामिल है। गेंदबाजी में शमार जोसेफ ने दमदार प्रदर्शन करते हुए 7 विकेट झटके हैं, जिनमें एक मैच में 4 विकेट उनका सर्वश्रेष्ठ रहा है। जिम्बाब्वे की बात करें तो ब्रायन बेनेट ने बल्लेबाजी में कमाल किया है। उन्होंने 3 मैचों में 175 रन बनाए हैं और उनका बेस्ट स्कोर 64 नाबाद है। तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी ने भी शानदार गेंदबाजी करते हुए सिर्फ 5.91 की इकॉनमी से 9 विकेट चटकाए हैं।

पिच का मिजाज

वानखेड़े स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है। नई गेंद से तेज गेंदबाजों को थोड़ी स्विंग मिल सकती है, लेकिन बाद में रन बनाना आसान हो जाता है। नाइट मैच में ओस अहम भूमिका निभा सकती है, ऐसे में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करना फायदेमंद साबित हो सकता है।
अब तक यहां खेले गए 15 टी-20 इंटरनेशनल मैचों में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 7 और लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने 8 मुकाबले जीते हैं। पहली पारी का औसत स्कोर करीब 183 रन है।

मौसम का हाल

मुंबई में मैच के दौरान मौसम साफ रहने की उम्मीद है। बारिश की कोई संभावना नहीं है। तापमान 21 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

संभावित प्लेइंग-11

वेस्टइंडीज:
ब्रैंडन किंग, शाई होप (कप्तान/विकेटकीपर), शिमरॉन हेटमायर, रोस्टन चेज, शेरफेन रदरफोर्ड, रोवमन पॉवेल, जेसन होल्डर, मैथ्यू फोर्ड, अकिल हुसैन, गुडाकेश मोती, शमार जोसेफ

जिम्बाब्वे:
ब्रायन बेनेट, तदिवानाशे मारुमनी, सिकंदर रजा (कप्तान), रायन बर्ल, डायोन मायर्स, ताशिंगा मुसेकिवा, वेलिंगटन मसाकाद्जा, ब्रैड इवांस, टोनी मुनयोंगा, ग्रीम क्रेमर, ब्लेसिंग मुजरबानी