T20 वर्ल्ड कप: भारत ने इंग्लैंड को 7 रन से हराकर फाइनल में बनाई जगह, सैमसन की शानदार पारी

T20 वर्ल्ड कप: भारत ने इंग्लैंड को 7 रन से हराकर फाइनल में बनाई जगह, सैमसन की शानदार पारी

टीम इंडिया ने टी-20 वर्ल्ड कप के दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड को रोमांचक मुकाबले में 7 रन से हराते हुए फाइनल में एंट्री कर ली है। यह चौथी बार है जब भारत इस टूर्नामेंट के फाइनल तक पहुंचा है। अब 8 मार्च को अहमदाबाद में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खिताबी मुकाबला खेला जाएगा।

मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मैच में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 253 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। जवाब में इंग्लैंड की टीम निर्धारित ओवरों में 7 विकेट पर 246 रन ही बना सकी और मैच हार गई।

भारतीय पारी में संजू सैमसन ने सबसे ज्यादा 89 रन बनाए और उनकी शानदार बल्लेबाजी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उनके अलावा ईशान किशन ने 39 रन, शिवम दुबे ने 43 रन और हार्दिक पंड्या ने 27 रन का योगदान दिया, जबकि तिलक वर्मा ने 21 रन बनाए। इंग्लैंड की ओर से विल जैक्स और आदिल रशीद ने दो-दो विकेट लिए, जबकि एक सफलता जोफ्रा आर्चर को मिली।

टीम इंडिया का यह स्कोर टी-20 वर्ल्ड कप इतिहास में उसका दूसरा सबसे बड़ा स्कोर रहा। इससे पहले भारत ने इसी टूर्नामेंट में जिम्बाब्वे के खिलाफ 256 रन बनाए थे। वहीं पूरे टी-20 वर्ल्ड कप इतिहास में यह चौथा सबसे बड़ा स्कोर है। इस टूर्नामेंट का सबसे बड़ा स्कोर 260 रन है, जो श्रीलंका ने 2007 में केन्या के खिलाफ बनाया था। 254 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। पावरप्ले के दौरान ही टीम ने 68 रन पर अपने तीन अहम विकेट गंवा दिए। वरुण चक्रवर्ती ने जोस बटलर को 25 रन पर आउट किया, जबकि जसप्रीत बुमराह ने हैरी ब्रूक (7 रन) को पवेलियन भेजा। वहीं हार्दिक पंड्या ने फिल सॉल्ट को 5 रन पर चलता किया।

हालांकि नंबर-4 पर उतरे जैकब बेथेल ने इंग्लैंड को मुकाबले में बनाए रखने की पूरी कोशिश की। उन्होंने सिर्फ 48 गेंदों में 105 रन की शानदार शतकीय पारी खेली। बेथेल ने टॉम बैंटन के साथ चौथे विकेट के लिए 31 रन, विल जैक्स के साथ पांचवें विकेट के लिए 77 रन और सैम करन के साथ छठे विकेट के लिए 50 रन की साझेदारी की।

लेकिन बेथेल के आउट होते ही इंग्लैंड की उम्मीदें भी खत्म हो गईं और भारत ने मैच अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ भारत ने 2007, 2014 और 2024 के बाद एक बार फिर टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल में जगह बना ली है।