टी-20 वर्ल्ड कप का 40वां लीग स्टेज मैच आज ऑस्ट्रेलिया और ओमान के बीच पल्लेकेले इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। मुकाबला शाम 7 बजे शुरू होगा और टॉस 6:30 बजे होगा। इस मैच के बाद ग्रुप स्टेज का सफर पूरी तरह समाप्त हो जाएगा।
ऑस्ट्रेलिया का निराशाजनक प्रदर्शन
टीम ऑस्ट्रेलिया, जिसने 2021 का टी-20 वर्ल्ड कप जीता था, इस बार ग्रुप स्टेज से बाहर हो गई है। टीम ने अपने तीन मैचों में केवल एक ही जीत दर्ज की, वह भी आयरलैंड के खिलाफ 67 रन से। जिम्बाब्वे और आयरलैंड का मैच बारिश के कारण रद्द होने के बाद जिम्बाब्वे सुपर-8 में पहुंच गया, जिससे ऑस्ट्रेलिया का खिताबी सपना टूट गया। 2009 के बाद यह पहली बार है जब ऑस्ट्रेलिया ग्रुप स्टेज में ही बाहर हो गई।
मैट रेनशॉ ऑस्ट्रेलिया के लिए इस वर्ल्ड कप में सबसे बड़े रन स्कोरर रहे हैं, जिन्होंने कुल 102 रन बनाए, जिसमें उनका बेस्ट स्कोर 65 रन है। गेंदबाजी में नाथन एलिस 4 विकेट लेकर टीम के टॉप बॉलर हैं।
ओमान की स्थिति भी समान
ओमान की टीम का प्रदर्शन भी खास नहीं रहा। तीनों मैचों में टीम को हार का सामना करना पड़ा। अब अंतिम मुकाबले में जतिंदर सिंह और सुफ्यान महमूद जैसे खिलाड़ी अपनी क्षमता दिखाने की कोशिश करेंगे। आमिर कलीम इस वर्ल्ड कप में ओमान के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं, उन्होंने तीन मैचों में 61 रन बनाए हैं। गेंदबाजी में शकील अहमद 3 विकेट लेकर टीम के प्रमुख बॉलर हैं।
पिच और मौसम की स्थिति
पल्लेकेले की पिच स्पिन गेंदबाजों के लिए मददगार मानी जाती है। शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को थोड़ी स्विंग मिलती है, लेकिन जैसे-जैसे ओवर बढ़ते हैं, स्पिनरों को बढ़त मिलती है। इस पिच पर पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम अगर 170 रन तक पहुँचती है तो यह अच्छा स्कोर माना जाता है।
मौसम की बात करें तो कैंडी में हल्की बारिश या बौछारें पड़ सकती हैं। तापमान 25 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
संभावित प्लेइंग-11
ऑस्ट्रेलिया: मिचेल मार्श (कप्तान), ट्रेविस हेड, कैमरन ग्रीन, टिम डेविड, जोश इंग्लिस (विकेटकीपर), ग्लेन मैक्सवेल, मार्कस स्टोयनिस, कूपर कॉनोली, जेवियर बार्टलेट, नाथन एलिस, एडम जाम्पा।
ओमान: आमिर कलीम, जतिंदर सिंह (कप्तान), हम्माद मिर्जा, आशीष ओडेदरा, मोहम्मद नदीम, जितेन रामानंदी, विनायक शुक्ला (विकेटकीपर), नदीम खान, सुफियान महमूद, शाह फैजल, शकील अहमद।



