नेपाल में आम चुनाव के लिए मतदान प्रक्रिया शुक्रवार को सुबह 7 बजे शुरू हुई और शाम 5 बजे तक जारी रही। चुनाव आयोग के शुरुआती आंकड़ों के अनुसार दोपहर तक करीब 60% वोट डाले जा चुके थे, जबकि दूरदराज के कुछ इलाकों में मतदान देर तक चलता रहा। अंतिम मतदान प्रतिशत जल्द जारी होने की उम्मीद है। वोटों की गिनती रात 12 बजे से शुरू की जाएगी।
इस चुनाव को नेपाल की राजनीति के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। सितंबर 2025 में युवाओं के उग्र प्रदर्शनों के बाद यह देश का पहला आम चुनाव है। उस समय बढ़ते विरोध के चलते तत्कालीन प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली की सरकार गिर गई थी, जिसके बाद देश में राजनीतिक अस्थिरता का दौर शुरू हो गया था।
सरकार गिरने के बाद नेपाल की पूर्व मुख्य न्यायाधीश सुशीला कार्की के नेतृत्व में एक अंतरिम सरकार बनाई गई थी। इसी अंतरिम सरकार ने देश में आम चुनाव कराने की जिम्मेदारी संभाली और अब चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद नई सरकार के गठन का रास्ता साफ होगा।
प्रधानमंत्री सुशीला कार्की ने काठमांडू के धापासी स्थित एक मतदान केंद्र पर जाकर अपना वोट डाला। मतदान के बाद उन्होंने कहा कि एक अंतरिम प्रधानमंत्री के रूप में उनकी जिम्मेदारी लगभग पूरी हो चुकी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह चुनाव नेपाल के भविष्य और राजनीतिक स्थिरता को नई दिशा देगा।
प्रधानमंत्री पद की दौड़ में तीन बड़े नाम सामने आ रहे हैं। काठमांडू के पूर्व मेयर बालेन शाह, पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली और नेपाली कांग्रेस के नेता गगन थापा को इस चुनाव में सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा है। अब सभी की नजरें मतगणना और आने वाले नतीजों पर टिकी हुई हैं।




