‘लाहौर 1947’ से ‘बटवारा 1947’ बनी सनी देओल की फिल्म, रिलीज़ से पहले बदला गया टाइटल

‘लाहौर 1947’ से ‘बटवारा 1947’ बनी सनी देओल की फिल्म, रिलीज़ से पहले बदला गया टाइटल

राजकुमार संतोषी की बहुचर्चित फिल्म ‘लाहौर 1947’ को लेकर बड़ा बदलाव किया गया है। मेकर्स ने फिल्म का टाइटल बदलने का फैसला लिया है और अब यह फिल्म ‘बटवारा 1947’ नाम से रिलीज़ होगी। रिपोर्ट्स के मुताबिक यह निर्णय पिछले हफ्ते लिया गया, क्योंकि निर्माता चाहते थे कि फिल्म के नाम में ‘लाहौर’ शब्द न रहे। इस फिल्म की खास बात यह भी है कि इसे आमिर खान प्रोड्यूस कर रहे हैं, जबकि सनी देओल इसमें मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। खबर है कि आमिर खान भी फिल्म में एक एक्सटेंडेड कैमियो करते हुए दिखाई देंगे।

बंटवारे के दौर की कहानी

फिल्म की कहानी 1947 के भारत-पाकिस्तान बंटवारे की पृष्ठभूमि पर आधारित है। कथानक एक बुजुर्ग हिंदू महिला ‘माई’ के इर्द-गिर्द घूमता है, जो बंटवारे के बाद भी लाहौर में रहने का फैसला करती है। दरअसल, यह फिल्म मशहूर लेखक असगर वजाहत के प्रसिद्ध नाटक ‘जिस लाहौर नई वेख्या ओ जम्या ए नई’ से प्रेरित है। पहले इसके राइट्स गोविंद निहलानी के पास थे, लेकिन बाद में राजकुमार संतोषी ने इसे अपने प्रोजेक्ट के लिए हासिल कर लिया। काफी समय से संतोषी इस कहानी को बड़े पर्दे पर लाना चाहते थे और शुरू से ही सनी देओल को मुख्य भूमिका में लेने का मन बना चुके थे। जब आमिर खान को कहानी सुनाई गई तो उन्होंने इसे प्रोड्यूस करने का फैसला कर लिया।

15 अगस्त पर रिलीज़ की तैयारी

लंबे समय से चर्चा में बनी यह फिल्म कई उतार-चढ़ाव से गुजर चुकी है। पिछले साल इसकी रिलीज़ को लेकर हलचल थी, लेकिन भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव के कारण इसे फिलहाल टाल दिया गया था। अब मेकर्स इसे 15 अगस्त के आसपास सिनेमाघरों में रिलीज़ करने की तैयारी कर रहे हैं।

दमदार स्टारकास्ट भी बनेगी आकर्षण

फिल्म में सनी देओल के साथ प्रीति जिंटा, शबाना आजमी, करण देओल, अली फजल और अभिमन्यु सिंह जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह स्टारकास्ट फिल्म को और भी खास बना रही है।