ईद के मौके पर घोषित अस्थायी शांति ज्यादा समय तक टिक नहीं सकी और अब अफगानिस्तान-पाकिस्तान सीमा एक बार फिर संघर्ष की चपेट में आ गई है। दोनों देशों के बीच ताजा झड़पों ने क्षेत्र में तनाव को गंभीर बना दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान की ओर से अफगानिस्तान के कुनार प्रांत के नराई और सरकानो इलाकों में भारी गोलाबारी की गई। इस हमले में कम से कम दो नागरिकों की जान चली गई, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं।
अफगान अधिकारियों ने इन हमलों की पुष्टि करते हुए कहा कि उनकी सुरक्षा बलों ने तुरंत जवाबी कार्रवाई की। अफगान बलों का दावा है कि उन्होंने पलटवार में पाकिस्तान की तीन सैन्य चौकियों को तबाह कर दिया और एक सैनिक को मार गिराया। दूसरी ओर, पाकिस्तान ने इन आरोपों को खारिज करते हुए उल्टा अफगान सेना पर सीमा पार फायरिंग शुरू करने का आरोप लगाया है। पाकिस्तानी पक्ष का कहना है कि उनके ऑपरेशन तब तक जारी रहेंगे जब तक उनके सुरक्षा लक्ष्य पूरे नहीं हो जाते।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही दोनों देशों ने ईद के दौरान हमले रोकने पर सहमति जताई थी। यह फैसला सऊदी अरब, कतर और तुर्की जैसे देशों की मध्यस्थता के बाद लिया गया था, जिससे उम्मीद थी कि हालात सामान्य होंगे। हालांकि, अब सीजफायर खत्म होते ही फिर से हालात बिगड़ते नजर आ रहे हैं।
इससे पहले भी पाकिस्तान द्वारा काबुल के एक अस्पताल पर बड़े हमले की खबर सामने आई थी, जिसमें भारी जनहानि हुई थी। ताजा घटनाओं ने एक बार फिर पूरे क्षेत्र में बड़े संघर्ष की आशंका को बढ़ा दिया है।



