‘ऑपरेशन सिंदूर’ का ऐलान: पहलगाम हमले की पृष्ठभूमि पर बनेगी नई देशभक्ति फिल्म

‘ऑपरेशन सिंदूर’ का ऐलान: पहलगाम हमले की पृष्ठभूमि पर बनेगी नई देशभक्ति फिल्म

देशभक्ति सिनेमा को पसंद करने वाले दर्शकों के लिए एक और बड़ी फिल्म की घोषणा हो चुकी है। ‘धुरंधर 2’ की शानदार सफलता के बीच निर्देशक विवेक अग्निहोत्री ने अपने अगले प्रोजेक्ट ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का खुलासा किया है, जिसे भूषण कुमार प्रोड्यूस करेंगे। बताया जा रहा है कि यह फिल्म एक वास्तविक घटना से प्रेरित होगी और इसकी कहानी पहलगाम आतंकी हमले के बाद के घटनाक्रमों पर आधारित है। फिल्म में भारतीय सेना की रणनीति और सुरक्षा से जुड़े अहम पहलुओं को विस्तार से दिखाने की कोशिश की जाएगी।

इस प्रोजेक्ट के बारे में जानकारी साझा करते हुए विवेक अग्निहोत्री ने बताया कि फिल्म की स्क्रिप्ट तैयार करने से पहले उनकी टीम ने व्यापक स्तर पर रिसर्च की है। इसके लिए सेना की विभिन्न इकाइयों से जुड़ी जानकारियां भी जुटाई गईं, ताकि कहानी को वास्तविकता के करीब रखा जा सके।

‘ऑपरेशन सिंदूर’ की कहानी लेफ्टिनेंट जनरल केजीएस टाइनी ढिल्लों की किताब ‘ऑपरेशन सिंदूर: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ इंडिया डीप स्ट्राइक्स इनसाइड पाकिस्तान’ से प्रेरित बताई जा रही है। यह फिल्म उन घटनाओं को उजागर करेगी, जिन्होंने देश की सुरक्षा नीति को नई दिशा दी और कई अनकहे पहलुओं को सामने लाया।

विवेक अग्निहोत्री ने साफ किया कि यह फिल्म केवल मनोरंजन के लिए नहीं, बल्कि सच्चाई को दर्शकों तक पहुंचाने का प्रयास है। उनके मुताबिक, इसमें दिखाया जाएगा कि किस तरह भारतीय सेना ने चुनौतीपूर्ण हालात में भी देश की रक्षा की और दुश्मनों का मुंहतोड़ जवाब दिया।