IPL 2026 : LSG vs GT, इकाना में स्पिन का इम्तिहान, लखनऊ की जीत की हैट्रिक पर नजर

IPL 2026 : LSG vs GT, इकाना में स्पिन का इम्तिहान, लखनऊ की जीत की हैट्रिक पर नजर

IPL में आज डबल-हेडर का दिन है, जहां पहला मुकाबला लखनऊ सुपर जायंट्स और गुजरात टाइटंस के बीच खेला जाएगा। यह मैच लखनऊ के इकाना स्टेडियम में दोपहर 3:30 बजे से शुरू होगा, जबकि टॉस आधे घंटे पहले होगा। वहीं शाम को दूसरा मैच मुंबई और बेंगलुरु के बीच वानखेड़े में खेला जाएगा।

इस सीजन दोनों टीमों का यह चौथा मुकाबला है। लखनऊ फिलहाल बेहतर स्थिति में दिख रही है, जिसने तीन में से दो मैच जीते हैं। दूसरी ओर गुजरात की शुरुआत उतनी मजबूत नहीं रही, टीम को अब तक सिर्फ एक जीत मिली है, जो दिल्ली के खिलाफ आई थी।

अगर दोनों टीमों के हेड-टु-हेड रिकॉर्ड पर नजर डालें, तो गुजरात थोड़ा आगे है। दोनों के बीच अब तक 7 मैच हुए हैं, जिनमें GT ने 4 और LSG ने 3 मुकाबले जीते हैं। हालांकि हालिया फॉर्म में लखनऊ का पलड़ा भारी है, जिसने लगातार तीन मैचों में गुजरात को हराया है। इकाना स्टेडियम में भी LSG का रिकॉर्ड बेहतर रहा है, जहां उसने 3 में से 2 मैच जीते हैं।

लखनऊ की बल्लेबाजी में कप्तान ऋषभ पंत अहम भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने हाल ही में हैदराबाद के खिलाफ 68 रन की नाबाद पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई थी। गेंदबाजी में प्रिंस यादव सबसे सफल रहे हैं, जबकि स्पिनर एम सिद्धार्थ घरेलू पिच पर अहम साबित हो सकते हैं।

गुजरात की बात करें तो जोस बटलर अच्छी लय में हैं। उन्होंने तीन मैचों में 100 से ज्यादा रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट भी काफी तेज रहा है। गेंदबाजी में प्रसिद्ध कृष्णा टीम के लिए विकेट निकालने वाले मुख्य गेंदबाज बने हुए हैं, हालांकि उनका इकोनॉमी रेट थोड़ा महंगा रहा है।

पिच रिपोर्ट के मुताबिक, इकाना की सतह स्पिन गेंदबाजों के लिए मददगार रहती है और यहां बड़े स्कोर कम ही देखने को मिलते हैं। इस सीजन यहां खेले गए मुकाबले में भी लो स्कोरिंग गेम देखने को मिला था। लखनऊ के मैदान पर अब तक 23 IPL मैच हो चुके हैं, जिसमें चेज करने वाली टीमों को ज्यादा सफलता मिली है। यहां का सबसे बड़ा स्कोर 235/6 है, जो KKR ने 2024 में बनाया था।

मौसम की बात करें तो मैच के दौरान गर्मी खिलाड़ियों की परीक्षा ले सकती है। तापमान 21 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है और धूप भी तेज रहेगी।

संभावित प्लेइंग इलेवन

लखनऊ सुपर जायंट्स: ऐडन मार्करम, मिचेल मार्श, ऋषभ पंत (कप्तान/विकेटकीपर), निकोलस पूरन, अब्दुल समद, मुकुल चौधरी, एम सिद्धार्थ, आवेश खान, दिग्वेश राठी, प्रिंस यादव, मोहम्मद शमी
इम्पैक्ट प्लेयर: आयुष बडोनी

गुजरात टाइटंस: साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, ग्लेन फिलिप्स, शाहरुख खान, राहुल तेवतिया, राशिद खान, कगिसो रबाडा, अशोक शर्मा, मोहम्मद सिराज
इम्पैक्ट प्लेयर: प्रसिद्ध कृष्णा