हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री की चर्चित अभिनेत्री और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर दिव्यांका सिरोही का अचानक निधन हो गया है। महज 30 साल की उम्र में उनके इस दुनिया को अलविदा कह देने से फैंस और मनोरंजन जगत स्तब्ध रह गया है। उनकी मौत की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार देर रात उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। घर पर ही वह बेहोश होकर गिर पड़ीं, जिसके बाद परिवार के लोग तुरंत उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शुरुआती रिपोर्ट्स में उनकी मौत का कारण दिल का दौरा बताया जा रहा है।
दिव्यांका मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर की रहने वाली थीं और बीते कुछ समय से गाजियाबाद में रह रही थीं। उनके परिवार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। उनके अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी उनके भाई हिमांशु सिरोही ने निभाई।
सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहने वाली दिव्यांका ने अपने करियर में 50 से ज्यादा हरियाणवी गानों में काम किया था। खासतौर पर उनकी जोड़ी गायक मासूम शर्मा के साथ काफी पसंद की जाती थी। अपने शानदार अभिनय और एक्सप्रेशन के दम पर उन्होंने हरियाणवी इंडस्ट्री में अलग पहचान बनाई थी।
इंस्टाग्राम पर उनके 13 लाख से अधिक फॉलोअर्स थे, जहां वह अपने वीडियो और पोस्ट के जरिए फैंस से जुड़ी रहती थीं। उनकी अचानक मौत ने उनके चाहने वालों को गहरा सदमा दिया है। कई फैंस का कहना है कि कुछ समय पहले तक वह पूरी तरह एक्टिव और स्वस्थ नजर आ रही थीं, ऐसे में इस खबर पर यकीन करना बेहद मुश्किल है।
मनोरंजन जगत से जुड़े कई लोगों और फैंस ने सोशल मीडिया पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी है और इस असमय निधन को बड़ी क्षति बताया है।




