हरियाणा के उभरते एथलीट्स ने एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित 24वीं नेशनल जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन किया। खिलाड़ियों ने कुल 10 पदक अपने नाम किए, जिनमें 4 स्वर्ण, 4 रजत और 2 कांस्य शामिल हैं।
इस बेहतरीन प्रदर्शन के चलते राज्य के पांच प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने आगामी एशियन जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई किया है। यह प्रतियोगिता 28 से 31 मई तक हांगकांग में आयोजित होगी, जहां ये खिलाड़ी भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
क्वालीफाई करने वाले खिलाड़ियों में सोनीपत की मुस्कान (5,000 मीटर दौड़), झज्जर के अमन (हैमर थ्रो), रोहतक के निश्चय (डिस्कस थ्रो), फतेहाबाद की पूजा (हाई जंप) और झज्जर के सुमित राठी (3,000 मीटर स्टेपलचेज) शामिल हैं।
वहीं हिसार की योगिता ने 5,000 मीटर रेस वॉक में शानदार प्रदर्शन करते हुए नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने भुवनेश्वर में 2025 में स्थापित पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए इतिहास रच दिया।
प्रतियोगिता के अंतिम दिन पूजा ने हाई जंप में 1.80 मीटर की ऊंची छलांग लगाकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया और एशियन चैंपियनशिप के लिए अपनी जगह पक्की की। अधिकारियों के अनुसार, खिलाड़ियों का यह प्रदर्शन भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बेहतर परिणामों की उम्मीद जगाता है। (फोटो: जागरण)


