अगर आप ओटीटी कंटेंट देखने के शौकीन हैं, तो 1 मई आपके लिए खास रहने वाला है। आमतौर पर हफ्तेभर में अलग-अलग दिनों पर रिलीज होने वाला कंटेंट इस बार एक ही दिन में धमाल मचाने वाला है। क्राइम, ड्रामा, स्पोर्ट्स और एनीमेशन, हर तरह का मसाला इस दिन आपको अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर देखने को मिलेगा।
सबसे पहले बात करते हैं ‘अनदेखी: द फाइनल बैटल’ की, जो अपने चौथे और आखिरी सीजन के साथ वापसी कर रही है। मनाली की एक शादी में हुई मर्डर मिस्ट्री से शुरू हुई ये कहानी अब अपने क्लाइमैक्स पर पहुंचने वाली है। इस सीरीज में कई पुराने किरदार एक बार फिर नजर आएंगे और यह 1 मई को Sony LIV पर स्ट्रीम होगी।
इसके अलावा TVF की चर्चित सीरीज ‘सपने वर्सेस एवरीवन’ का दूसरा सीजन भी इसी दिन रिलीज हो रहा है। पहले सीजन को मिली सफलता के बाद अब इसकी कहानी और ज्यादा गंभीर और चुनौतीपूर्ण मोड़ लेने वाली है। यह सीरीज Prime Video पर देखने को मिलेगी।
स्पोर्ट्स और सस्पेंस का तड़का लेकर आ रही है ‘ग्लोरी’, जिसमें एक बॉक्सर की कहानी दिखाई गई है। लेकिन यह सिर्फ खेल तक सीमित नहीं रहती, बल्कि एक जटिल मर्डर मिस्ट्री में बदल जाती है। Pulkit Samrat और Divyenndu Sharma स्टारर यह सीरीज Netflix पर स्ट्रीम होगी।
अगर आप कुछ हल्का-फुल्का और अलग देखना चाहते हैं, तो ‘स्वैप्ड’ एक दिलचस्प ऑप्शन हो सकता है। यह एक एनिमेटेड फैंटेसी फिल्म है, जिसमें एक जंगल का जीव और एक पक्षी अचानक एक-दूसरे के शरीर में पहुंच जाते हैं, और फिर शुरू होती है मजेदार घटनाओं की कड़ी। यह फिल्म भी Netflix पर रिलीज होगी।
वहीं, सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाली फिल्म ‘द केरल स्टोरी 2’ भी अब थिएटर के बाद ओटीटी पर आने के लिए तैयार है। यह 2023 की चर्चित फिल्म का सीक्वल है और ZEE5 पर स्ट्रीम की जाएगी। फिल्म में नए किरदारों के साथ कहानी को आगे बढ़ाया गया है, जिसे लेकर दर्शकों में खासा उत्साह है।
कुल मिलाकर, 1 मई को ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर कंटेंट की भरमार रहने वाली है। अलग-अलग जॉनर की ये 5 बड़ी रिलीज दर्शकों को पूरे दिन स्क्रीन से बांधे रखने के लिए काफी हैं।




