सीएम मान की यूरोप यात्रा: पंजाब में 1300 करोड़ का निवेश, किसानों-युवाओं को मिलेंगे नए मौके

सीएम मान की यूरोप यात्रा: पंजाब में 1300 करोड़ का निवेश, किसानों-युवाओं को मिलेंगे नए मौके

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने अपने नीदरलैंड और फिनलैंड दौरे की जानकारी साझा करते हुए बताया कि यह यात्रा राज्य की कृषि, उद्योग और शिक्षा के लिए कई नए रास्ते खोलेगी। उन्होंने कहा कि इस दौरे से पंजाब को वैश्विक स्तर पर मजबूत साझेदारियां मिली हैं, जिनका सीधा फायदा किसानों, युवाओं और अर्थव्यवस्था को होगा।प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीएम मान ने बताया कि 19 अप्रैल को पंजाब प्रतिनिधिमंडल ने नीदरलैंड में विश्व प्रसिद्ध बागवानी केंद्र केउकेनहॉफ का दौरा किया। वहां रोजाना करीब 40 हजार पर्यटक आते हैं। इस दौरान बागवानी विकास और पंजाब से गुलाब के निर्यात की संभावनाओं पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि ज़ायका कंपनी पंजाब में 1300 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। यह समझौता फसल विविधीकरण को बढ़ावा देगा और पंजाब को उच्च गुणवत्ता वाली खेती व रिसर्च का हब बनाने में मदद करेगा। उन्होंने बताया कि दौरे का मुख्य मकसद औद्योगिक निवेश बढ़ाना, शिक्षा-रिसर्च में आदान-प्रदान को मजबूत करना और टेक्नोलॉजी ट्रांसफर पर फोकस करना था। आधुनिक कृषि तकनीक, टिकाऊ खेती और हाई-वैल्यू फसलों के उत्पादन को लेकर भी सहमति बनी। सीएम मान ने कहा कि नीदरलैंड वर्टिकल फार्मिंग के लिए जाना जाता है। इस मॉडल को पंजाब में भी अपनाया जा सकता है। इस दौरे से स्किल डेवलपमेंट, शैक्षणिक आदान-प्रदान और नए औद्योगिक निवेश के रास्ते खुले हैं।