क्रिप्टो मार्केट में एक बार फिर तेजी का माहौल देखने को मिल रहा है। बिटकॉइन ने लंबा समय बाद 80,000 डॉलर का स्तर पार कर लिया है, जिससे निवेशकों का भरोसा और मजबूत हुआ है। मंगलवार सुबह करीब 9 बजे यह लगभग 80,882 डॉलर पर ट्रेड करता नजर आया।
पिछले एक महीने में बिटकॉइन ने जबरदस्त उछाल दिखाया है। जहां एक महीने पहले इसकी कीमत करीब 67,000 डॉलर के आसपास थी, वहीं अब यह 80,000 डॉलर के ऊपर पहुंच चुका है। इस दौरान इसमें 20% से ज्यादा की बढ़त दर्ज की गई है, जो हाल के समय की सबसे मजबूत तेजी मानी जा रही है।
अगर हालिया प्रदर्शन पर नजर डालें तो अप्रैल में ही बिटकॉइन ने करीब 12% की छलांग लगाई, जबकि मई के शुरुआती दिनों में भी इसमें 6% से ज्यादा की तेजी आ चुकी है। इसके साथ ही ग्लोबल क्रिप्टो मार्केट कैप भी बढ़कर लगभग 2.66 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच गया है।
गौरतलब है कि पिछले साल अक्टूबर में बिटकॉइन ने करीब 1.25 लाख डॉलर का ऑल टाइम हाई बनाया था, लेकिन इसके बाद इसमें गिरावट का दौर शुरू हो गया। फरवरी तक यह करीब 62,000 डॉलर तक लुढ़क गया था। मार्च के अंत तक भी यह 66,000 डॉलर के आसपास ही बना रहा, लेकिन अब इसमें फिर से मजबूती लौट आई है।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस तेजी के पीछे कई वजहें हैं। बिटकॉइन ETF में भारी निवेश, खासकर हाल ही में आए 630 मिलियन डॉलर के इनफ्लो ने बाजार को मजबूती दी है। इसके अलावा माइनर्स की बेहतर कमाई और वैश्विक शेयर बाजारों में तेजी ने भी निवेशकों का जोखिम लेने का रुझान बढ़ाया है।
एक और अहम बात यह है कि इस बार की तेजी में स्पॉट खरीदारी के मुकाबले लीवरेज्ड फ्यूचर्स ट्रेडिंग की भूमिका ज्यादा बताई जा रही है, जिससे कीमतों में तेज उछाल देखने को मिला है।
हालांकि, क्रिप्टो मार्केट में उतार-चढ़ाव बहुत तेज होता है। कीमतें कुछ ही मिनटों में ऊपर-नीचे हो सकती हैं, इसलिए निवेश से पहले पूरी जानकारी और विशेषज्ञ की सलाह लेना जरूरी है।



