IPL 2026: PBKS vs DC: धर्मशाला में भिड़ंत आज, दिल्ली के सामने पिछली हार का बदला लेने की चुनौती

IPL 2026: PBKS vs DC: धर्मशाला में भिड़ंत आज, दिल्ली के सामने पिछली हार का बदला लेने की चुनौती

IPL 2026 का 55वां मुकाबला सोमवार शाम पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला जाएगा। यह मैच धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में रात 7:30 बजे शुरू होगा। दोनों टीमों के लिए यह मुकाबला बेहद अहम माना जा रहा है।

दिल्ली कैपिटल्स इस मैच में पिछली हार का हिसाब चुकता करने के इरादे से उतरेगी। इससे पहले दोनों टीमों की भिड़ंत में पंजाब ने दिल्ली को 6 विकेट से हराया था। ऐसे में DC के पास बराबरी करने का अच्छा मौका रहेगा।

वहीं पंजाब किंग्स की स्थिति भी ज्यादा मजबूत नहीं दिख रही। सीजन की धमाकेदार शुरुआत के बाद टीम लगातार तीन मुकाबले हार चुकी है। बल्लेबाजी और फील्डिंग दोनों विभागों में टीम संघर्ष करती नजर आई है। खासकर डेथ ओवर्स में गेंदबाज काफी रन खर्च कर रहे हैं।

पंजाब के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टीम की खराब फॉर्म पर कहा कि खिलाड़ियों को शुरुआती मैचों वाला आत्मविश्वास और मानसिकता दोबारा हासिल करनी होगी। टीम के लिए इस सीजन कूपर कोनोली सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज रहे हैं। उन्होंने 10 मैचों में 377 रन बनाए हैं। गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह ने 11 विकेट जरूर लिए हैं, लेकिन उनकी इकॉनमी चिंता का विषय बनी हुई है।

दूसरी तरफ दिल्ली कैपिटल्स प्लेऑफ की दौड़ में पिछड़ती जा रही है। टीम ने अपने पिछले छह मुकाबलों में पांच हार झेली हैं और अंक तालिका में आठवें नंबर पर पहुंच गई है। कप्तान अक्षर पटेल ने संकेत दिए हैं कि अब टीम युवा और बेंच खिलाड़ियों को ज्यादा मौके दे सकती है।

दिल्ली के बल्लेबाज धीमी पिचों पर लगातार संघर्ष कर रहे हैं। कुलदीप यादव की फीकी गेंदबाजी भी टीम की परेशानी बढ़ा रही है। हालांकि केएल राहुल शानदार फॉर्म में हैं और अब तक 468 रन बना चुके हैं। गेंदबाजी में अक्षर पटेल ने 10 विकेट हासिल किए हैं।

अगर दोनों टीमों के हेड टू हेड रिकॉर्ड पर नजर डालें तो अब तक 35 मुकाबले खेले गए हैं। पंजाब ने 18 मैच जीते हैं, जबकि दिल्ली को 16 बार जीत मिली है। एक मुकाबला टाई रहा था, जिसे पंजाब ने सुपर ओवर में अपने नाम किया था।

धर्मशाला की पिच आमतौर पर तेज गेंदबाजों को मदद देती है। यहां की आउटफील्ड काफी तेज मानी जाती है और नई गेंद से अतिरिक्त उछाल देखने को मिलती है। इस मैदान पर IPL में अब तक 14 मैच खेले गए हैं, जिनमें पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 9 बार जीत दर्ज की है।

मौसम विभाग के अनुसार दिन में हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन मुकाबले पर ज्यादा असर पड़ने की संभावना नहीं है। शाम के समय तापमान करीब 14 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

संभावित प्लेइंग-12

पंजाब किंग्स: प्रियांश आर्य, प्रभसिमरन सिंह, कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), मार्कस स्टोयनिस, अजमतुल्लाह उमरजई, शशांक सिंह, मार्को यानसन, हरप्रीत बरार, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल, विजयकुमार वैशाख।

दिल्ली कैपिटल्स: पाथुम निसांका, केएल राहुल, नीतीश राणा, समीर रिजवी, ट्रिस्टन स्टब्स, अक्षर पटेल (कप्तान), आशुतोष शर्मा, विपराज निगम, मिचेल स्टार्क, कुलदीप यादव, लुंगी एनगिडी, मुकेश कुमार।