IPL में गुरुवार शाम हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला स्थित HPCA स्टेडियम में पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस आमने-सामने होंगी। मुकाबले का टॉस शाम 7 बजे होगा। दोनों टीमों के लिए यह मैच बेहद अहम माना जा रहा है, खासकर पंजाब के लिए, जो लगातार चार हार झेल चुकी है।
पंजाब किंग्स इस समय अपनी गेंदबाजी को लेकर सबसे ज्यादा परेशान नजर आ रही है। टीम कई मैचों में मजबूत स्थिति से मुकाबला गंवा चुकी है। पिछले मैच में भी दिल्ली के खिलाफ आखिरी ओवरों में खराब गेंदबाजी भारी पड़ी थी। कप्तान श्रेयस अय्यर ने भी माना कि बल्लेबाजों के प्रदर्शन की वजह से शुरुआती दौर में गेंदबाजी की कमजोरियां छिपी रहीं, लेकिन अब यही सबसे बड़ी चिंता बन चुकी है।
दूसरी ओर मुंबई इंडियंस का सीजन भी बेहद निराशाजनक रहा है। टीम अब तक 11 में से सिर्फ 3 मुकाबले जीत सकी है और पॉइंट्स टेबल में निचले हिस्से में बनी हुई है। कप्तान हार्दिक पंड्या चोट के कारण पिछले दो मैच नहीं खेल पाए थे, ऐसे में एक बार फिर सूर्यकुमार यादव कप्तानी संभाल सकते हैं। टीम को जसप्रीत बुमराह और ट्रेंट बोल्ट जैसे गेंदबाजों से बड़ी उम्मीदें रहेंगी।
अगर दोनों टीमों के पुराने रिकॉर्ड पर नजर डालें तो मुकाबला पूरी तरह बराबरी का रहा है। पंजाब और मुंबई के बीच अब तक 35 मैच खेले गए हैं, जिनमें दोनों टीमों ने 17-17 जीत दर्ज की हैं, जबकि एक मैच टाई रहा था। ऐसे में आज जीतने वाली टीम हेड-टु-हेड में बढ़त बना लेगी।
पंजाब के लिए इस सीजन कूपर कोनोली शानदार फॉर्म में दिखाई दिए हैं। उन्होंने 11 मैचों में 415 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और दो अर्धशतक शामिल हैं। वहीं गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह ने 13 विकेट लेकर टीम के लिए सबसे ज्यादा प्रभाव छोड़ा है।
मुंबई की बल्लेबाजी में रायन रिकेल्टन सबसे सफल बल्लेबाज रहे हैं। उन्होंने 9 मैचों में 382 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट भी काफी आक्रामक रहा है। गेंदबाजी में युवा स्पिनर अल्लाह गजनफर ने प्रभावित करते हुए 13 विकेट हासिल किए हैं।
धर्मशाला की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है। यहां की तेज आउटफील्ड और अच्छी बाउंस के कारण बड़े स्कोर देखने को मिलते हैं। ऊंचाई वाले इलाके में स्थित होने की वजह से गेंद हवा में तेजी से जाती है, जिससे छक्के लगाना आसान हो जाता है।
हालांकि मौसम इस मैच में थोड़ा असर डाल सकता है। कांगड़ा घाटी में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण हल्की बारिश और गरज के आसार हैं। बावजूद इसके HPCA स्टेडियम का ड्रेनेज सिस्टम काफी बेहतर माना जाता है, इसलिए मैच समय पर शुरू होने की उम्मीद है।
संभावित प्लेइंग-11
पंजाब किंग्स: प्रियांश आर्या, प्रभसिमरन सिंह, कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर, मार्कस स्टोयनिस, सूर्यांश शेडगे, मार्को यानसन, लॉकी फर्ग्यूसन, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल, यश ठाकुर।
इम्पैक्ट प्लेयर – शशांक सिंह।
मुंबई इंडियंस: रायन रिकेल्टन, नमन धीर, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, विल जैक्स, राज बावा, कॉर्बिन बॉश, शार्दुल ठाकुर, दीपक चाहर, अल्लाह गजनफर, जसप्रीत बुमराह।
इम्पैक्ट प्लेयर – रोहित शर्मा।




