IPL 2026: IPL फाइनल में गुजरात की एंट्री, राजस्थान को 7 विकेट से हराकर खिताबी मुकाबले में बनाई जगह

IPL 2026: IPL फाइनल में गुजरात की एंट्री, राजस्थान को 7 विकेट से हराकर खिताबी मुकाबले में बनाई जगह

गुजरात टाइटंस ने आईपीएल के क्वालिफायर-2 में शानदार प्रदर्शन करते हुए राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से मात दी और टूर्नामेंट के फाइनल में जगह पक्की कर ली। अब 31 मई को अहमदाबाद में गुजरात का सामना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगा। यह तीसरा मौका है जब गुजरात आईपीएल के फाइनल में पहुंची है।

मुल्लांपुर के महाराजा यादविंद्र सिंह स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 214 रन बनाए। जवाब में गुजरात ने केवल 18.4 ओवर में 3 विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। यह टीम के आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा सफल रन चेज भी रहा।

सूर्यवंशी की विस्फोटक पारी के बावजूद राजस्थान नहीं बचा सका मैच

राजस्थान की शुरुआत बेहद खराब रही और यशस्वी जायसवाल पहले ही ओवर में 1 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 47 गेंदों पर 96 रन ठोक दिए। उन्होंने अपनी पारी में 8 चौके और 7 छक्के लगाए। रवींद्र जडेजा ने भी एक छोर संभाले रखा और 45 रन बनाकर नाबाद रहे। अंतिम ओवरों में डोनोवन फरेरा ने 11 गेंदों पर नाबाद 38 रन की तेज पारी खेलकर टीम को 214 रन तक पहुंचाया। फरेरा और जडेजा ने सातवें विकेट के लिए 42 रन की अटूट साझेदारी की। गुजरात की ओर से कगिसो रबाडा और जेसन होल्डर ने दो-दो विकेट झटके, जबकि मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा को एक-एक सफलता मिली।

गिल-सुदर्शन की साझेदारी ने पलटा मुकाबला

215 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात को कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन ने धमाकेदार शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 167 रन जोड़कर राजस्थान के गेंदबाजों को पूरी तरह दबाव में ला दिया। गिल ने कप्तानी जिम्मेदारी निभाते हुए 53 गेंदों में 104 रन की शानदार शतकीय पारी खेली, जिसमें 15 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। वहीं साई सुदर्शन ने 32 गेंदों पर 58 रन बनाए। दिलचस्प बात यह रही कि सुदर्शन लगातार दूसरे मैच में हिट विकेट होकर आउट हुए। गिल को जोफ्रा आर्चर ने एलबीडब्ल्यू किया, लेकिन तब तक मैच गुजरात की पकड़ में आ चुका था। वॉशिंगटन सुंदर ने 16 रन की तेज पारी खेली, जबकि राहुल तेवतिया ने 9 गेंदों पर नाबाद 17 रन बनाकर छक्का लगाते हुए जीत पर मुहर लगा दी। जोस बटलर भी 9 रन बनाकर नाबाद लौटे।

राजस्थान और गुजरात की प्लेइंग इलेवन

राजस्थान रॉयल्स: यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), डोनोवन फरेरा, दासुन शनाका, रवींद्र जडेजा, जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर, बृजेश शर्मा, यश राज पुंजा।
इम्पैक्ट प्लेयर: तुषार देशपांडे।

गुजरात टाइटंस: साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), निशांत सिंधु, वॉशिंगटन सुंदर, जेसन होल्डर, राशिद खान, साई किशोर, कगिसो रबाडा, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज।
इम्पैक्ट विकल्प: राहुल तेवतिया।