भारत में वैकल्पिक ईंधन को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मारुति सुजुकी ने अपनी पहली फ्लेक्स-फ्यूल कार वैगनआर को पेश कर दिया है। यह कार E85 फ्यूल पर चलने में सक्षम है, जिसमें 85 प्रतिशत तक एथेनॉल और शेष पेट्रोल का मिश्रण होता है। फिलहाल इस मॉडल को निजी ग्राहकों के बजाय कैब कंपनियों और फ्लीट ऑपरेटर्स के लिए उपलब्ध कराया जाएगा।
लॉन्च कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि सरकार देश में एथेनॉल आधारित ईंधन के उपयोग को तेजी से बढ़ाना चाहती है। इसके तहत वर्ष 2027 तक करीब 5000 E85 फ्यूल स्टेशन स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है। शुरुआती चरण में दिल्ली-एनसीआर और मुंबई-पुणे-नागपुर रूट पर 50 से 100 स्टेशन शुरू किए जाएंगे, जबकि इस साल के अंत तक इनकी संख्या बढ़ाकर 500 करने की योजना है।
मारुति की यह फ्लेक्स-फ्यूल वैगनआर पहले 2022 और फिर 2024 के भारत मोबिलिटी एक्सपो में कॉन्सेप्ट और प्रोटोटाइप रूप में दिखाई गई थी। अब पहली बार इसका उत्पादन के लिए तैयार संस्करण सामने आया है।
डिजाइन की बात करें तो नई कार का लुक मौजूदा वैगनआर जैसा ही रखा गया है। हालांकि इसे अलग पहचान देने के लिए बॉडी पर ‘Flex Fuel’ ग्राफिक्स और टेलगेट पर विशेष बैज लगाया गया है। फ्रंट में चौकोर हेडलैंप, क्रोम फिनिश ग्रिल और बड़ा एयर डैम मिलता है, जबकि साइड प्रोफाइल में 14-इंच अलॉय व्हील्स और फ्लोटिंग रूफ जैसा डिजाइन देखने को मिलता है।
केबिन के अंदर ब्लैक और बेज ड्यूल-टोन थीम दी गई है। कार में टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, मल्टी-फंक्शन स्टीयरिंग व्हील, एनालॉग इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और पर्याप्त केबिन स्पेस मिलता है। टॉल-बॉय डिजाइन की वजह से पीछे बैठने वाले यात्रियों को भी अच्छा हेडरूम और लेगरूम मिलता है।
फीचर्स की सूची में 7-इंच टचस्क्रीन सिस्टम, एंड्रॉइड ऑटो और एप्पल कारप्ले सपोर्ट, 4-स्पीकर ऑडियो सिस्टम, पावर विंडो, मैनुअल एसी, नेविगेशन और इलेक्ट्रिक फोल्डिंग ORVM शामिल हैं।
इस नई वैगनआर में 1.2-लीटर फ्लेक्स-फ्यूल इंजन दिया गया है, जिसे विशेष रूप से E85 ईंधन के अनुरूप विकसित किया गया है। इंजन के साथ 5-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स मिलेगा। कंपनी ने फिलहाल इसकी पावर और टॉर्क के आधिकारिक आंकड़े साझा नहीं किए हैं।
सुरक्षा के मोर्चे पर भी कार काफी मजबूत है। इसमें 6 एयरबैग, ABS के साथ EBD, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी प्रोग्राम (ESP), हिल होल्ड असिस्ट, रियर पार्किंग सेंसर, सीटबेल्ट रिमाइंडर और स्पीड सेंसिटिव डोर लॉक जैसे फीचर्स दिए गए हैं।
मारुति ने अभी इस फ्लेक्स-फ्यूल वैगनआर की कीमतों का खुलासा नहीं किया है, लेकिन अतिरिक्त तकनीकी बदलावों के कारण इसकी कीमत सामान्य पेट्रोल और सीएनजी मॉडल से अधिक रहने की संभावना है।




