साउथ सुपरस्टार Allu Arjun एक बार फिर अपने नए अंदाज़ से चर्चा में हैं। उनकी अपकमिंग फिल्म, जिसे अब तक “AA22 x A6” के नाम से जाना जा रहा था, उसका असली टाइटल अब सामने आ चुका है “राका”। फिल्म के डायरेक्टर Atlee Kumar हैं और यह एक बड़े बजट की पैन इंडिया फिल्म बताई जा रही है।
हाल ही में रिलीज हुए फर्स्ट लुक में अल्लू अर्जुन का अंदाज़ पूरी तरह बदला हुआ नजर आ रहा है। गंजा लुक, लंबी दाढ़ी, आंखों में काजल और बेहद खतरनाक दिखने वाले पंजे, इन सबने उनके किरदार को रहस्यमयी और डरावना बना दिया है। इस लुक को देखकर फैन्स हैरान हैं और इसे उनके अब तक के सबसे अलग रोल्स में गिना जा रहा है। दिलचस्प बात यह है कि फिल्म में उनके साथ Deepika Padukone भी नजर आएंगी, जिनका लुक पहले ही सामने आ चुका है। फिल्म को सन पिक्चर्स प्रोड्यूस कर रही है और इसे कई भाषाओं में रिलीज करने की तैयारी है।
फिल्म को लेकर यह भी बताया जा रहा है कि यह एक साइंस-फिक्शन एक्शन थ्रिलर होगी, जिसमें टाइम ट्रैवल और पैरेलल यूनिवर्स जैसे कॉन्सेप्ट देखने को मिलेंगे। करीब 800 करोड़ के बजट में बन रही इस फिल्म को मेकर्स बेहद ग्रैंड स्केल पर तैयार कर रहे हैं। फर्स्ट लुक के सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैन्स के रिएक्शन की बाढ़ आ गई है। कुछ लोगों का मानना है कि ‘राका’ एक नेगेटिव किरदार हो सकता है, तो वहीं कई फैन्स इसे अल्लू अर्जुन का अब तक का सबसे पावरफुल अवतार बता रहे हैं।
एक दिन पहले शेयर किए गए खतरनाक पंजों के पोस्टर ने भी लोगों को काफी कन्फ्यूज कर दिया था, क्योंकि किसी को अंदाजा नहीं था कि यह लुक खुद अल्लू अर्जुन का होगा। अब टाइटल और फर्स्ट लुक दोनों सामने आने के बाद फिल्म को लेकर एक्साइटमेंट और भी बढ़ गई है। ‘पुष्पाराज’ की छवि से अलग हटकर ‘राका’ के रूप में अल्लू अर्जुन कुछ बिल्कुल नया और चौंकाने वाला लेकर आ रहे हैं, जो दर्शकों के लिए एक बड़ा सरप्राइज साबित हो सकता है।




