ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा एक बार फिर दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित अवॉर्ड शो ऑस्कर से जुड़ने जा रही हैं। 98वें एकेडमी अवॉर्ड्स में उन्हें प्रेजेंटर की अहम जिम्मेदारी दी गई है, जहां वे कई बड़े हॉलीवुड सितारों के साथ मंच पर नजर आएंगी।
दरअसल, एकेडमी ऑफ मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेज ने उन सितारों की आधिकारिक सूची जारी की है जो इस साल के ऑस्कर समारोह में अवॉर्ड प्रेजेंट करेंगे। इस लिस्ट में प्रियंका चोपड़ा का नाम भी शामिल है, जिससे भारतीय फैंस के लिए यह खबर और खास बन गई है।प्रियंका ने खुद भी इस खबर को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किया। उन्होंने पोस्ट में “2026 एकेडमी अवॉर्ड्स” लिखते हुए अपनी खुशी जाहिर की। बता दें कि इससे पहले भी प्रियंका 2016 के ऑस्कर समारोह में अवॉर्ड प्रेजेंट कर चुकी हैं। इसके अलावा वह गोल्डन ग्लोब और प्राइमटाइम एमी अवॉर्ड्स जैसे बड़े इंटरनेशनल इवेंट्स में भी प्रेजेंटर के तौर पर नजर आ चुकी हैं।
इस साल ऑस्कर के मंच पर प्रियंका के साथ कई नामी हॉलीवुड सितारे भी प्रेजेंटर के रूप में दिखाई देंगे। इनमें रॉबर्ट डाउनी जूनियर, ऐनी हैथवे, विल अर्नेट, पॉल मेस्कल और ग्वेनेथ पाल्ट्रो जैसे बड़े नाम शामिल हैं। वहीं पहले घोषित किए गए प्रेजेंटर की सूची में एड्रियन ब्रॉडी, जेवियर बार्डेम, कीरन कल्किन, क्रिस इवांस, डेमी मूर, कुमैल नानजियानी, माया रूडोल्फ और ज़ो सलदाना भी शामिल हैं।
दूसरी ओर, इस साल की नॉमिनेशन लिस्ट में रयान कूगलर की फिल्म ‘सिनर्स’ ने इतिहास रच दिया है। इस फिल्म को कुल 16 नॉमिनेशन मिले हैं, जो ऑस्कर के इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। इससे पहले ‘ऑल अबाउट ईव’, ‘टाइटैनिक’ और ‘ला ला लैंड’ को 14-14 नॉमिनेशन मिले थे। इसके अलावा ‘हैमनेट’, ‘सेंटिमेंटल वैल्यू’, ‘वन बैटल आफ्टर अनदर’ और ‘फ्रैंकनस्टीन’ जैसी फिल्में भी इस साल कई कैटेगरी में रेस में बनी हुई हैं।
98वें एकेडमी अवॉर्ड्स का आयोजन 15 मार्च 2026 को हॉलीवुड के डॉल्बी थिएटर, ओवेशन हॉलीवुड में किया जाएगा। यह समारोह अमेरिका में ABC चैनल पर प्रसारित होगा और Hulu पर भी स्ट्रीम किया जाएगा। भारतीय दर्शक इस इवेंट को 16 मार्च 2026 की सुबह 5:30 बजे IST पर लाइव देख सकेंगे।




