LPG सिलेंडर महंगा: घरेलू गैस 60 रुपए बढ़ी, मिडिल ईस्ट तनाव के बीच सरकार ने बढ़ाया उत्पादन

LPG सिलेंडर महंगा: घरेलू गैस 60 रुपए बढ़ी, मिडिल ईस्ट तनाव के बीच सरकार ने बढ़ाया उत्पादन

देश में रसोई गैस के दाम एक बार फिर बढ़ा दिए गए हैं। केंद्र सरकार के फैसले के बाद 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत अब दिल्ली में 913 रुपए हो गई है। इससे पहले इसकी कीमत 853 रुपए थी, यानी उपभोक्ताओं को अब 60 रुपए ज्यादा चुकाने होंगे। नई कीमतें 7 मार्च से लागू कर दी गई हैं।

सिर्फ घरेलू ही नहीं, बल्कि कॉमर्शियल गैस सिलेंडर भी महंगे हुए हैं। 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमत में 115 रुपए का इजाफा किया गया है, जिसके बाद इसकी कीमत बढ़कर 1883 रुपए हो गई है। इससे पहले 1 मार्च 2026 को भी कॉमर्शियल सिलेंडर के दामों में करीब 31 रुपए की बढ़ोतरी की गई थी। दरअसल सरकार ने यह फैसला ऐसे समय लिया है जब मिडिल ईस्ट में अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच जारी तनाव के कारण गैस सप्लाई प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। इसी वजह से देश में LPG की उपलब्धता को बनाए रखने के लिए सरकार ने पहले से ही तैयारी शुरू कर दी है।

गैस की संभावित कमी को देखते हुए केंद्र सरकार ने 5 मार्च को इमरजेंसी पावर का इस्तेमाल करते हुए देश की सभी तेल रिफाइनरी कंपनियों को LPG उत्पादन बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। आदेश में साफ कहा गया है कि अब प्रोपेन और ब्यूटेन का उपयोग मुख्य रूप से रसोई गैस बनाने के लिए किया जाएगा। सरकार के निर्देश के अनुसार रिफाइनरियों को प्रोपेन और ब्यूटेन की आपूर्ति सरकारी तेल कंपनियों को करनी होगी। इनमें इंडियन ऑयल, हिंदुस्तान पेट्रोलियम और भारत पेट्रोलियम शामिल हैं। सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की सप्लाई बिना किसी बाधा के मिलती रहे।

गौरतलब है कि इससे पहले 8 अप्रैल 2025 को घरेलू LPG सिलेंडर की कीमतों में 50 रुपए की बढ़ोतरी की गई थी। लगभग एक साल बाद अब फिर से दाम बढ़ाए गए हैं।