अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव ने अब खतरनाक मोड़ ले लिया है। दोनों देशों के बीच लगातार झड़पों और हमलों की खबरों के बीच राजधानी काबुल से बड़ी त्रासदी सामने आई है, जहां एक कथित हवाई हमले में भारी तबाही मची है।अफगानिस्तान की तालिबान सरकार के मुताबिक, सोमवार रात करीब 9 बजे काबुल में जोरदार धमाके सुने गए। बताया जा रहा है कि यह हमला उस समय हुआ जब लोग रमज़ान के दौरान इफ्तार के बाद बाहर मौजूद थे। धमाकों के बाद शहर में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
तालिबान प्रशासन का दावा है कि यह एयरस्ट्राइक पाकिस्तान की ओर से की गई, जिसमें एक नशा मुक्ति अस्पताल को निशाना बनाया गया। इस हमले में करीब 400 लोगों की मौत की पुष्टि की गई है, जबकि 250 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है क्योंकि अस्पताल का बड़ा हिस्सा पूरी तरह तबाह हो गया है। हालांकि पाकिस्तान ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उसका कहना है कि उसने काबुल में किसी भी नागरिक ठिकाने, खासकर अस्पताल, पर कोई हमला नहीं किया है।
इस घटना से कुछ घंटे पहले ही दोनों देशों की सीमा पर गोलीबारी की खबर आई थी, जिसमें अफगानिस्तान में चार लोगों की मौत हुई थी। यह संघर्ष ऐसे समय में तेज हुआ है जब दोनों पड़ोसी देशों के बीच पिछले कई सालों में सबसे गंभीर सैन्य टकराव का तीसरा हफ्ता चल रहा है। तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे मानवता के खिलाफ अपराध बताया है। उनका कहना है कि अफगान हवाई क्षेत्र का उल्लंघन कर नागरिकों को निशाना बनाना अंतरराष्ट्रीय नियमों के खिलाफ है।
फिलहाल इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव चरम पर है और हालात बेहद नाजुक बने हुए हैं।




