ट्रम्प का दावा: ईरान कमजोर, जल्द हो सकता है बड़ा सैन्य एक्शन

ट्रम्प का दावा: ईरान कमजोर, जल्द हो सकता है बड़ा सैन्य एक्शन

अमेरिका के राष्ट्रपति Donald Trump ने गुरुवार सुबह राष्ट्र को संबोधित करते हुए ईरान के साथ चल रहे तनाव को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि इस संघर्ष में अमेरिका को बढ़त मिल चुकी है और आने वाले 2 से 3 हफ्तों के भीतर कोई बड़ा कदम उठाया जा सकता है। अपने भाषण में ट्रम्प ने Iran की सैन्य क्षमता पर निशाना साधते हुए दावा किया कि उसकी मिसाइल, ड्रोन सिस्टम और नौसेना को भारी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने यह भी कहा कि ईरान की सेना अब पहले जैसी ताकतवर नहीं रही और स्थिति अमेरिका के नियंत्रण में है।

ट्रम्प ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि ईरान समझौते के लिए तैयार नहीं होता, तो अमेरिका उसे पूरी तरह तबाह कर सकता है। उन्होंने यहां तक कहा कि जरूरत पड़ी तो ईरान को “पाषाण युग” में पहुंचा दिया जाएगा। साथ ही उन्होंने यह भी संकेत दिया कि ईरान में नेतृत्व परिवर्तन हो चुका है और नई सत्ता पहले के मुकाबले कम सख्त है। हालांकि, करीब 19 मिनट के इस संबोधन में कोई नई घोषणा सामने नहीं आई। ट्रम्प ने वही बातें दोहराईं जो वे पिछले कुछ समय से कहते आ रहे हैं। उन्होंने अमेरिकी जनता को संबोधित करते हुए युद्ध की लागत और इसके लंबे खिंचने को लेकर चिंता जताने वालों से अपील की कि वे इसे सही नजरिए से देखें।

ट्रम्प ने पुराने युद्धों का जिक्र करते हुए कहा कि Iraq War और Vietnam War जैसे संघर्ष कई सालों तक चले थे, जबकि ईरान के साथ यह टकराव अभी शुरुआती चरण में ही है। दिलचस्प बात यह रही कि ट्रम्प ने एक तरफ बातचीत के जरिए इस विवाद को खत्म करने की बात कही, वहीं इससे पहले वे यह कह चुके हैं कि किसी समझौते की जरूरत नहीं है।

हॉर्मुज स्ट्रेट को लेकर भी उनके बयान में बदलाव नजर आया। उन्होंने कहा कि इसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी अन्य देशों को उठानी चाहिए, जबकि इससे पहले वे यह स्पष्ट कर चुके थे कि हॉर्मुज खुलवाए बिना कोई समझौता संभव नहीं होगा। ट्रम्प का यह भाषण सख्त चेतावनियों और पुराने दावों का मिश्रण रहा, जिसमें भविष्य में संभावित सैन्य कार्रवाई के संकेत जरूर मिले, लेकिन कोई ठोस नई रणनीति सामने नहीं आई।