फैंस को लगा झटका, रणबीर कपूर ने खत्म की इस कल्ट फिल्म के सीक्वल की उम्मीद

फैंस को लगा झटका, रणबीर कपूर ने खत्म की इस कल्ट फिल्म के सीक्वल की उम्मीद

बॉलीवुड में इन दिनों सीक्वल्स की जैसे बाढ़ आ गई है। पुरानी हिट फिल्मों को नए पार्ट्स के साथ दोबारा पर्दे पर लाया जा रहा है। हाल ही में दशकों बाद बॉर्डर 2 रिलीज हुई, वहीं 2025 की ब्लॉकबस्टर धुरंधर का अगला भाग जल्द ही सिनेमाघरों में आने वाला है। इसके अलावा वध 2 जैसी फिल्में भी दर्शकों का ध्यान खींच चुकी हैं। आने वाले समय में भी कई फिल्मों के सीक्वल लाइन में हैं।

इस सीक्वल ट्रेंड में रणबीर कपूर का नाम भी शामिल है। ब्रह्मास्त्र के अगले भाग का इंतजार दर्शक लंबे समय से कर रहे हैं, वहीं एनिमल के सीक्वल एनिमल पार्क को लेकर भी जबरदस्त चर्चा है। लेकिन इसी बीच रणबीर ने अपनी एक बेहद पसंद की जाने वाली फिल्म को लेकर ऐसा बयान दे दिया, जिससे फैंस मायूस हो गए।

इस फिल्म का पार्ट 2 नहीं बनेगा

हाल ही में रणबीर कपूर अपने प्रोडक्शन वेंचर ARKS के इंस्टाग्राम लाइव सेशन में जुड़े। इस दौरान उनसे उनकी पुरानी फिल्मों के सीक्वल्स को लेकर सवाल किए गए। खास तौर पर फैंस जानना चाहते थे कि क्या ये जवानी है दीवानी का दूसरा पार्ट कभी बनेगा?

इस सवाल का जवाब देते हुए रणबीर ने साफ कर दिया कि ऐसा होना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि बहुत से लोग फिल्म का पार्ट 2 देखना चाहते हैं, लेकिन उनके मुताबिक कहानी का अंत पहले ही बेहद खूबसूरती से किया जा चुका है। रणबीर ने यह भी कहा कि इंडस्ट्री में नए आइडियाज, नई कहानियां और नए फिल्ममेकर्स पर काम करने की जरूरत है, इसलिए वे इस फिल्म को आगे बढ़ाने के पक्ष में नहीं हैं।

क्यों खास थी ये जवानी है दीवानी

2013 में रिलीज हुई ये जवानी है दीवानी में रणबीर कपूर और दीपिका पादुकोण की जोड़ी को दर्शकों ने खूब प्यार दिया था। फिल्म का निर्देशन अयान मुखर्जी ने किया था और इसे करण जौहर ने प्रोड्यूस किया था। करीब 75 करोड़ के बजट में बनी इस रोमांटिक ड्रामा फिल्म ने दुनियाभर में 300 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर ब्लॉकबस्टर का दर्जा हासिल किया था।

हालांकि फैंस आज भी इसके सीक्वल की उम्मीद लगाए बैठे थे, लेकिन रणबीर के इस बयान के बाद साफ हो गया है कि ये जवानी है दीवानी की कहानी यहीं खत्म मानी जाएगी।