‘रामायण’ में कुंभकर्ण बनेंगे ‘पंचायत’ के ‘प्रहलाद चाचा’?

‘रामायण’ में कुंभकर्ण बनेंगे ‘पंचायत’ के ‘प्रहलाद चाचा’?

बड़े बजट में बन रही निर्देशक नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ को लेकर लगातार नई-नई अपडेट्स सामने आ रही हैं। इस मेगा प्रोजेक्ट में पहले से ही कई बड़े सितारों के जुड़ने की खबरें हैं, जिससे दर्शकों की उत्सुकता और भी बढ़ गई है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म में कुंभकर्ण के किरदार के लिए अभिनेता फैसल मलिक का नाम सामने आया है। फैसल मलिक को वेब सीरीज ‘पंचायत’ में प्रह्लाद पांडे उर्फ ‘प्रहलाद चाचा’ के रोल से खास पहचान मिली थी। बताया जा रहा है कि उन्होंने फिल्म के लिए अपना पहला शेड्यूल भी पूरा कर लिया है। हालांकि अभी तक मेकर्स या अभिनेता की तरफ से इस खबर की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। इससे पहले कुंभकर्ण की भूमिका के लिए अभिनेता बॉबी देओल का नाम भी चर्चा में था, लेकिन अब रिपोर्ट्स में फैसल मलिक को इस रोल के लिए चुने जाने की बात कही जा रही है।

वहीं दूसरी तरफ, रावण के बेटे मेघनाद के किरदार के लिए राघव जुयाल का नाम सामने आया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक यह किरदार फिल्म के दूसरे भाग में दिखाई देगा, जिसकी रिलीज दिवाली 2027 में तय की गई है। फिल्म की स्टारकास्ट की बात करें तो इसमें रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि साई पल्लवी देवी सीता के रूप में नजर आएंगी। वहीं केजीएफ स्टार यश इस फिल्म में रावण के किरदार में दिखाई देंगे।

इसके अलावा सनी देओल हनुमान का रोल निभाएंगे और रवि दुबे लक्ष्मण के रूप में नजर आएंगे। फिल्म में काजल अग्रवाल को मंदोदरी और रकुल प्रीत सिंह को शूर्पणखा की भूमिका दी गई है। साथ ही अरुण गोविल, कुणाल कपूर, आदिनाथ कोठारे, शीबा चड्ढा और इंदिरा कृष्णन भी इस बड़े प्रोजेक्ट का हिस्सा हैं।

फिलहाल फिल्म की कास्टिंग से जुड़ी कई खबरें सामने आ रही हैं, लेकिन दर्शकों को मेकर्स की आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।