मशहूर फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के आवास पर हुई गोलीबारी की घटना में पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। मामले की तह तक जाती जांच में सामने आया है कि यह हमला अचानक नहीं, बल्कि पहले से रची गई साजिश का हिस्सा था। मुंबई पुलिस की एंटी एक्सटॉर्शन सेल और क्राइम ब्रांच की संयुक्त कार्रवाई में अब तक पांच लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि मुख्य साजिशकर्ता अभी भी फरार है।
पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपियों की पहचान स्वप्निल बंडू सकट (23), समर्थ शिवशरण पोमाजी (19), सिद्धार्थ दीपक येनपुरे (19), आदित्य ज्ञानेश्वर गायकी (19) और हथियार सप्लायर आसाराम श्रीरंग फासले उर्फ बाबू (42) के रूप में हुई है। सभी आरोपी पुणे के अलग-अलग इलाकों से जुड़े हुए हैं।
यह वारदात 31 जनवरी की देर रात की है, जब जुहू स्थित शेट्टी टॉवर में अचानक गोलियों की आवाज गूंज उठी। रात करीब 12:45 बजे एक अज्ञात युवक ने बिल्डिंग की ओर कई राउंड फायरिंग कर दी। उस वक्त रोहित शेट्टी अपने घर पर ही मौजूद थे। फायरिंग होते ही उनके सुरक्षा कर्मी और आसपास तैनात पुलिस अलर्ट हो गई।
सीसीटीवी फुटेज में आरोपी को काले रंग की जैकेट और सफेद पैंट पहने हुए देखा गया, जो पिस्टल से लगातार पांच गोलियां चलाने के बाद स्कूटर पर बैठकर मौके से भाग निकला।
पुणे से मुंबई तक फैली साजिश
जांच में सामने आया है कि हमले में इस्तेमाल की गई होंडा डियो स्कूटर पुणे से लाई गई थी, जिसे बाद में विले पार्ले इलाके में छोड़ दिया गया। फॉरेंसिक जांच के दौरान घटनास्थल से पांच खोखे और टूटे हुए कांच के टुकड़े बरामद किए गए।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक पिस्टल, तीन मैगजीन, एक एयरगन और कई मोबाइल फोन जब्त किए हैं। पूछताछ में यह भी सामने आया कि वारदात से पहले आरोपी आपस में Signal ऐप के ज़रिए संपर्क में थे और घटना के बाद डिजिटल सबूत मिटाने के लिए चैट डिलीट कर दी गई।
शुभम लोणकर निकला साजिश का सूत्रधार
पुलिस के मुताबिक इस पूरे हमले के पीछे शुभम रामेश्वर लोणकर का दिमाग काम कर रहा था, जो फिलहाल फरार है। वही शूटर को हथियार, स्कूटर और पैसे मुहैया करा रहा था। पुलिस ने बताया कि स्वप्निल सकट के घर से मिले हथियार शुभम लोणकर के कहने पर आसाराम फासले ने सप्लाई किए थे, जिसके बाद 5 फरवरी को आसाराम को गिरफ्तार किया गया।
फिलहाल पुलिस की कई टीमें शुभम लोणकर और फायरिंग करने वाले मुख्य आरोपी की तलाश में जुटी हुई हैं और मामले की जांच लगातार आगे बढ़ रही है।



