चीन में लूनर न्यू ईयर की तैयारियों के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। पूर्वी चीन के जिआंगसू प्रांत में स्थित डोंगहाई काउंटी के एक गांव में रविवार दोपहर पटाखों की दुकान में जोरदार विस्फोट हो गया। इस घटना में 8 लोगों की जान चली गई, जबकि 2 अन्य लोग झुलसकर घायल हो गए।
स्थानीय प्रशासन के अनुसार, एक व्यक्ति ने पटाखों की दुकान के बेहद पास आतिशबाज़ी जला दी थी। इसी लापरवाही के कारण पहले आग लगी और फिर दुकान में रखे पटाखों में विस्फोट हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सरकारी बयान में साफ किया गया है कि दुकान के आसपास पटाखे जलाना सख्त रूप से प्रतिबंधित है। शुरुआती जांच में यही बात सामने आई है कि नियमों की अनदेखी इस बड़े हादसे की वजह बनी। हालांकि, प्रशासन ने कहा है कि पूरे मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है।
चीन में लूनर न्यू ईयर के दौरान पटाखे जलाने की परंपरा काफी पुरानी है, जिसे बुरी शक्तियों को दूर भगाने से जोड़ा जाता है। लेकिन वायु प्रदूषण और सुरक्षा जोखिमों को देखते हुए बीते कुछ वर्षों में कई शहरों ने इस पर रोक लगाई थी। पिछले साल कुछ इलाकों में इन नियमों में ढील दी गई, जिससे पटाखों की बिक्री में इजाफा हुआ।
इस हादसे के बाद आपातकालीन प्रबंधन मंत्रालय ने देशभर के प्रशासन को अलर्ट जारी किया है। मंत्रालय ने पटाखों के उत्पादन, परिवहन, बिक्री और इस्तेमाल पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही दुकानों और रिहायशी इलाकों के आसपास आतिशबाज़ी जलाने पर सख्ती से रोक लगाने को कहा गया है, ताकि त्योहार सुरक्षित तरीके से मनाया जा सके।



