मध्य-पूर्व में चल रहा अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच संघर्ष लगातार और भी खतरनाक होता जा रहा है। इस सैन्य टकराव को शुरू हुए अब आठ दिन हो चुके हैं और दोनों तरफ से हमले रुकने का नाम नहीं ले रहे। शुक्रवार को भी अमेरिकी और इजराइली सेना ने ईरान के कई अहम सैन्य और रणनीतिक ठिकानों को निशाना बनाकर मिसाइल हमले किए।
जानकारी के मुताबिक, 28 फरवरी को शुरू हुई इस जंग के बाद से अमेरिका और इजराइल ने मिलकर ईरान पर भारी बमबारी की है। अब तक करीब 5000 से ज्यादा बम गिराए जा चुके हैं, जिससे ईरान के कई शहरों और सैन्य ठिकानों को भारी नुकसान पहुंचा है। इस लगातार हो रहे हमलों की वजह से देश में तबाही का माहौल बना हुआ है।
इस युद्ध में सबसे बड़ा झटका ईरान को तब लगा जब उसके सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामनेई की मौत की खबर सामने आई। बताया जा रहा है कि शुरुआती दिनों में हुए हमलों के दौरान उनकी मौत हो गई थी, जिसके बाद से पूरे क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया। वहीं दूसरी तरफ ईरान भी लगातार जवाबी कार्रवाई कर रहा है। ईरानी सेना ने इजराइल के कई ठिकानों के साथ-साथ खाड़ी क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी सैन्य बेस को भी निशाना बनाया है। इन हमलों के कारण क्षेत्र में सुरक्षा हालात बेहद संवेदनशील बने हुए हैं।
अब तक इस युद्ध में 1200 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि बड़ी संख्या में लोग घायल बताए जा रहे हैं। लगातार हो रही बमबारी और मिसाइल हमलों के कारण आम नागरिकों में डर का माहौल है और कई इलाकों में भारी तबाही की खबरें सामने आ रही हैं। मध्य-पूर्व में बढ़ते इस संघर्ष को लेकर दुनिया भर के देशों की चिंता भी बढ़ गई है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर युद्ध रोकने और हालात को काबू में करने की अपीलें लगातार की जा रही हैं, लेकिन फिलहाल जंग थमती नजर नहीं आ रही।



