सनी देओल फिलहाल अपनी हालिया फिल्म ‘बॉर्डर 2’ की कामयाबी का जश्न मना रहे हैं, जो 23 जनवरी 2026 को रिलीज हुई थी। इसी के बाद उनके पास कई नए प्रोजेक्ट्स लाइन में हैं, जिनमें शशांक उदापुरकर की फिल्म ‘गबरू’ भी शामिल है। पिछले साल ही सनी देओल ने इस फिल्म की घोषणा की थी और मोशन पोस्टर भी जारी किया था, जिसने फैंस के उत्साह को बढ़ा दिया था।
रिलीज डेट में बदलाव
पहले यह फिल्म 13 मार्च 2026 को रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब इसकी रिलीज़ को आगे बढ़ा दिया गया है। वैरायटी इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘गबरू’ अब 8 मई 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। फिल्म का निर्देशन शशांक उदापुरकर ने किया है, जबकि विशाल राणा और ओम छंगानी इसके निर्माता हैं।
सनी देओल का नया अंदाज
इस फिल्म में सनी देओल एक मिडल एज फैमिली मैन की भूमिका में दिखाई देंगे। कहानी एक ऐसे शख्स के इर्द-गिर्द घूमती है जिसकी जिंदगी अचानक आने वाली परिस्थितियों से बदल जाती है। इन बदलावों के माध्यम से वह अपने आप को फिर से पहचानता है और जिंदगी को नए नजरिए से जीना सीखता है। यह किरदार उनके पारंपरिक एक्शन अवतार से अलग बताया जा रहा है।
बॉक्स ऑफिस पर मुकाबला
नई रिलीज डेट के अनुसार, ‘गबरू’ का बॉक्स ऑफिस पर मुकाबला अनन्या पांडे और लक्ष्य की फिल्म ‘चांद मेरा दिल’ से होगा, जो उम्मीद है कि उसी दिन यानी 8 मई को रिलीज होगी। एक सूत्र के अनुसार, ‘गबरू’ सनी देओल के लिए सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि एक व्यक्तिगत और दिल से जुड़ी कहानी है, जिसमें हिम्मत, पहचान और जज्बे जैसे भावनात्मक पहलू दिखाए गए हैं। सनी देओल ने हाल ही में एएनआई से कहा कि ‘गबरू’ उनके लिए बेहद खास फिल्म है। इस फिल्म में उनके साथ सिमरन और प्रीत कमानी भी अहम भूमिकाओं में हैं। म्यूजिक मिथुन ने दिया है, जबकि गीत सईद कादरी, सतिंदर सरताज और अनुराग सैकिया ने लिखे हैं। ‘गबरू’ के बाद सनी देओल ‘लाहौर 1947’ में नजर आएंगे, जो स्वतंत्रता दिवस वीकेंड पर रिलीज होगी। इसके अलावा वह नितेश तिवारी की महाकाव्य फिल्म ‘रामायण’ और नेटफ्लिक्स की एक्शन थ्रिलर ‘इक्का’ में भी दिखाई देंगे।




