अगर आप हाई ब्लड शुगर की समस्या से जूझ रहे हैं और फिट रहने के लिए नियमित रूप से एक्सरसाइज करते हैं, तो यह जानकारी आपके लिए महत्वपूर्ण हो सकती है। आम तौर पर यह सलाह दी जाती है कि व्यायाम करने वालों को कम फैट वाला भोजन लेना चाहिए, लेकिन हाल ही में आई एक रिसर्च इस धारणा से अलग संकेत देती है। शोध के मुताबिक, जिन लोगों का ब्लड शुगर ज्यादा रहता है, उनके लिए कम कार्बोहाइड्रेट और ज्यादा फैट वाली डाइट यानी कीटो डाइट अधिक लाभकारी हो सकती है।
नियमित शारीरिक गतिविधि हमारे शरीर के लिए कई तरह से फायदेमंद होती है। इससे वजन नियंत्रण में रहता है, दिल स्वस्थ रहता है और मांसपेशियां मजबूत बनती हैं। इसके अलावा एक्सरसाइज से शरीर की ऑक्सीजन लेने और उसका बेहतर उपयोग करने की क्षमता भी बढ़ती है, जो लंबे समय तक स्वस्थ रहने के लिए जरूरी मानी जाती है।
लेकिन जिन लोगों को लगातार हाई ब्लड शुगर की समस्या रहती है, उन्हें अक्सर व्यायाम से मिलने वाले सभी फायदे नहीं मिल पाते। खास तौर पर उनके शरीर की ऑक्सीजन उपयोग करने की क्षमता में अपेक्षित सुधार नहीं होता। इतना ही नहीं, बढ़ा हुआ ब्लड शुगर दिल और किडनी से जुड़ी बीमारियों का खतरा भी बढ़ा सकता है और शरीर की मेटाबॉलिक प्रक्रिया को प्रभावित करता है।
रिसर्च में सामने आया कीटो डाइट का असर
इस समस्या को समझने के लिए वैज्ञानिकों ने एक अध्ययन किया जिसमें आहार में बदलाव के प्रभाव को जांचा गया। रिपोर्ट के अनुसार यह रिसर्च वर्जीनिया टेक के एक्सरसाइज साइंटिस्ट सारा लेस्सार्ड की टीम ने की थी, जिसके नतीजे ‘नेचर कम्युनिकेशंस’ जर्नल में प्रकाशित हुए।
शोध के दौरान वैज्ञानिकों ने हाई ब्लड शुगर वाले चूहों पर प्रयोग किया और उन्हें कीटो डाइट दी। इस डाइट में फैट की मात्रा ज्यादा और कार्बोहाइड्रेट बहुत कम होता है। परिणाम काफी उत्साहजनक रहे। सिर्फ एक हफ्ते के अंदर चूहों के ब्लड शुगर स्तर में बड़ा सुधार देखा गया और उनका स्तर सामान्य के करीब पहुंच गया।
इतना ही नहीं, इस डाइट के बाद एक्सरसाइज के प्रति उनकी मांसपेशियों की प्रतिक्रिया भी बेहतर हो गई। इससे यह संकेत मिलता है कि सही खानपान के जरिए हाई ब्लड शुगर वाले लोगों में भी व्यायाम के फायदे दोबारा बेहतर तरीके से मिल सकते हैं।




