होली की मस्ती अपने साथ ढेर सारी मिठाइयां, तला-भुना खाना और रंगों की परतें भी छोड़ जाती है। त्योहार खत्म होते ही कई लोगों को आलस, पेट भारी रहना, एसिडिटी या स्किन की समस्याएं घेर लेती हैं। अगर आपके साथ भी ऐसा हो रहा है, तो अब वक्त है शरीर को हल्का करने और अंदर-बाहर से साफ करने का। यहां जानिए कुछ आसान लेकिन असरदार तरीके, जिनसे आप होली के बाद खुद को फिर से एनर्जेटिक महसूस कर सकते हैं।
पानी से करें शरीर की सफाई
शरीर को डिटॉक्स करने की शुरुआत पानी से होती है। होली में रंग, नमक और मसाले शरीर में पानी की कमी कर देते हैं। दिन भर में 2.5 से 3 लीटर पानी जरूर पिएं। पानी में नींबू, पुदीना या खीरे के स्लाइस डालकर पीना और भी फायदेमंद रहेगा। इसके अलावा नारियल पानी पिएं, जो शरीर में मिनरल्स की कमी पूरी करता है।
हल्का और सादा रखें डाइट
त्योहार के बाद 3–4 दिन तक पेट को ब्रेक देना जरूरी है। इस दौरान खिचड़ी, दलिया, उबली सब्जियां और सूप जैसे हल्के विकल्प अपनाएं। ताजे फल और हरी सब्जियां फाइबर देकर पाचन सुधारती हैं। दही और छाछ को खाने में शामिल करें, ताकि आंतों की सेहत बेहतर हो सके।
हर्बल ड्रिंक्स अपनाएं
दूध वाली चाय या ज्यादा कॉफी की जगह हर्बल चाय लें। अदरक, तुलसी या दालचीनी से बनी ड्रिंक पाचन को मजबूत करती है और शरीर की सूजन कम करने में मदद करती है। यह मेटाबॉलिज्म को भी एक्टिव रखती है।
स्किन और बालों की देखभाल भी जरूरी
रंग छुड़ाने के लिए स्किन को जोर से रगड़ना नुकसानदेह हो सकता है। नारियल या ऑलिव ऑयल से हल्के हाथों से मसाज करें। बेसन, दही और हल्दी से बना घरेलू पैक स्किन को साफ कर नमी लौटाता है।
बालों में रूखापन हो तो एलोवेरा जेल या दही लगाएं, इससे बाल सॉफ्ट और मजबूत बनते हैं।
हल्की एक्सरसाइज से निकालें टॉक्सिन
डिटॉक्स का सबसे प्राकृतिक तरीका है पसीना निकालना। भारी वर्कआउट के बजाय 20–30 मिनट की ब्रिस्क वॉक करें। योग और प्राणायाम जैसे कपालभाति व अनुलोम-विलोम शरीर में ऑक्सीजन का स्तर बढ़ाकर थकान कम करते हैं।
इन बातों का रखें खास ध्यान
- मीठा, मैदा और ज्यादा तली चीजों से कुछ दिन दूरी बनाएं
- 7–8 घंटे की गहरी नींद लें
- शराब और पैकेज्ड फूड से बचें
थोड़े से अनुशासन और सही आदतों से आप होली के बाद की सुस्ती को आसानी से अलविदा कह सकते हैं और खुद को फिर से तरोताजा महसूस कर सकते हैं।




